गृह मंत्रालय
केन्द्रीय गृहमंत्री की अध्यक्षता वाली उच्चस्तरीय समिति द्वारा असम, हिमाचल प्रदेश, सिक्किम और राजस्थान तथा संघशासित प्रदेश लक्षद्वीप के लिए 1,161.17 करोड़ रुपये की केंद्रीय मदद को मंजूरी
Posted On:
14 MAY 2018 4:55PM by PIB Delhi
केन्द्रीय गृहमंत्री श्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में आज यहां हुई उच्चस्तरीय समिति की बैठक में असम (2017-18 के दौरान बाढ़ से प्रभावित) हिमाचल प्रदेश (2017-18 के दौरान बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित), सिक्किम (2017-18 के दौरान बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित) और राजस्थान (2017 के दौरान खरीफ मौसम में सूखे से प्रभावित) तथा संघशासित प्रदेश लक्षद्वीप (2017 के दौरान चक्रवाती तूफान ओखी से प्रभावित) के लिए 1,161.17 करोड़ रुपये की केंद्रीय मदद को मंजूरी दी गई।
केन्द्रीय मदद के तहत उच्चस्तरीय समिति ने असम के लिए 480.87 करोड़ रुपये की सहायता मंजूर की है। इसके अतिरिक्त समिति द्वारा राष्ट्रीय आपदा मोचन कोष से हिमाचल प्रदेश के लिए 84.60 करोड़ रुपये, सिक्किम के लिए 67.40 करोड़ रुपये तथा संघशासित प्रदेश लक्षद्वीप के लिए 2.16 करोड़ रुपये तथा राजस्थान के लिए 526.14 करोड़ रुपये जारी करने को मंजूरी दी गई । कुल मिलाकर यह केंद्रीय मदद 1,161.17 करोड़ रुपये की है।
केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री राधा मोहन सिंह, केन्द्रीय गृह सचिव श्री राजीव गाबा, परिव्यय विभाग के केंद्रीय सचिव श्री अजय नारायण झा तथा गृहमंत्रालय, वित्त मंत्रालय, कृषि मंत्रालय और नीति आयोग के कई वरिष्ठ अधिकारी इस बैठक में मौजूद थे।
****
वीके/एएम/एमएस/डीए - 8517
(Release ID: 1532058)