वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय
भारत-कनाडा सीईपीए वार्ता का छठा दौर नई दिल्ली में संपन्न
केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल और कनाडा के मंत्री मनिंदर सिद्धू ने एक संतुलित एवं पारस्परिक रूप से लाभकारी सीईपीए के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई
वाणिज्य सचिव श्री राजेश अग्रवाल और कनाडा के उप-मंत्री श्री ग्लेन पुरवेस ने बातचीत की स्थिति की समीक्षा की
प्रविष्टि तिथि:
21 NOV 2026 8:33PM by PIB Delhi
भारत और कनाडा के बीच व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) के लिए वार्ता का छठा दौर 11 से 20 नवंबर 2026 के दौरान नई दिल्ली में आयोजित किया गया। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जहां मुख्य वार्ताकार डॉ. बृज मोहन मिश्र ने किया, वहीं कनाडा के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मुख्य वार्ताकार सुश्री मैरी-कैथरीन स्पियर्स ने किया। इस बातचीत में वस्तुओं के व्यापार, सेवाओं के व्यापार, मूल के नियम (रूल्स ऑफ ओरिजिन), व्यापार उपचार, बौद्धिक संपदा और निवेश को प्रोत्साहन सहित कई प्रमुख क्षेत्रों को शामिल किया गया।
वार्ता के इस दौर की शुरुआत 11 नवंबर को नई दिल्ली में एक सौहार्दपूर्ण एवं रचनात्मक बैठक के साथ हुई। इस बैठक में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल और कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री श्री मनिंदर सिद्धू शामिल हुए। दोनों मंत्रियों ने एक ऐसे संतुलित एवं पारस्परिक रूप से लाभकारी सीईपीए के महत्व पर जोर दिया, जो बाजार तक सार्थक पहुंच प्रदान करे, दोनों अर्थव्यवस्थाओं की पूरक क्षमताओं का लाभ उठाए और व्यापार एवं निवेश के नए अवसर सृजित करे। उन्होंने वार्ता में हुई प्रगति की समीक्षा की और अपनी-अपनी टीमों को चर्चा को सार्थक तरीके से आगे बढ़ाने के लिए दिशा-निर्देश दिए।
वार्ता के इस दौर में बातचीत के विभिन्न स्तरों पर रचनात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई और दोनों पक्षों ने बातचीत को आगे बढ़ाने की दिशा में प्रगति की। ये चर्चाएं दोनों देशों के नेताओं द्वारा तय की गई महत्वाकांक्षी समय-सीमा के भीतर बातचीत को पूरा कर लेने के साझा लक्ष्य से प्रेरित थीं।
वार्ता के इस दौर के समापन की ओर बढ़ने के क्रम में, वाणिज्य सचिव श्री राजेश अग्रवाल ने नई दिल्ली में कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार उप-मंत्री श्री ग्लेन पुरवेस तथा उनके प्रतिनिधिमंडल के साथ एक सार्थक बैठक की। इस बैठक में बातचीत के छठे दौर में हुई प्रगति की समीक्षा करने और भारत-कनाडा सीईपीए से संबंधित चर्चाओं की समग्र स्थिति का जायजा लेने का अवसर मिला। दोनों पक्षों ने एक ऐसे महत्वाकांक्षी, संतुलित और व्यावसायिक रूप से सार्थक समझौते को पूरा करने की अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराई, जिससे दोनों देशों के किसानों, उद्योगों, व्यवसायों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को ठोस लाभ मिल सके।
इस बात पर जोर दिया गया कि प्रस्तावित सीईपीए व्यापार एवं निवेश के नए अवसर खोलेगा, मजबूत एवं विविधतापूर्ण आपूर्ति श्रृंखलाओं को सुदृढ़ करेगा और भारत तथा कनाडा के बीच आर्थिक साझेदारी को और गहरा करेगा। वार्ता के छठे दौर का सफलतापूर्वक संपन्न होना, बातचीत को आगे बढ़ाने और द्विपक्षीय आर्थिक एवं वाणिज्यिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में दोनों पक्षों की निरंतर भागीदारी एवं प्रतिबद्धता को दर्शाता है।



***
पीके/केसी/आरटी/आर
(रिलीज़ आईडी: 2339776)
आगंतुक पटल : 46