इलेक्ट्रानिक्स एवं आईटी मंत्रालय
डिजिटल इंडिया भाषिणी प्रभाग और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के बीच सरकारी योजनाओं तथा सेवाओं तक बहुभाषी पहुंच को सुदृढ़ करने के लिए समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान
भाषिणी की भाषा प्रौद्योगिकी सेवाओं को समावेश पोर्टल से जोड़ने की दिशा में सहयोग, 22 से अधिक भाषाओं में सूचना और सेवाओं तक पहुंच होगी सुगम
प्रविष्टि तिथि:
26 NOV 2026 1:44PM by PIB Delhi
इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) के अंतर्गत डिजिटल इंडिया कॉरपोरेशन (डीआईसी) के डिजिटल इंडिया भाषिणी प्रभाग (डीआईबीडी) और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने डिजिटल प्लेटफॉर्म और सेवाओं तक बहुभाषी पहुंच को मजबूत बनाने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) का आदान-प्रदान किया।
इस समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर और इसका आदान-प्रदान केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री श्री बी.एल. वर्मा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सचिव श्री सुधांश पंत और डिजिटल इंडिया भाषिणी प्रभाग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री अमिताभ नाग की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर सहभागी संगठनों के वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

इस सहयोग के तहत भाषिणी की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित भाषा प्रौद्योगिकी सेवाओं को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म समावेश (सशक्तीकरण और सामाजिक समरसता के लिए सिंगल-क्लिक प्लेटफॉर्म) से जोड़ा जाएगा। इस एकीकरण से 22 से अधिक भाषाओं में सूचना और सेवाओं तक पहुंच संभव होगी। इससे नागरिकों और लाभार्थियों को अपनी समझ की भाषा में सरकारी प्लेटफॉर्म का उपयोग करने में मदद मिलेगी। इसके अतिरिक्त, दस्तावेजों का सारांश तैयार करने जैसी प्रौद्योगिकी आधारित सेवाएं भी उपलब्ध होंगी, जिससे डिजिटल सूचनाओं की पहुंच और उपयोगिता बढ़ेगी।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा विकसित समावेश पोर्टल एक ही डिजिटल इंटरफेस के माध्यम से विभाग की विभिन्न योजनाओं, सेवाओं और संगठनात्मक पोर्टलों को एक मंच पर उपलब्ध कराता है। इस प्लेटफॉर्म का उद्देश्य पहले अलग-अलग पोर्टलों पर उपलब्ध सूचनाओं और सेवाओं को एकीकृत कर नागरिकों, लाभार्थियों और अन्य संबंधित पक्षों के लिए उन तक पहुंच आसान बनाना है। भाषिणी के सहयोग से विकसित बहुभाषी सुविधाएं कल्याणकारी योजनाओं और सरकारी सेवाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त करने में भाषा संबंधी बाधाओं को दूर करने में सहायक साबित होंगी।
यह एकीकरण प्लेटफॉर्म की एआई आधारित सहायता सुविधाओं को भी समर्थन देगा। इनमें ‘सामाजिक सहायक’ चैटबॉट शामिल है, जिसे 22 से अधिक भाषाओं में जानकारी और सहायता उपलब्ध कराने के लिए विकसित किया गया है। लोगों के लिए तैयार डिजिटल व्यवस्था में भाषा प्रौद्योगिकी को शामिल करने से विभिन्न भाषाई पृष्ठभूमि के उपयोगकर्ता संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और सेवाओं का अधिक सुविधाजनक तरीके से लाभ उठा सकेंगे।
यह समझौता ज्ञापन सामाजिक कल्याण सेवाओं के वितरण तंत्र तक भाषा प्रौद्योगिकी इकोसिस्टम का लाभ पहुंचाने के साझा प्रयास को दर्शाता है। एआई आधारित अनुवाद, वाक् और अन्य भाषा सेवाओं के माध्यम से भाषिणी विभाग के डिजिटल सूचना तंत्र को अधिक सुलभ, समावेशी और नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप बनाने के प्रयासों में सहयोग करेगा।
डिजिटल इंडिया भाषिणी प्रभाग के सीईओ श्री अमिताभ नाग ने कहा किहमारा दृष्टिकोण यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी सूचनाओं और सेवाओं तक पहुंचने में भाषा कभी बाधा न बने। भाषिणी टेक्स्ट, स्पीच और वीडियो अनुवाद के माध्यम से बहुभाषी एआई को आगे बढ़ा रहा है तथा जनजातीय एवं कम सेवा प्राप्त भाषाओं तक अपनी पहुंच का विस्तार कर रहा है। हमारे मौजूदा प्रयासों में भीली जैसी जनजातीय भाषाओं और मिजो जैसी कम संसाधन वाली भाषाओं का डिजिटलीकरण कर उन्हें डिजिटल इकोसिस्टम से जोड़ना शामिल है। हमारा लक्ष्य आने वाले समय में इन क्षमताओं का सरकारी रिपोर्टों, योजनाओं से जुड़े दस्तावेजों और वीडियो तक विस्तार करना है। साथ ही, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर वाक् संबंधी सुविधाओं को भी सक्षम बनाया जाएगा। इस सहयोग के माध्यम से हमारा लक्ष्य सार्वजनिक सूचनाओं को अधिक समावेशी और सुलभ बनाना है, ताकि भाषा और भौगोलिक सीमाओं से परे डिजिटल प्रौद्योगिकी का लाभ समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे।
यह सहयोग समावेशी और डिजिटल रूप से सशक्त राष्ट्र के निर्माण के केन्द्र सरकार के दृष्टिकोण के अनुरूप है, जहां प्रौद्योगिकी के माध्यम से सार्वजनिक सेवाओं तक समान पहुंच सुनिश्चित की जा सके। यह सरकारी प्लेटफॉर्म पर भारतीय भाषा प्रौद्योगिकियों को एकीकृत कर नागरिकों की पसंदीदा भाषाओं में डिजिटल सार्वजनिक सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने की भाषिणी की प्रतिबद्धता को भी मजबूत करता है।
डिजिटल इंडिया भाषिणी प्रभाग (डीआईबीडी) के सम्बन्ध में
डिजिटल इंडिया कॉरपोरेशन (डीआईसी) और इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) के अंतर्गत कार्यरत डिजिटल इंडिया भाषिणी प्रभाग (डीआईबीडी), एआई आधारित बहुभाषी डिजिटल समावेशन की भारत की राष्ट्रीय पहल है। राष्ट्रीय भाषा प्रौद्योगिकी केंद्र (एनएचएलटी) के माध्यम से भाषिणी 800 से अधिक सरकारी वेबसाइटों को सेवाएं प्रदान कर रहा है। इसके जरिए अब तक 11 अरब से अधिक एआई इन्फरेंस किए जा चुके हैं और प्रतिदिन 2.4 करोड़ से अधिक एआई इन्फरेंस संसाधित किए जाते हैं। यह 36 भारतीय टेक्स्ट भाषाओं, 23 भारतीय वॉयस भाषाओं और 35 अंतरराष्ट्रीय भाषाओं को समर्थन प्रदान करता है। डीआईबीडी अनुसंधान, ओपन इनोवेशन, डेटासेट, स्टार्टअप और अकादमिक सहयोग के माध्यम से बहुभाषी एआई को भी आगे बढ़ा रहा है। इससे भारत के डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना (डीपीआई) को मजबूती मिल रही है।
***
पीके/केसी/आरटी/बीयू/वाईबी
(रिलीज़ आईडी: 2341891)
आगंतुक पटल : 25