कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय
प्रधानमंत्री पुरस्कार (पीएमए) के अंतर्गत सम्मानित पहलों की निरंतरता और पुनरावृत्ति विषय पर राष्ट्रीय सुशासन वेबिनार श्रृंखला का 42वां वेबिनार 26 नवंबर, 2026 को आयोजित
कोरापुट जिले की पहल, उसकी निरंतरता तथा अन्य क्षेत्रों में उसे दोहराने और विस्तार देने के संबंध में जिला अधिकारियों ने राष्ट्रीय स्तर के प्रतिभागियों के समक्ष प्रस्तुतियां दीं
प्रविष्टि तिथि:
26 NOV 2026 4:08PM by PIB Delhi
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने अप्रैल 2022 में प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) को निर्देश दिया था कि जिला कलेक्टरों और अन्य अधिकारियों के साथ वर्चुअल सम्मेलन/वेबिनार आयोजित किए जाएं। इनमें लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार (पीएमए) के पूर्व विजेताओं को अपने अनुभव साझा करने के लिए आमंत्रित किया जाए, ताकि उनकी पहलों का व्यापक प्रचार-प्रसार हो और उन्हें अन्य क्षेत्रों में भी अपनाया जा सके।
तब से अब तक 41 वेबिनार आयोजित किए जा चुके हैं। प्रत्येक वेबिनार में विभिन्न विभागों, राज्य सरकारों, जिला कलेक्टरों, राज्य प्रशासनिक प्रशिक्षण संस्थानों और केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थानों के लगभग 1,000 अधिकारी भाग लेते हैं।
42वां राष्ट्रीय सुशासन वेबिनार 26 नवंबर, 2026 को आयोजित किया गया। इसमें लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए वर्ष 2024 का प्रधानमंत्री पुरस्कार प्राप्त करने वाले कोरापुट जिले की पहल को 'प्रधानमंत्री पुरस्कार के अंतर्गत सम्मानित पहलों की निरंतरता और पुनरावृत्ति' विषय के तहत प्रस्तुत किया गया। इस दौरान निम्नलिखित प्रस्तुतियां दी गईं:
- पुरस्कार प्राप्त पहल का प्रस्तुतीकरण: श्री कीर्ति वासन वी., कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट, गंजाम ने किया।
- पहल की निरंतरता से जुड़े पहलुओं का प्रस्तुतीकरण: श्री मनोज सत्यवान महाजन, कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट, कोरापुट ने किया।
- पहल के प्रमुख पहलुओं के कार्यान्वयन और इसके आगे विस्तार का प्रस्तुतीकरण: ओडिशा के गंजाम के मुख्य विकास अधिकारी-सह-कार्यकारी अधिकारी श्री समीर कुमार जेना ने किया।
वेबिनार की अध्यक्षता डीएआरपीजी के अपर सचिव श्री पुनीत यादव ने की। विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी इसमें भाग लिया। देशभर में 325 से अधिक स्थानों से राज्य/केंद्रशासित प्रदेशों के प्रशासनिक सुधार विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों, जिला कलेक्टरों, राज्य एवं जिला स्तर के प्रक्षेत्र अधिकारियों तथा केंद्रीय और राज्य प्रशासनिक प्रशिक्षण संस्थानों के अधिकारियों ने वेबिनार में सहभागिता की।

***
पीके/केसी/आरटी/एसकेजे/एचबी
(रिलीज़ आईडी: 2342055)
आगंतुक पटल : 43