रक्षा मंत्रालय
रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने फ्रांस के रक्षा उद्योग से भारत को उत्पादन केंद्र बनाने और निर्यात संभावना का लाभ उठाने के लिए कहा
प्रविष्टि तिथि:
09 OCT 2019 10:02PM by PIB Delhi
रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारत और फ्रांस अपनी रक्षा औद्योगिक भागीदारी को और सशक्त करेंगे। पेरिस में आज फ्रांस रक्षा उद्योगों के सीईओ को संबोधित करते हुए श्री राजनाथ सिंह ने फ्रांस की कंपनियों से भारत के शिपयार्ड और रक्षा उद्योगों में प्रौद्योगिकी सहयोग कर अत्याधुनिक करने का आह्वान किया। उन्होंने फ्रांस की कंपनियों से रक्षा उपकरणों के उत्पादन के लिए भारत को केंद्र बनाने के साथ-साथ दूसरे देशों को निर्यात करने के लिए भी कहा।
अपने संबोधन में श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हमने व्यापार में सुगमता के सुधार के लिए महत्वपूर्ण आर्थिक सुधार किए हैं और अपनी अर्थव्यवस्था को निवेश के लिए खोला है। हमारी सरकार ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में रक्षा निर्माण क्षेत्र में मेक इन इंडिया कार्यक्रम के तहत बड़े पैमाने पर विदेशी कंपनियों को आमंत्रित किया है।
श्री राजनाथ सिंह ने जीएसटी के महत्व पर ध्यान केंद्रित करते हुए इसे आजादी के बाद सबसे बड़ा कर सुधार बताया। उन्होंने कहा कि हमने हाल ही में कॉर्पोरेट कर में भारी कमी की है और रक्षा क्षेत्र में मेक इन इंडिया कार्यक्रम के तहत यदि करों को और युक्तिसंगत बनाने की आवश्यकता होगी तो इस पर भी विचार किया जायेगा। रक्षा मंत्री ने भारत में आयोजित रक्षा प्रदर्शनियों में जोश के साथ नियमित रूप से भाग लेने के लिए फ्रांस की कंपनियों की सराहना की। उन्होंने 05 फरवरी, 2020 से 08 फरवरी, 2020 तक लखनऊ में आयोजित होने वाली रक्षा प्रदर्शनी में भाग लेने के लिए फ्रांस की कंपनियों को विशेष निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि लखनऊ सांस्कृतिक रूप से एक धनी शहर रहा है और फ्रांस के लोग संस्कृति के बड़े प्रशंसक रहे हैं। लखनऊ उत्तर प्रदेश की राजधानी है जोकि नये अवसरों की भूमि भी है।
रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने सिविल और सैन्य क्षेत्रों के लिए एयरो ईंजन के प्रति भारत की आवश्यकता पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने फ्रांस की कंपनियों से भारत में एयरो ईंजन परिसर विकसित करने की संभावना तलाशने का अनुरोध किया और कहा कि फ्रांस की कंपनियां भारत में कम वेतन और तकनीकी कार्यकुशल लोगों की उपलब्धता का लाभ उठा सकते हैं। कार्यक्रम में फ्रांस में भारत के राजदूत श्री विनय क्वात्रा ने स्वागत भाषण दिया। इस अवसर पर रक्षा मंत्रालय में अपर सचिव श्री बरूण मित्रा ने रक्षा प्रदर्शनी 2020 पर एक प्रस्तुतीकरण भी दिया। रक्षा सचिव डॉ. अजय कुमार ने भी सीईओ को संबोधित किया।
*****
आरकेमीणा/आरएनएम/एएम/एजे/सीसी- 3506
(रिलीज़ आईडी: 1587661)
आगंतुक पटल : 236