सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्‍वयन मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी), उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) और औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) की नई श्रृंखला पर डेटा उपयोगकर्ता सम्मेलन 23 नवंबर को मुंबई में आयोजित होगा

प्रविष्टि तिथि: 20 NOV 2026 6:07PM by PIB Delhi

सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय 23 नवंबर 2026 को मुंबई में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी), उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) और औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) की नई श्रृंखला पर डेटा उपयोगकर्ता सम्मेलन आयोजित कर रहा है। वर्ष 2026 में इन तीनों संकेतकों की नई श्रृंखला जारी किए जाने के बाद आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य डेटा उपयोगकर्ताओं को कार्यप्रणाली में किए गए बदलावों, इस्तेमाल किए गए डेटा स्रोतों और प्रमुख सुधारों से परिचित कराना है।

वर्ष 2022-23 को आधार वर्ष मानकर राष्ट्रीय लेखा की नई श्रृंखला 27 फरवरी 2026 को जारी की गई थी। इसके बाद अगस्त 2026 में आईआईपी और उत्पादक मूल्य सूचकांक (पीपीआई) की अद्यतन श्रृंखला को शामिल करते हुए इसमें संशोधन किया गया। नई श्रृंखला में कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय (एमसीए) के आंकड़ों, असंगठित क्षेत्र के उद्यमों के वार्षिक सर्वेक्षण (एएसयूएसई) और आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस) के आंकड़ों के अधिक इस्तेमाल से निजी कॉरपोरेट और असंगठित क्षेत्रों के मापन में सुधार किया गया है। कृषि क्षेत्र के साथ-साथ विनिर्माण क्षेत्र में दोहरी अपस्फीति पद्धति अपनाना, वार्षिक अनुमानों में आपूर्ति और उपयोग तालिकाओं को शामिल करना, आधार निर्धारण के लिए प्रोपोर्शनल डेंटन पद्धति तथा तिमाही अनुमानों के लिए जीएसटी आंकड़ों का इस्तेमाल करना इस नई श्रृंखला की अन्य प्रमुख विशेषताएं हैं।

वर्ष 2024 को आधार वर्ष मानकर उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) की नई श्रृंखला 12 फरवरी 2026 को जारी की गई थी। यह घरेलू उपभोग व्यय सर्वेक्षण (एचसीईएस) 2023-24 पर आधारित है और इसमें व्यक्तिगत उपभोग के उद्देश्य के अनुसार वर्गीकरण (सीओआईसीओपी) 2018 अपनाया गया है। इस श्रृंखला में वस्तुओं और सेवाओं की सूची का विस्तार कर इसे 358 मदों तक किया गया है। इनमें 50 सेवाएं शामिल हैं। इसके लिए 434 शहरों के 1,465 ग्रामीण और 1,395 शहरी बाजारों के अलावा 12 ऑनलाइन बाजारों से भी कीमतों के आंकड़े जुटाए जाते हैं। पहली बार ग्रामीण मकानों का किराया भी इसमें शामिल किया गया है। ईंधन, हवाई किराये, दूरसंचार शुल्क और ओटीटी सेवाओं जैसी मदों के लिए प्रशासनिक और ई-कॉमर्स आंकड़ों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

सम्मेलन में रिजर्व बैंक (आरबीआई), भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी), अर्थशास्त्री, शोधकर्ता, वित्तीय संस्थानों और बैंकिंग क्षेत्र के विशेषज्ञ, शिक्षाविद, विषय विशेषज्ञ, आधिकारिक आंकड़ों के उपयोगकर्ता और केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होगें।

सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के सचिव डॉ. सौरभ गर्ग, रिजर्व बैंक की डिप्टी गवर्नर डॉ. पूनम गुप्ता, एचडीएफसी के पूर्व अध्यक्ष दीपक पारेख और महानिदेशक (केंद्रीय सांख्यिकी) डॉ. दलीप सिंह संबोधित करेंगे। इसके बाद जीडीपी, सीपीआई और आईआईपी की नई श्रृंखला पर तीन तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें मंत्रालय और रिजर्व बैंक की ओर से प्रस्तुतियां दी जाएंगी तथा खुली चर्चा होगी। प्रतिभागियों को इन सूचकांकों की संशोधित श्रृंखला से संबंधित संक्षिप्त अवधारणा-पत्रों की एक पुस्तिका भी दी जाएगी।

यह सम्मेलन आंकड़ों के उपयोगकर्ताओं और आधिकारिक आंकड़े तैयार करने वाले अधिकारियों को किए गए बदलावों, उनकी व्याख्या और प्रभावों पर सीधे चर्चा करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।

सम्मेलन का उद्देश्य आधिकारिक आंकड़ों की बेहतर समझ और उनके प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देना तथा सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय और आंकड़ों के उपयोगकर्ताओं के बीच संवाद को मजबूत करना है।

मंत्रालय ने इस महत्वपूर्ण परामर्श प्रक्रिया में सभी हितधारकों से भागीदारी करने और अपने विचार साझा करने का आग्रह किया है।

*****

पीके/केसी/आरटी/एसके/डीए


(रिलीज़ आईडी: 2339265) आगंतुक पटल : 23
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu