गृह मंत्रालय

सीआईएसएफ ने जम्‍मू हवाई अड्डे की सुरक्षा संभाली


सीआईएसएफ की सुरक्षा के अंतर्गत आने वाले हवाई अड्डों की कुल संख्‍या 63 हुई

प्रविष्टि तिथि: 06 MAR 2020 5:37PM by PIB Delhi

      केन्‍द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने जम्‍मू हवाई अड्डे की सुरक्षा  संभाल ली है। इस इकाई का नेतृत्‍व कमांडेंट रेंक का अधिकारी करेगा। इससे पहले सीआईएसएफ को पिछले महीने की 26 तारीख को श्रीनगर हवाई अड्डे की सुरक्षा की जिम्‍मेदारी सौंपी गई थी। 

      इस अवसर पर सीआईएसएफ हवाई अड्डा क्षेत्र के महानिरीक्षक श्री वी.एस. मान मुख्‍य अतिथि थे। समारोह में सीआईएसएफ, भारतीय विमानपत्‍तन प्राधिकरण, सीआरपीएफ के वरिष्‍ठ अधिकारी और एयरलाइन आपरेटर (एयर इंडिया, एयर एशिया, इंडीगो, स्‍पाइस जेट, गो एयर आदि) के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।

      समारोह के दौरान, जम्‍मू के हवाई अड्डा निदेशक डा. पी. आर. ब्‍यूरिया ने जम्‍मू हवाई अड्डे के कमांडेंट/सीएएसओ श्री गुरजीत सिंह को चाबी की एक प्रतिकृति सौंपी जो सीआईएसएफ को सुरक्षा सौंपने का प्रतीक है। अपने संबोधन में श्री मान ने हवाई अड्डे की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी एजेंसियों और साझेदारों के समन्वित प्रयास पर जोर दिया।

      समारोह के बाद, श्री वी. एस. मान जम्‍मू हवाई अड्डे के कमांडेंट/सीएएसओ और हवाई अड्डे के निदेशक ने हवाई अड्डे की टर्मिनल बिल्डिंग और हवाई पट्टी सहित पूरे इलाके का दौरा किया और हवाई अड्डे के सुरक्षा प्रबन्‍धों की समीक्षा की। श्री मान ने सीआईएसएफ के जवानों को भी संबोधित किया।

      इसके साथ ही अब तक सीआईएसएफ सुरक्षा के अंतर्गत आने वाले हवाई अड्डों की कुल संख्‍या 63 हो गई है।

***.

एएम/केपी/एसएस-6154


(रिलीज़ आईडी: 1605603) आगंतुक पटल : 236
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu