नागरिक उड्डयन मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने विमानन क्षेत्र में रखरखाव, मरम्मत एवं ओवरहॉल सुविधा के लिए सिंगापुर के साथ समझौता ज्ञापन को मंजूरी दी


समझौता ज्ञापन से रखरखाव संबंधी कौशल विकास सुदृढ़ होगा और मरम्मत एवं ओवरहॉल सुविधाएं विकसित करने में मदद मिलेगी

प्रविष्टि तिथि: 25 NOV 2026 6:21PM by PIB Delhi

प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने आज भारत और सिंगापुर के बीच विमानन रखरखाव, मरम्मत एवं ओवरहॉल (एमआरओ) में कौशल एवं उद्योग विकास सहयोग के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने को मंजूरी दी।

केंद्रीय नागर विमानन मंत्री श्री के. राम मोहन नायडू ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि माननीय प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत की दृष्टि योजना के अनुरूप भारत और सिंगापुर के बीच यह समझौता ज्ञापन अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। उन्‍होंने कहा कि विमान के प्रत्येक कलपुर्जे, जिनमें लैंडिंग गियर, रेडोम, इंजन, कॉकपिट डिस्प्ले, सीट, पंख तथा छोटे-से-छोटे पुर्जे शामिल हैं, उनकी मरम्मत भारत में ही की जाए। इस समझौता ज्ञापन का उद्देश्य भारत को क्षेत्रीय विमानन कारखाने के रूप में स्थापित करना भी है।

भारत-सिंगापुर साझेदारी संभावनाओं का उल्‍लेख करते हुए श्री नायडू ने कहा कि सिंगापुर में विमानन एमआरओ का एक सुविकसित पारितंत्र मौजूद है, जबकि भारत विश्व में सबसे तेजी से विकसित हो रहे विमानन बाजारों में से एक है। उन्‍होंने कहा कि भारत में विमानों के बढ़ते बेड़े, क्षेत्रीय विमानन केंद्र के रूप में देश की रणनीतिक भौगोलिक स्थिति तथा कारोबार सुगमता बेहतर बनाने के सरकार के निरंतर प्रयासों की वजह से भारत में एमआरओ क्षेत्र के विकास की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।

इस प्रस्तावित सहयोग से भारतीय प्रशिक्षण संस्थानों को ज्ञान आदान-प्रदान और उद्योग जगत के अनुभव द्वारा अपने पाठ्यक्रम तथा प्रशिक्षण क्षमता सुदृढ़ बनाने में सहायता मिलेगी। इस पहल से उद्योग जगत की अधिक भागीदारी से देश में घरेलू एमआरओ  अवसंरचना के विकास को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। यह समय के साथ विदेशों में विमान रखरखाव सेवाओं पर भारत की निर्भरता कम करने में भी सहायक होगा।

यह समझौता ज्ञापन दोनों देशों के बीच ज्ञान, विशेषज्ञता और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान को सुगम बनाने के लिए रूपरेखा प्रदान करेगा।

इस समझौता ज्ञापन के प्रमुख प्रावधान निम्नलिखित हैं:

1. संयुक्त पाठ्यक्रम विकास: विमान रखरखाव अभियंता प्रशिक्षण के लिए उद्योग आवश्यकताओं के अनुरूप पाठ्यक्रम का संयुक्त रूप से विकास करना।

2. विशेषज्ञता आदान-प्रदान एवं क्षमता विकास: गुणवत्तापूर्ण पाठ्यक्रम सुनिश्चित करने के लिए भारतीय संस्थानों की विशेषज्ञता बढ़ाना तथा उनकी क्षमता का विकास करना।

3. इंटर्नशिप एवं आदान-प्रदान कार्यक्रम: भारतीय छात्रों को व्यावहारिक औद्योगिक अनुभव प्रदान करने के लिए सिंगापुर की एमआरओ कंपनियों के साथ इंटर्नशिप और आदान-प्रदान कार्यक्रमों की व्यवस्था।

4. औद्योगिक साझेदारी को बढ़ावा: एमआरओ सुविधाओं के विस्तार में सहयोग के लिए भारतीय और सिंगापुर के उद्योग जगत के हितधारकों के बीच साझेदारी सुगम बनाना।

भारत की एमआरओ संबंधी आवश्यकताओं की चर्चा करते हुए नागर विमानन मंत्री ने कहा कि भारत की हवाई यातायात में अभूतपूर्व वृद्धि हो रही है और विमानन कंपनियां लगातार अपने विमान बेड़े का विस्तार कर रही हैं। इससे घरेलू एमआरओ क्षमताओं तथा कुशल विमान रखरखाव अभियंताओं की मांग भी बढ़ी है। उन्‍होंने कहा कि इससे देखते हुए घरेलू एमआरओ पारितंत्र को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। श्री नायडू ने कहा कि विदेशों में रखरखाव सेवाओं पर निर्भरता के कारण अक्सर भारतीय विमानन कंपनियों को अधिक लागत वहन करनी पड़ती है और विमानों को लंबे समय तक सेवा से बाहर रखना पड़ता है। यह रणनीतिक समझौता ज्ञापन कुशल विमान रखरखाव अभियंताओं तथा उन्नत एमआरओ सुविधाओं की बढ़ती आवश्यकताएं पूरी करने में सक्षम बनाएगा। साथ ही यह भारत को वैश्विक विमानन कौशल विकास तथा एमआरओ गंतव्य के रूप में विकसित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक निर्णय सिद्ध होगा।

भारत और सिंगापुर के बीच समझौता ज्ञापन भारत के विमानन पारितंत्र को सुदृढ़ बनाने, देश के युवाओं के लिए कुशल रोजगार के अवसर सृजित करने तथा विमानन एमआरओ क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

***

पीके/केसी/आरटी/एकेवी/पीके


(रिलीज़ आईडी: 2341484) आगंतुक पटल : 43
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu