आयुष
azadi ka amrit mahotsav

नागमंगला में पर्यावरण अनुकूल और प्लास्टिक मुक्त व्यवस्था के साथ नौवां प्राकृतिक चिकित्सा दिवस मनाया गया

प्रविष्टि तिथि: 20 NOV 2026 6:50PM by PIB Delhi

कर्नाटक के नागमंगला स्थित केंद्रीय योग और प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (सीआरआईवाईएन) में 18 नवंबर 2026 को नौवां प्राकृतिक चिकित्सा दिवस राष्ट्रीय स्तर पर मनाया गया। इस अवसर पर ‘प्राकृतिक चिकित्सा, स्वस्थ भारत’ विषय के अनुरूप पर्यावरण संरक्षण और पर्यावरण अनुकूल कार्यप्रणालियों पर विशेष बल दिया ग।

कार्यक्रम में प्लास्टिक मुक्त व्यवस्था अपनाई गई। सजावट, स्मृति चिह्नों और प्रतिभागियों को दी जाने वाली किट में प्लास्टिक सामग्री का इस्तेमाल नहीं किया गया और बैनरों का उपयोग भी न्यूनतम रखा गया। भोजन परोसने के लिए दोबारा इस्तेमाल की जा सकने वाली स्टील की प्लेटों और केले के पत्तों का उपयोग किया गया। इससे एक बार इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक से बचने के साथ ही पारंपरिक और पर्यावरण अनुकूल तरीकों को बढ़ावा मिला।

कार्यक्रम की व्यवस्थाएं इस तरह की गईं कि कचरा कम से कम हो और दोबारा इस्तेमाल होने वाली तथा प्राकृतिक विकल्पों को प्रोत्साहन मिले। अनावश्यक आयोजन सामग्री का इस्तेमाल कम करके और एक बार इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक से बचते हुए इस समारोह ने दिखाया कि बड़े स्तर पर जन-जागरूकता कार्यक्रम पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभाव को ध्यान में रखते हुए भी आयोजित किए जा सकते हैं।

इन उपायों के माध्यम से आयुष मंत्रालय ने सार्वजनिक कार्यक्रमों और समारोहों में टिकाऊ कार्यप्रणालियों को अपनाने के महत्व को दोहराया। साथ ही यह प्रदर्शित किया कि पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी एक स्वस्थ और टिकाऊ भारत को बढ़ावा देने का अभिन्न हिस्सा हो सकती है।

***

पीके/केसी/आरटी/एसके/डीके


(रिलीज़ आईडी: 2339292) आगंतुक पटल : 24
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Assamese