विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय
सीएसआईआर – आईआईएम, जम्मू को डीआईडीएसी इंडिया अवॉर्ड्स 2026 में “कौशल एवं उच्च शिक्षा में अग्रणी संस्थान” का पुरस्कार
प्रविष्टि तिथि:
26 NOV 2026 5:03PM by PIB Delhi
सीएसआईआर -भारतीय समेकित चिकित्सा संस्थान (सीएसआईआर – आईआईएम), जम्मू ने डीआईडीएसी इंडिया अवॉर्ड्स 2026 में “उच्च शिक्षा एवं कौशल में वर्ष का अग्रणी संस्थान” श्रेणी में प्रतिष्ठित पुरस्कार हासिल किया है। संस्थान को उच्च शिक्षा एवं कौशल के क्षेत्र में “टॉर्चबेयरर” के रूप में भी मान्यता प्रदान की गई है। यह सम्मान कौशल विकास, उद्योग-केंद्रित शिक्षा और अनुभवात्मक अधिगम के क्षेत्र में सीएसआईआर – आईआईएम के बढ़ते योगदान को मान्यता देता है। कई चरणों के मूल्यांकन के बाद विशेषज्ञ जूरी ने विभिन्न चयनित किए गए संस्थानों में से सीएसआईआर – आईआईएम को इस पुरस्कार के लिए चुना।
डीआईडीएसी इंडिया 2026 का आयोजन 25 से 27 नवंबर तक बेंगलुरु में किया जा रहा है। इसमें 19 देशों के मंत्री एवं गणमान्य व्यक्ति, 500 से अधिक उद्योग भागीदारों के प्रतिनिधि तथा लगभग 1,000 शैक्षणिक और अन्य संस्थान भाग ले रहे हैं।
यह उपलब्धि वैज्ञानिक विशेषज्ञता को व्यावहारिक कौशल, रोजगार के अवसरों और क्षेत्रीय विकास में बदलने के प्रति सीएसआईआर – आईआईएम की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है। सीएसआईआर एकीकृत कौशल विकास पहल के अंतर्गत संस्थान ने वास्तविक औद्योगिक आवश्यकताओं पर आधारित रोजगार-केंद्रित प्रशिक्षण कार्यक्रम विकसित किए हैं। इनमें व्यावहारिक प्रशिक्षण, अत्याधुनिक उपकरणों के संचालन, उद्योग से परिचय और रोजगार-योग्यता पर विशेष जोर दिया जाता है।
इस पहल के माध्यम से उद्योगों और अन्य हितधारकों को साथ जोड़कर सीएसआईआर – आईआईएम ने वैज्ञानिक शिक्षा और कार्यस्थल की आवश्यकताओं के बीच संबंध को मजबूत किया है। इससे युवाओं को बाजार की जरूरतों के अनुरूप कौशल हासिल करने के अवसर मिल रहे हैं।
इस परिवर्तन में डॉ. नासिर-उल-रशीद, प्रधान वैज्ञानिक एवं कौशल विकास के नोडल वैज्ञानिक, सीएसआईआर – आईआईएम, का विशेष योगदान रहा है। उनके प्रयासों से उद्योग से जुड़े रोजगार-केंद्रित प्रशिक्षण, संस्थागत सहयोग और व्यावहारिक अधिगम के अवसरों का विस्तार हुआ है।
सीएसआईआर स्तर पर डॉ. विनय कुमार, सीएसआईआर एकीकृत कौशल विकास पहल के नोडल वैज्ञानिक, ने सीएसआईआर की विभिन्न प्रयोगशालाओं में एकीकृत कौशल विकास कार्यक्रम के समन्वय और संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
डॉ. ज़बीर अहमद, निदेशक, सीएसआईआर – आईआईएम, ने संस्थान के इस परिवर्तन को दिशा देने में महत्वपूर्ण नेतृत्व प्रदान किया है। उन्होंने वैज्ञानिक अनुसंधान को प्रयोगशाला की सीमाओं से आगे ले जाकर सामाजिक आवश्यकताओं से जोड़ने तथा उद्योग साझेदारी, व्यावहारिक प्रशिक्षण, नवाचार, उद्यमिता और क्षमता निर्माण को बढ़ावा देने पर जोर दिया है।
डॉ. एन. कलैसेल्वी, महानिदेशक, सीएसआईआर – एवं सचिव, विज्ञान एवं औद्योगिक अनुसंधान विभाग (डीएसआईआर) ने इस उपलब्धि पर डॉ. ज़बीर अहमद और सीएसआईआर – आईआईएम की पूरी टीम को बधाई दी तथा कौशल विकास और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में संस्थान के योगदान की सराहना की।
यह सम्मान सीएसआईआर – आईआईएम के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और कुशल कार्यबल तैयार करने, युवा नवप्रवर्तकों को प्रोत्साहित करने, उद्योग साझेदारी को मजबूत करने तथा जम्मू-कश्मीर और देश के विकास में योगदान देने के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।

*****
पीके/केसी/आरटी/एनकेएस
(रिलीज़ आईडी: 2342222)
आगंतुक पटल : 21