सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय
बड़े शहरों में जाम कम करने के लिए केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी को हाइब्रिड सिम्यूलेशन पर रिपोर्ट प्रस्तुत की गई
प्रविष्टि तिथि:
07 MAR 2019 1:02PM by PIB Delhi
केंद्रीय सड़क परिवहन, राजमार्ग और जहाजरानी तथा जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण मंत्री श्री नितिन गडकरी ने बड़े शहरों में यातायात कंजेशन यानी जाम को कम करने के लिए ट्रैफिक मैपिंग और मॉडलिंग के लिए हाइब्रिड सिम्यूलेशन पर रिपोर्ट प्राप्त की है। इस अध्ययन का उद्देश्य दिल्ली में यातायात जाम को दूर करने की अल्पकालीन और दीर्घकालिक रणनीतियों / उपायों को तैयार करने व परीक्षण करने के लिए हाइब्रिड मॉडल को तैयार करना और प्रयोग में लाना था। इस मॉडल का दायरा पूरे दिल्ली एनसीआर क्षेत्र तक फैलाया जा सकता है और इसी प्रकार के दूसरे मॉडल भारत के अन्य प्रमुख महानगरीय शहरों में भी निर्मित किए जा सकते हैं। यह मॉडल विभिन्न आगामी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं जैसे सड़क, फ्लाईओवर, अंडरपास और अन्य तेज पारगमन परियोजनाओं के प्रभाव आकलनों को समझने में भी उपयोगी है।
यह रिपोर्ट मेड्यूला सॉफ्ट टेक्नोलॉजीज़ प्राइवेट लिमिटेड - ट्रांसपोर्ट सिम्यूलेशन सिस्टम्स, स्पेन के बीच संयुक्त उपक्रम द्वारा तैयार की गई है। अत्यंत उच्च यातायात घनत्व और 900 से अधिक चौराहों के साथ दुनिया के सबसे गतिशील यातायात मॉडल में से एक को निर्मित करने के लक्ष्य वाले इस अध्ययन को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की सहायिका भारतीय राजमार्ग अभियन्ता अकादमी के माध्यम से प्रदान किया गया था। इस परियोजना को पूरा करने में ऑस्ट्रेलिया की यूनिवर्सिटी ऑफ न्यू साउथ वेल्स, सिडनी ने अपने यातायात और नवाचार केंद्र (रिसर्च सेंटर फॉर इंटीग्रेटेड ट्रांसपोर्ट इनोवेशन) के माध्यम से एक सलाहकार की भूमिका निभाई।
यह मॉडल विभिन्न यातायात व्यवहार्यता अध्ययनों, व्यक्तिगत परियोजनाओं के लिए मांग आकलनों आदि की जगह लेने में मदद कर सकता है। इस मॉडल को प्रासंगिक यातायात आंकड़ों के साथ हर दो साल में अपडेट किया जा सकता है ताकि आने वाले वर्षों में इसे ज्यादा उपयोगी बनाया जा सके।
***
आर.के. मीणा/एएम/जीएसबी
(रिलीज़ आईडी: 1569347)
आगंतुक पटल : 70