सूचना और प्रसारण मंत्रालय
सेलिब्रेटिंग द जॉय ऑफ सिनेमा : इफ्फी परेड ने गोवा की सांस्कृतिक छटा को सड़कों पर जीवंत किया
मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने ‘आत्मनिर्भर भारत’ के प्रति गोवा की प्रतिबद्धता दोहराई
57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) के समारोहों को सिनेमाघरों और महोत्सव स्थलों से बाहर आम लोगों तक पहुंचाते हुए, आज 'सेलिब्रेटिंग द जॉय ऑफ सिनेमा' थीम पर आयोजित भव्य इफ्फी परेड ने पणजी की सड़कों को गोवा की कला और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के जीवंत रंगों से सराबोर कर दिया। परेड की शुरुआत एंटरटेनमेंट सोसाइटी ऑफ गोवा (ईएसजी) परिसर से हुई और यह कला अकादमी तक पहुंची। इसमें रंग-बिरंगी झांकियों, पारंपरिक शिल्पकला, लोक प्रस्तुतियों और उत्साहपूर्वक भाग लेते स्थानीय लोगों ने विशेष आकर्षण पैदा किया।
गोवा की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं की जीवंत झलक पेश करती इस परेड में राज्य के कार्निवल और शिगमो उत्सव के दौरान पुरस्कार जीतने वाली झांकियों के साथ आकर्षक लोकनृत्य प्रस्तुतियां भी शामिल थीं। गोवा के उत्सव के माहौल को सिनेमा के व्यापक आकर्षण के साथ जोड़ती इस परेड ने पर्यटकों, महोत्सव में आए प्रतिनिधियों और स्थानीय निवासियों को राज्य की सांस्कृतिक विविधता और जीवंतता से रूबरू होने का अनूठा अवसर प्रदान किया। इस परेड में इफ्फी की थीम ‘स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स’ की भावना भी झलकी। इसने दर्शाया कि कला और सांस्कृतिक अभिव्यक्तियां भाषा और भौगोलिक सीमाओं से परे जाकर लोगों को जोड़ती हैं।
_20261125211040_432147.jpeg)
परेड का उद्घाटन करते हुए गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने महोत्सव में आए गणमान्य व्यक्तियों, कलाकारों और आगंतुकों का स्वागत किया तथा ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित रखने और समुदाय की भागीदारी से जुड़ी पहलों के माध्यम से आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के महत्व पर जोर दिया। आकाश कंदील प्रतियोगिता का उल्लेख करते हुए उन्होंने पारंपरिक हस्तनिर्मित लालटेनों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करने में गोवा के लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसी पहल न केवल कलात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करती हैं, बल्कि सामुदायिक भागीदारी को भी मजबूत करती हैं और सदियों पुरानी परंपराओं को जीवंत बनाए रखती हैं। उन्होंने कहा कि इफ्फी की थीम ‘स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स’ की झलक गोवा की पारंपरिक झांकियों और लोक प्रस्तुतियों में सहज रूप से देखने को मिलती है। ये सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आगंतुकों को भाषा की सीमाओं से परे जाकर राज्य की कलात्मक विरासत को समझने और सराहने का अवसर देती हैं। मुख्यमंत्री ने परेड में भाग लेने वाले कलाकारों और आयोजकों को बधाई दी। उन्होंने इफ्फी के मौजूदा संस्करण को अब तक के सबसे सफल आयोजनों में से एक बताया और गोवा सरकार की ओर से सभी आगंतुकों का हार्दिक स्वागत किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एंटरटेनमेंट सोसाइटी ऑफ गोवा (ईएसजी) की उपाध्यक्ष श्रीमती डेलिला एम. लोबो ने आकाश कंदील (पारंपरिक लालटेन बनाने की कला) प्रतियोगिता का उल्लेख किया। इस वर्ष प्रतियोगिता में 350 से अधिक प्रविष्टियां प्राप्त हुईं, जिसकी थीम मोर रखी गई थी। उन्होंने प्रतिभागियों की रचनात्मकता और शिल्प कौशल की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने पुरस्कार विजेता कार्निवल झांकियों और जीवंत लोक प्रस्तुतियों से सजी विशेष परेड का भी उल्लेख किया। साथ ही, उन्होंने आगंतुकों और सिनेमा प्रेमियों को गोवा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को करीब से अनुभव करने और महोत्सव में प्रस्तुत विविध सिनेमाई अनुभवों का आनंद लेने के लिए आमंत्रित किया।
_20261125211214_7d5190.jpeg)
इस अवसर पर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अपर सचिव श्री प्रभात, राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) के अध्यक्ष श्री जी. कृष्णकुमार, एनएफडीसी के प्रबंध निदेशक श्री धीरज सिंह, एंटरटेनमेंट सोसाइटी ऑफ गोवा (ईएसजी) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री दीपक बांडेकर तथा प्रसिद्ध फिल्म जगत की हस्तियां श्री असीम बजाज, श्री एश्ले लोबो और श्री सैनी एस. जोहरे उपस्थित रहे।
IFFILOID के बारे में यहाँ पढ़ें: https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1®=48
***********
पीके/केसी/आरटी/डीवी/डीए
(रिलीज़ आईडी: 2341648)
आगंतुक पटल : 38