संचार मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

ट्राई ने दूसरे चरण के अंतर्गत अतिरिक्त क्षेत्रों में सेवा और लेनदेन संबंधी वॉयस कॉल के लिए 1601 श्रृंखला के उपयोग का विस्तार किया

प्रविष्टि तिथि: 27 NOV 2026 4:51PM by PIB Delhi

भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने आज एक निर्देश जारी कर 1601- श्रृंखला के उपयोग का दायरा बढ़ा दिया है। दूरसंचार विभाग द्वारा बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं और बीमा (बीएफएसआई) क्षेत्र तथा सरकारी क्षेत्र के अलावा अन्य पात्र क्षेत्रों की संस्थाओं को आवंटित इस श्रृंखला का उपयोग विशेष रूप से ग्राहकों को सेवा संबंधी और लेन-देन संबंधी वॉयस कॉल करने के लिए किया जाएगा।

1601- श्रृंखला के कार्यान्वयन के दूसरे चरण में निम्नलिखित क्षेत्रों की संस्थाएं निर्धारित पात्रता मानदंडों के अंतर्गत इस सीरीज के नंबर आवंटित कराने के लिए पात्र होंगी:

क) खुदरा कारोबार, ई-कॉमर्स, अस्पताल, डायग्नोस्टिक प्रयोगशालाएं, दूरसंचार सेवा प्रदाता, इंटरनेट सेवा प्रदाता (आईएसपी), ऑटोमोबाइल बिक्री, ऑटोमोबाइल मरम्मत एवं सर्विसिंग, ट्रैवल एजेंसियां, वाणिज्यिक विमानन कंपनियां, फूड एग्रीगेटर्स, राइड-हेलिंग एग्रीगेटर्स और ऋण सेवा प्रदाता (एलएसपी)।

इन क्षेत्रों में केवल वे संस्थाएं पात्र होंगी, जिनका पिछले तीन वित्तीय वर्षों में से कम से कम एक वर्ष का वार्षिक कारोबार 500 करोड़ रुपये या उससे अधिक रहा हो।

ख) वितरण प्लेटफॉर्म ऑपरेटर (डीपीओ), डायरेक्ट-टू-होम (डीटीएच), हेडएंड-इन-द-स्काई (एचआईटीएस), इंटरनेट प्रोटोकॉल टेलीविजन (आईपीटीवी) सेवा प्रदाता और मल्टी-सिस्टम ऑपरेटर (एमएसओ) संस्थाओं के पिछले 12 महीनों के दौरान किसी भी एक महीने में कम से कम 10 लाख ग्राहक होने चाहिए।

ग) 1601- श्रृंखला के नंबर केवल लागू कानूनों के तहत भारत में पंजीकृत कंपनियों को ही आवंटित किए जाएंगे।

ट्राई ने इससे पहले, कार्यान्वयन के पहले चरण के तहत 10 अगस्त, 2026 को जारी अपने निर्देश के माध्यम से उपयोगिता सेवाओं, लॉजिस्टिक्स और कूरियर सेवा क्षेत्रों को 1601- श्रृंखला के नंबर आवंटित करने की अनुमति दी थी।

उपभोक्ताओं के लिए विश्वसनीय नंबरिंग सीरीज

1601- श्रृंखला को बीएफएसआई और सरकारी क्षेत्रों के अलावा अन्य क्षेत्रों की संस्थाओं द्वारा केवल सेवा संबंधी और लेन-देन संबंधी वॉयस कॉल करने के लिए निर्धारित किया गया है। प्रचार संबंधी वॉयस कॉल करने के लिए इस सीरीज के उपयोग पर सख्त प्रतिबंध है। यह एक विश्वसनीय संचार माध्यम है, जिसके तहत नंबर केवल सत्यापित संस्थाओं को ही आवंटित किए जाते हैं। इससे उपभोक्ताओं को वास्तविक सेवा और लेन-देन संबंधी कॉल की आसानी से पहचान करने में मदद मिलती है।

यह व्यवस्था उन जालसाजों द्वारा की जाने वाली प्रतिरूपण संबंधी धोखाधड़ी पर अंकुश लगाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, जो सामान्य 10 अंकों वाले मोबाइल नंबरों का उपयोग कर स्वयं को प्रतिष्ठित कंपनियों का प्रतिनिधि बताकर लोगों को गुमराह करते हैं।

समयबद्ध पंजीकरण और रिपोर्टिंग

एक्सेस प्रोवाइडर्स को निर्देश दिया गया है कि वे इस निर्देश को जारी किए जाने की तारीख से 180 दिनों के भीतर सभी पात्र संस्थाओं का पंजीकरण और उन्हें नई श्रृंखला में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया पूरी करें। उन्हें पात्र संस्थाओं के बीच इस श्रृंखला की उपलब्धता का व्यापक प्रचार-प्रसार भी करना होगा।

एक्सेस प्रोवाइडर्स को प्रत्येक 15 दिन में ट्राई को प्रगति रिपोर्ट और 180 दिनों की कार्यान्वयन अवधि समाप्त होने के 15 दिनों के भीतर अंतिम अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।

ट्राई कार्यान्वयन की समीक्षा के आधार पर समय-समय पर अन्य क्षेत्रों या पात्र संस्थाओं को भी इस व्यवस्था में शामिल करने की अधिसूचना जारी कर सकता है।

***

पीके/केसी/आरटी/जेके/एसके
 


(रिलीज़ आईडी: 2342657) आगंतुक पटल : 44
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu