सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत क्विज’ 74,636 नागरिकों की भागीदारी के साथ संपन्न
प्रतिभागियों ने 20 में से औसतन 13.82 अंक प्राप्त किए; शत प्रतिशत अंक भी दर्ज किए गए
क्विज पूरा करने में औसतन 4 मिनट का समय लगा
नशा मुक्त भारत अभियान के तहत अब तक 35.97 करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंच बनाई गई, इनमें 14.40 करोड़ युवा और 11.38 करोड़ महिलाएं शामिल हैं
शैक्षणिक संस्थानों में 34.40 लाख से अधिक गतिविधियां आयोजित की गईं; सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहयोग से संचालित 755 से अधिक नशामुक्ति केंद्रों के माध्यम से 39.91 लाख लोगों का उपचार एवं पुनर्वास किया गया
50.45 लाख से अधिक लोगों ने नशामुक्ति की शपथ ली; 2 लाख से अधिक ‘नशा मुक्ति मित्र’ पंजीकृत किए गए
प्रविष्टि तिथि:
26 NOV 2026 4:00PM by PIB Delhi
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान (एनएमबीए) के अंतर्गत आयोजित ऑनलाइन ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत क्विज’ 25 नवंबर, 2026 को देशभर के नागरिकों की उत्साहजनक भागीदारी के साथ संपन्न हुआ।
इस क्विज में कुल 74,636 नागरिकों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने 20 प्रश्नों में से औसतन 13.82 अंक प्राप्त किए, जबकि सर्वाधिक अंक 20 दर्ज किए गए। प्रतिभागियों ने क्विज पूरा करने में औसतन लगभग 4 मिनट का समय लिया। यह नशीले पदार्थों के सेवन की रोकथाम के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू की गई इस पहल में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है।
मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस क्विज की शुरुआत 26 अक्टूबर, 2026 को ‘माई भारत’ पोर्टल के माध्यम से की गई थी। इसमें 20 बहुविकल्पीय प्रश्न (एमसीक्यू) शामिल थे। प्रश्नों को नशीले पदार्थों के सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और विशेष रूप से युवाओं को सोच-समझकर सही विकल्प चुनने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से तैयार किया गया था।
वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रश्नोत्तरी सफलतापूर्वक पूरी करके जमा करने वाले प्रतिभागियों के लिए सहभागिता प्रमाण-पत्र जारी किए गए। इसके साथ ही, मादक पदार्थों के सेवन की रोकथाम के सम्बंध में उनकी समझ को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से सही उत्तर भी उपलब्ध कराए गए।
उन्होंने बताया कि 15 अगस्त, 2020 को शुरू किए गए नशा मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य निवारक शिक्षा, जागरूकता सृजन, उपचार, पुनर्वास और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से मादक पदार्थों की मांग में कमी लाने के प्रयासों को मजबूत करना है।
उन्होंने यह भी बताया कि शुरुआत में देश के 272 संवेदनशील जिलों में शुरू किए गए इस अभियान का विस्तार अब देश के सभी जिलों तक हो चुका है। इस प्रकार, यह अभियान मादक पदार्थों के सेवन के विरुद्ध देशव्यापी जन आंदोलन के रूप में उभर कर समाने आया है।
अधिकारी ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से अब तक 35.97 करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंच बनाई गई है। इनमें 14.40 करोड़ युवा और 11.38 करोड़ महिलाएं शामिल हैं। ये आंकड़े अभियान की व्यापक पहुंच और इसमें बढ़ती जनभागीदारी को दर्शाते हैं।
एनएमबीए ई-प्रतिज्ञा क्यूआर कोड
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता बढ़ाने और विद्यार्थियों एवं युवाओं को सोच-समझकर सही निर्णय लेने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 34.40 लाख से अधिक गतिविधियां आयोजित की जा चुकी हैं।
अधिकारी ने बताया कि इसके अतिरिक्त, देशभर में संचालित सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग (डीओएसजेई) द्वारा समर्थित 755 से अधिक नशामुक्ति केंद्रों के नेटवर्क के माध्यम से 39.91 लाख से अधिक लोगों का उपचार और पुनर्वास किया जा चुका है।
अभियान में सामुदायिक भागीदारी को इसका एक प्रमुख आधार बताते हुए अधिकारी ने कहा कि नागरिकों द्वारा 50.45 लाख से अधिक नशामुक्ति शपथ ली जा चुकी हैं। वहीं, जमीनी स्तर पर जागरूकता बढ़ाने, सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने और निवारक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए 2 लाख से अधिक ‘नशा मुक्ति मित्र’ पंजीकृत किए जा चुके हैं।
एनएमबीए मोबाइल ऐप
उल्लेखनीय है कि ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत क्विज’ का उद्देश्य मादक पदार्थों के सेवन के हानिकारक दुष्परिणामों के प्रति लोगों की समझ को और गहरा करना, सोच-समझकर सही निर्णय लेने के लिए प्रोत्साहित करना तथा युवाओं को जागरूकता और नशे की रोकथाम के संदेश के प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है। यह पहल विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए स्वस्थ, सशक्त और नशामुक्त समाज की परिकल्पना को मजबूत करती है।
इस तरह की प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न पहलों के माध्यम से मंत्रालय का उद्देश्य सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करना, जिम्मेदार विकल्प चुनने के लिए प्रोत्साहित करना तथा विशेष रूप से युवाओं सहित नागरिकों को मादक पदार्थों के सेवन के विरुद्ध देशव्यापी अभियान में सार्थक योगदान देने के लिए प्रेरित करना है।
***
पीके/केसी/आरटी/वीके/एसके
(रिलीज़ आईडी: 2342130)
आगंतुक पटल : 44