युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय

श्री किरेन रिजिजू ने 50वें फिट इंडिया प्लॉगिंग रन के लिए रिपु दमन बेवली को भारत का प्लॉगिंग दूत घोषित किया

Posted On: 05 DEC 2019 3:08PM by PIB Delhi

फिट इंडिया प्लॉगिंग रन की शुरूआत 2 अक्टूबर, 2019 को हुई थी और वह आज दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में समाप्त हो गई। इस दौरान देश के 50 देशों से होकर फिट इंडिया प्लॉगिंग रन गुजरी।

समापन आयोजन के अवसर पर युवा मामलों एवं खेल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री किरेन रिजिजू ने रिपु दमन बेवली का स्वागत किया। उल्लेखनीय है कि श्री बेवली को प्लॉगमैन ऑफ इंडिया का नाम दिया जाएगा। उन्हें श्री रिजिजू ने भारत का प्लॉगिंग दूत घोषित किया। श्री रिजिजू ने देशव्यापी प्लॉगिंग दूत अभियान की शुरूआत भी की, जिसके तहत जो भारतीय दौड़ते हुए अपने शहरों, नगरों और जिलों को स्वच्छ बना रहे हैं, उन्हें अपने क्षेत्रों का प्लॉगिंग दूत नामित किया गया है।

प्लॉग रन एक अनोखी दौड़ है, जिसमें दौड़ते हुए सफाई की जाती है। इसे फिट इंडिया आंदोलन में शामिल किया गया है। इसके तहत स्वच्छता के साथ फिटनेस को भी प्रोत्साहन दिया जाता है। श्री बेवली ने 2017 में प्लॉगिंग शुरू की थी। इसका उद्देश्य भारत को स्वच्छ और निर्मल बनाना है। बेवली और उनके दल ने लगभग दो महीने के दौरान 1,000 किलोमीटर की दौड़ पूरी की और 50 शहरों को स्वच्छ बनाया। इस दौरान उन्होंने 2.7 टन कचरा जमा किया।

फिट इंडिया प्लॉगिंग रन की सफलता का उल्लेख करते हुए श्री किरेन रिजिजू ने कहा, प्लॉग दौड़ एक अनोखी चीज है, जो भारत में शुरू हुई है। मैं इसमें अग्रणी भूमिका निभाने के लिए रिपु दमन को धन्यवाद देता हूं। मैं मानता हूं कि सफाई हर व्यक्ति का दायित्व है और प्लॉगिंग दौड़ के प्रति युवा आकर्षित हो रहे हैं। इसके तहत आप जॉगिंग करते हुए सफाई का काम करते हैं। इसलिए आप अपनी फिटनेस पर भी ध्यान देते हैं और अपने आस-पास के इलाके को स्वच्छ भी बनाते हैं। प्लॉगिंग दौड़ में फिट इंडिया आंदोलन और स्वच्छ भारत अभियान भी शामिल है।

उल्लेखनीय है कि पहला फिट इंडिया प्लॉगिंग रन 2 अक्टूबर, 2019 को शुरू हुआ था, जिसमें देश भर के 62 हजार स्थानों से 36 लाख से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया था। इसका आयोजन भारतीय खेल प्राधिकरण, नेहरू युवा केन्द्र संगठन, राष्ट्रीय सेवा योजना, गैरसरकारी संगठनों, केन्द्रीय विद्यालय और कई अन्य संगठनों ने मिलकर किया था।    

***

आरकेमीणा/आरएनएम/एएम/एकेपी/डीएस-4599

 



(Release ID: 1595090) Visitor Counter : 449


Read this release in: English , Urdu , Bengali