अल्‍पसंख्‍यक कार्य मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

गुरु नानक देव जी का शांति, समानता और सेवा का संदेश निरंतर मानवता का मार्गदर्शन कर रहा है: श्री किरेन रिजिजू


राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग ने श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं और विरासत को नमन करते हुए गुरु पर्व मनाया

प्रविष्टि तिथि: 20 NOV 2026 6:13PM by PIB Delhi

 


राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग (एनसीएम) ने श्रद्धा और भक्ति के साथ गुरु पर्व मनाया। इस अवसर पर श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में उन्हें नमन करते हुए शांति, सद्भाव, समानता और निःस्वार्थ सेवा की उनकी शाश्वत शिक्षाओं को स्मरण किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री श्री किरेन रिजिजू ने श्री गुरु नानक देव जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी शिक्षाएं आज के समाज में भी अत्यंत प्रासंगिक हैं। श्री रिजिजू ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने मानवता को ‘इक ओंकार’ अर्थात् एक ईश्वर और सभी मनुष्यों को उसकी संतान होने का शाश्वत संदेश दिया। गुरु जी ने अपने तीन मूल सिद्धांतों नाम जपो, किरत करो और वंद छको के माध्यम से ईश्वर का स्मरण करने, ईमानदारी से परिश्रम करने और दूसरों के साथ मिलजुल कर रहने की शिक्षा दी।

शबद कीर्तन की परंपरा का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने इसे शांति, आध्यात्मिक जागृति और लोगों के बीच सद्भाव स्थापित करने का एक सशक्त माध्यम बनाया। लंगर की परंपरा का महत्‍व देते हुए उन्होंने गुरु जी के इस विचार पर बल दिया कि कोई भी व्यक्ति भूखा नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि लंगर समानता, आपसी साझेदारी और मानवता की सेवा का प्रतीक है, जहां जाति, सामाजिक हैसियत या धर्म के किसी भी भेदभाव के बिना सभी लोग एक ही पंगत में बैठकर भोजन करते हैं।

केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी की फिलीपींस के मनीला स्थित गुरुद्वारा खालसा दीवान की यात्रा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा दुनिया भर में भारत के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने दोहराया कि सरकार का मार्गदर्शक दर्शन ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ समावेशिता और सभी के लिए समान अवसरों की भावना को प्रतिबिंबित करता है।

सिख इतिहास और परंपरा में गहराई से समाहित बलिदान की भावना के बारे में चर्चा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि साहिबजादों के असाधारण साहस और बलिदान ने उन्हें गहराई से प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि साहिबजादों का जीवन आज भी पीढ़ियों को साहस, आस्था और सिद्धांतों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता की सीख देते हुए प्रेरित करता है।


इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष श्री हरजीत सिंह ग्रेवाल, उपाध्यक्ष श्रीमती एस. मुनावरी बेगम, सदस्य श्री बर्जिस देसाई, श्री ग्लेन डी. टिकलो और डॉ. यांगचेन डोलमा शामिल हुए।

राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के सचिव श्री सुचिंद्र मिश्रा, आयोग के संयुक्त सचिव डॉ. अत्या नंद और अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग और अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। समारोह का समापन लंगर के साथ हुआ, जिसने श्री गुरु नानक देव जी की परिकल्पना के अनुरूप समानता, सामुदायिक सेवा और मिलजुल कर रहने की सिख परंपरा की शाश्वत भावना को पुनः पुष्ट किया।

***

पीके/केसी/आरटी/एसकेएस/जीआरएस


(रिलीज़ आईडी: 2339264) आगंतुक पटल : 17
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu