सूचना और प्रसारण मंत्रालय
आईएफएफआई 2019 का समापन समारोह
समापन समारोह में केन्द्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री श्री बाबुल सुप्रियो व अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए
आईएफएफआई अगले वर्ष महान फिल्म निर्माता सत्यजीत रे पर फोकस करेगी : सूचना और प्रसारण मंत्रालय सचिव श्री अमित खरे
50वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) का समापन समारोह आज (28 नवम्बर, 2019) को श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम, तालेगांव, गोवा में आयोजित हुआ। समारोह में गोवा के राज्यपाल श्री सत्यपाल मलिक, मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत, केन्द्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री श्री बाबुल सुप्रियो तथा सिने जगत की प्रमुख हस्तियां शामिल हुई।
दिग्गज संगीतकार श्री इलैयाराजा, अभिनेता श्री प्रेम चोपड़ा और तकाशी मिक्के, श्री विजय देवेराकोंडा, श्री आनंद एल. राय सहित देश-विदेश की जानी मानी हस्तियां समारोह में शामिल हुई। इस अवसर पर गोवा के उपमुख्यमंत्री श्री मनोहर अजगांवकर व श्री चंद्रकांत कावलेकर, संसद सदस्य श्रीमती रूपा गांगुली और श्री रवि किशन, गोवा के मुख्य सचिव श्री परिमल राय, गोवा मनोरंजन सोसाइटी के उपाध्यक्ष श्री सुभाष फाल देसाई, गोवा गोवा मनोरंजन सोसाइटी के सीईओ श्री अमित सतीजा, आईएफएफआई संचालन समिति के सदस्य शाजी एन. करुण, श्री राहुल रवैल और अंतर्राष्ट्रीय जूरी सदस्य जॉन बेली, रॉबिन कैंपिलो, श्री रमेश सिप्पी भी उपस्थित थे।
समारोह का उद्घाटन करते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव श्री अमित खरे ने कहा कि आईएफएफआई 2020 और 2021 महान फिल्म निर्माता सत्यजीत रे को श्रद्धांजलि देगा। सत्यजीत रे के शत वर्ष समारोह अगले वर्ष से आयोजित होगा। महोत्सव पूरी तरह सफल रहा है। पूरी दुनिया के सिने प्रेमियों के साथ-साथ विख्यात फिल्म निर्माता, कलाकार और फिल्म समालोचक महोत्सव में शामिल हुए। हमारा प्रयास है कि 51वां आईएफएफआई और बढि़या स्तर पर आयोजित किया जाए। 50वें आईएफएफआई में 76 देशों की 190 फिल्में दिखाई गई। इनमें 90 भारतीय प्रीमियर, 6 वर्ल्ड प्रीमियर और 11 एशियन प्रीमियर शामिल थीं। इस वर्ष ऑस्कर नामांकन प्राप्त 24 फिल्मों को दिखाया गया। 12,000 से अधिक प्रतिनिधि महोत्सव में शामिल हुए। इस अवसर पर श्री इलैयाराजा, श्री प्रेम चोपड़ा, श्रीमती मंजू वोरा, श्री अरविन्द स्वामी और श्री हाउबम पबन कुमार को सम्मानित किया गया।
समापन समारोह का संचालन अभिनेत्री सोनाली कुलकर्णी और कुणाल कपूर ने किया। 50वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के लिए फोकस देश के रूप में रूस को चुना गया था। भारतीय पैनोरमा वर्ग में 26 फीचर फिल्मों और 15 गैर-फीचर फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। महोत्सव में गोल्डन पिकॉक रेट्रोस्पेक्टिव, डेब्यू फिल्म प्रतिस्पर्धा, सोल ऑफ एशिया रेट्रोस्पेक्टिव, मास्टर फिल्ममेकर कलेक्शन, दिव्यांगजनों के लिए फिल्में, विश्व पैनोरमा 2019, भारत की क्लासिक फिल्में, आईसीएफटी-यूनेस्को गांधी पदक प्रतियोगिता, भारतीय नई धारा की फिल्में, कोंकणी फिल्म पैकेज और दादासाहेब फाल्के पुरस्कार शामिल थे। महोत्सव में महिला निर्देशकों की 50 फिल्में दिखाई गई।
50वें आईएफएफआई में पिछले 10 वर्षों के दौरान बनी 17 एमआईएफएफ पुरस्कार प्राप्त फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। इन फिल्मों का चयन फिल्म प्रभाग द्वारा किया गया था। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न फिल्म महोत्सवों जैसे केन्स फिल्म फेस्टिवल, वेनिस फिल्म फेस्टिवल, बर्लिन फिल्म फेस्टिवल, मुम्बई फिल्म फेस्टिवल, संडेन्स फिल्म फेस्टिवल, बुसान फिल्म फेस्टिवल आदि की चर्चित फिल्मों का प्रदर्शन भी महोत्सव के दौरान किया गया। भारतीय सिनेमा के 13 गणमान्य व्यक्तियों को होमेज सैक्शन के तहत श्रद्धांजलि दी गई। महोत्सव में दो बार पाल्म डी’ओर पुरस्कार विजेता केन लोएच पर एक रेट्रोस्पेक्टिव वर्ग भी शामिल था।
*****
आरकेमीणा/आरएनएम/एएम/जेके/जीआरएस-4526
(रिलीज़ आईडी: 1594518)
आगंतुक पटल : 128