रसायन एवं पेट्रो-रसायन विभाग
azadi ka amrit mahotsav

आईपीएफटी, गुरुग्राम को आईएसओ/आईईसी 17025:2017 के तहत बायोस्टिमुलेंट परीक्षण के लिए एनएबीएल से मान्यता प्राप्त हुई


बायोस्टिमुलेंट की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और नियामक परीक्षण की राष्ट्रीय क्षमता को मजबूती मिलेगी

प्रविष्टि तिथि: 19 NOV 2026 4:31PM by PIB Delhi

भारत सरकार के रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के रसायन एवं पेट्रोरसायन विभाग के अंतर्गत एक स्वायत्त संस्थान कीटनाशक फॉर्मूलेशन प्रौद्योगिकी संस्थान (आईपीएफटी), गुरुग्राम ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। संस्थान को बायोस्टिमुलेंट के परीक्षण और विश्लेषण संबंधी सुविधाओं के लिए आईएसओ/आईईसी 17025:2017 के तहत राष्ट्रीय परीक्षण और अंशशोधन प्रयोगशाला प्रत्यायन बोर्ड (एनएबीएल) से मान्यता प्राप्त हुई है।

प्रमाणपत्र संख्या एनएबीएलटी1026HR19813 (टीसी-14306 के स्थान पर) वाला यह प्रत्यायन प्रमाणपत्र 15 अगस्त, 2030 तक वैध है। यह मान्यता संस्थान के अनुमोदित कार्यक्षेत्र के अंतर्गत आने वाली परीक्षण गतिविधियों के लिए उसकी तकनीकी दक्षता और गुणवत्ता प्रबंधन प्रणालियों को प्रमाणित करती है।

यह उपलब्धि भारत सरकार द्वारा 25 सितंबर, 2025 को उर्वरक (अकार्बनिक, जैविक या मिश्रित) (नियंत्रण) आदेश, 1985 के तहत जारी राजपत्र अधिसूचना संख्या 4242 के बाद हासिल हुई है। इस आदेश के खंड 29(1सी) के अंतर्गत आईपीएफटी, गुरुग्राम को अनुसूची-6 के भाग-सी में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निरीक्षकों द्वारा एकत्र किए गए बायोस्टिमुलेंट के नमूनों के विश्लेषण के लिए नामित किया गया था।

इस वैधानिक मान्यता के बाद आईपीएफटी ने आईएसओ/आईईसी 17025:2017 और उर्वरक (अकार्बनिक, जैविक या मिश्रित) (नियंत्रण) आदेश, 1985 की लागू आवश्यकताओं के अनुरूप अपनी प्रयोगशाला संबंधी बुनियादी सुविधाओं, विश्लेषणात्मक कार्यप्रणालियों, गुणवत्ता प्रबंधन प्रणालियों और तकनीकी दक्षता को मजबूत करने के लिए विशेष पहल की।

संस्थान ने अपनी विश्लेषणात्मक क्षमताओं, परीक्षण प्रक्रियाओं, गुणवत्ता आश्वासन संबंधी कार्यप्रणालियों और प्रयोगशाला प्रबंधन प्रणालियों को व्यवस्थित रूप से सुदृढ़ किया। इन निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप उसे एनएबीएल से मान्यता प्राप्त हुई।

यह उपलब्धि आईपीएफटी के वैज्ञानिकों, तकनीकी कर्मियों, गुणवत्ता प्रबंधन दल और सहायक कर्मचारियों की सामूहिक प्रतिबद्धता एवं समर्पित प्रयासों को दर्शाती है। उनके निरंतर प्रयासों और वैज्ञानिक योगदान ने संस्थान की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को हासिल करने में निर्णायक भूमिका निभाई है।

इस मान्यता से बायोस्टिमुलेंट परीक्षण की विश्वसनीयता एवं प्रामाणिकता और मजबूत होने की उम्मीद है। इसके साथ ही इससे गुणवत्ता आश्वासन, नियामक अनुपालन और भारत में बायोस्टिमुलेंट को नियंत्रित करने वाले नियामक ढांचे के प्रभावी कार्यान्वयन में मदद मिलेगी। यह कृषि क्षेत्र में सरकारी एजेंसियों, नियामक प्राधिकरणों, उद्योग जगत और अन्य हितधारकों को वैज्ञानिक रूप से सुदृढ़ विश्लेषणात्मक सेवाएं प्रदान करने की आईपीएफटी की प्रतिबद्धता को भी मजबूत करती है।

सरकारी राजपत्र के माध्यम से वैधानिक मान्यता प्राप्त करने से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला गुणवत्ता मानक के तहत प्रत्यायन हासिल करने तक की यह उपलब्धि वैज्ञानिक उत्कृष्टता और संस्थागत सुदृढ़ीकरण की दिशा में आईपीएफटी के निरंतर प्रयासों का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।

कीटनाशक फॉर्मूलेशन प्रौद्योगिकी संस्थान (आईपीएफटी), गुरुग्राम भारत सरकार के रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के रसायन एवं पेट्रोरसायन विभाग के अंतर्गत एक स्वायत्त संस्थान है।

वर्ष 1991 में स्थापित यह संस्थान कीटनाशक फॉर्मूलेशन विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, विश्लेषणात्मक अभिलक्षण, जैव-मूल्यांकन और प्रायोगिक स्तर पर प्रदर्शन के क्षेत्र में अनुसंधान एवं विकास के लिए समर्पित है। आईपीएफटी अनुसंधान, विश्लेषणात्मक परीक्षण, नियामक अध्ययनों और प्रौद्योगिकी विकास के माध्यम से कृषि-रसायन क्षेत्र को वैज्ञानिक एवं तकनीकी सहायता प्रदान करता है।

****

पीके/केसी/आरटी/पीसी/एमवाई
 


(रिलीज़ आईडी: 2338620) आगंतुक पटल : 35
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu