शिक्षा मंत्रालय

केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री ने महिला विश्वविद्यालयों  के कुलपति और दिल्ली स्थित महिला महाविद्यालयों की महिला प्राचार्यों को सम्मानित किया



आने वाली नयी शिक्षा नीति में बालिकाओं के लिए होंगे विशेष प्रावधान – श्री रमेश पोखरियाल 'निशंक'

परिसरों में महिला सशक्तीकरण का लक्ष्य लेकर केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री ने 'सक्षम पोर्टल'का शुभारंभ किया

Posted On: 06 MAR 2020 6:43PM by PIB Delhi

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस,2020 के अवसर पर, केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री श्री रमेश पोखरियाल निशंक ने आज नई दिल्ली में महिला विश्वविद्यालयों के कुलपति और दिल्ली स्थित महाविद्यालयों की महिला प्राचार्यों को सम्मानित किया। इस अवसर पर मंत्रालय और यूजीसी के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

केंद्रीय मंत्री ने यूजीसी द्वारा विकसित सक्षम पोर्टल का भी शुभारंभ किया, जिसका उद्देश्य मौजूदा अवसरों और पहलों, सहायता और निवारण तंत्र के बारे में जागरूकता पैदा करते हुए परिसरों में महिलाओं का सशक्तीकरण करना है। पोर्टल के माध्यम से उच्च शिक्षा संस्थानों की महिला छात्रों और कर्मचारियों को वेब संसाधन (सरकार और संयुक्त राष्ट्र के नीतिगत दस्तावेज)  उपलब्ध कराए जाते हैं।

इस अवसर पर बोलते हुए,श्री पोखरियाल ने कहा कि महिलाओं के अधिकारों और हकदारी को सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता की पुष्टि करने के लिए, हमारा मानना है कि उच्च शैक्षणिक संस्थानों में महिला छात्रों और कर्मचारियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए एक स्वस्थ शैक्षणिक वातावरण पहली शर्त है। उन्होंने कहा कि  क्षमता विस्तार और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए संस्थानों को सहायता के लिए  सरकार ने विभिन्न फैलोशिप, छात्रवृत्ति आदि माध्यमों से कई पहल की हैं।केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि नयी शिक्षा नीति अपने अंतिम चरण में है और इसमें बालिकाओं के लिए विशेष फंडिंग, विशेष छात्रवृत्ति जैसे अनेक प्रावधान हैं।

सक्षम पोर्टल के बारे में जानकारी देते हुए मंत्री ने कहा कि यह सभी महिलाओं के लिए की गई पहलों के बारे में एक साथ जानकारी उपलब्ध कराता है और उच्च शिक्षा संस्थानों में महिलाओं के खिलाफ हिंसा और उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों को दर्ज करने के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर (1800111656) के माध्यम से  एक मंच प्रदान करता है। उन्होंने आगे बताया कि एक ईमेल पता (gssec.ugc[at]nic[dot]in) और शिकायत निवारण के तहत 'अपनी शिकायत अपलोड करें ’ का एक विकल्प भी पोर्टल पर उपलब्ध है।

*****

 

नाभ/अकुजै/आक/ओम


(Release ID: 1605614)
Read this release in: English