सामाजिक न्‍याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

समर्पित छात्रावास सुविधाओं के माध्यम से अन्‍य पिछड़ा वर्ग के छात्रों के लिए शैक्षिक अवसरों को मजबूती


उत्तरी त्रिपुरा के अलगापुर में मंत्रालय के सहयोग से 150 सीटों वाले ओबीसी छात्रावास की स्थापना से सुरक्षित आवासीय सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक पहुंच सुदृढ़ होगी

प्रविष्टि तिथि: 20 NOV 2026 3:52PM by PIB Delhi

सुरक्षित और किफायती आवास की सुविधा विद्यार्थियों को अपनी शिक्षा जारी रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों तथा सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के विद्यार्थियों के लिए ऐसी सुविधाएं अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। प्रस्तावित छात्रावास का उद्देश्य आवश्यक आवासीय एवं भोजन संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराकर आवास से जुड़ी चुनौतियों का समाधान करना है। इससे विद्यार्थियों को ऐसा स्वस्थ वातावरण मिलेगा, जो उनकी पढ़ाई, व्यक्तिगत विकास और शैक्षणिक प्रगति के लिए अनुकूल होगा।

भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने त्रिपुरा के उत्तरी जिले की अलगापुर ग्राम पंचायत में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के विद्यार्थियों के लिए 150 सीटों वाले छात्रावास की स्थापना की पहल की है। इस पहल का उद्देश्य उपयुक्त आवासीय बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराकर शैक्षिक अवसरों को सुदृढ़ करना और विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करना है।

वित्त वर्ष 2025-26 में शुरू की गई इस छात्रावास परियोजना में 150 विद्यार्थियों के रहने की व्यवस्था करने की योजना है। इसके पूरा होने और संचालित होने के बाद इसमें अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के अधिकतम 150 पात्र विद्यार्थियों को आवास सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे उत्तरी त्रिपुरा में शैक्षिक अवसरों तक विद्यार्थियों की पहुंच बेहतर होगी। साथ ही, उन्हें सुव्यवस्थित और सहयोगपूर्ण वातावरण में रहने की सुविधा भी मिलेगी।

इस परियोजना का क्रियान्वयन त्रिपुरा सरकार के ग्रामीण विकास विभाग द्वारा ओबीसी कल्याण विभाग की ओर से किया जा रहा है। इसके लिए भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की ओर से वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। यह सहयोगात्मक पहल शैक्षिक बुनियादी ढांचे के विस्तार और समावेशी सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा देने में केंद्र और राज्य सरकारों के बीच समन्वय के महत्व को दर्शाती है।

 

प्रस्तावित छात्रावास में बिजली, उचित स्वच्छता एवं साफ-सफाई की सुविधाएं, सुरक्षित पेयजल और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इन सुविधाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वस्थ और सहयोगपूर्ण आवासीय वातावरण प्रदान करना है, ताकि वे अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित कर सकें।

आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के अलावा, इस छात्रावास की परिकल्पना ओबीसी विद्यार्थियों में शैक्षणिक उत्कृष्टता, नेतृत्व क्षमता और कौशल विकास को बढ़ावा देने वाले केंद्र के रूप में की गई है। इस पहल के तहत विद्यार्थियों को पुनश्चर्या (रिफ्रेशर) कार्यक्रमों और कौशल उन्मुखीकरण पाठ्यक्रमों में भाग लेने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे उन्हें ऐसी दक्षताएं विकसित करने में मदद मिलेगी, जो उनकी भविष्य की शैक्षणिक और व्यावसायिक आकांक्षाओं को पूरा करने में सहायक होंगी।

यह पहल सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की समावेशी शिक्षा, अवसरों तक समान पहुंच और वंचित समुदायों के लिए सहयोगपूर्ण शैक्षिक बुनियादी ढांचे के विकास के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है। साथ ही, यह विकसित भारत@2047 के व्यापक विजन को साकार करने में भी योगदान देगी।

***

पीके/केसी/आरटी/एसकेएस/जीआरएस


(रिलीज़ आईडी: 2339116) आगंतुक पटल : 20
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu