गृह मंत्रालय

मंत्रिमंडल सचिव ने लक्षद्वीप क्षेत्र में एमएएचए तूफान की तैयारी की समीक्षा के लिए एनसीएमसी बैठक की अध्यक्षता की

प्रविष्टि तिथि: 30 OCT 2019 9:01PM by PIB Delhi

मंत्रिमंडल सचिव श्री राजीव गाबा की अध्यक्षता में कोमोरिन और उससे लगे लक्षद्वीप द्वीपों पर तूफान की तैयारी की समीक्षा के लिए राष्ट्रीय संकट प्रबंधन समिति (एनसीएमसी) की बैठक आज हुई।

मंत्रिमंडल सचिव ने राहत और बचाव कार्यों के लिए वर्तमान स्थिति और तैयारियों का जायजा लिया और निर्देश दिया कि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता प्रदान की जाए।

आईएमडी ने जानकारी दी कि कोमोरिन समुद्र में बना दबाव तूफान में बदल रहा है। इसके 31 अक्तूबर, 2019 को प्रचंड तूफान के रूप में लक्षद्वीप द्वीपों को पार करने की उम्मीद है और इसके बाद यह पूर्वी केन्द्रीय अरब सागर में उभरेगा। उम्मीद है कि इसके कारण भारी वर्षा के साथ 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है और समुद्र में एक मीटर ऊंची लहरें उठ सकती हैं।

लक्षद्वीप प्रशासन ने जानकारी दी है कि उसने सभी आवश्यक तैयारियां कर ली हैं और मछुआरों को तट पर बुला लिया गया है। निचले इलाके में रहने वाले लोगों को हटाकर विभिन्न शिविरों में पहुंचाया गया है और भोजन और पानी दिया जा रहा है। तटरक्षक दल और भारतीय नौसेना के दल को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखा गया है।

बैठक में गृह, रक्षा के साथ-साथ आईएमडी और एनडीआरएफ के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। संघ शासित प्रदेश के प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बैठक में हिस्सा लिया।

 

                      ***

आर.के.मीणा/आरएनएम/एएम/केपी/डीए – 3894

 


(रिलीज़ आईडी: 1589744) आगंतुक पटल : 172
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English