स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने नए एम्स के कार्यकारी निदेशकों के साथ संस्थागत प्रदर्शन का आकलन करने व स्वास्थ्य सेवा डिलीवरी को मजबूत करने के लिए समीक्षा बैठक की
कार्यरत 18 एम्स में 14,860 क्रियाशीत बेड एवं 404 कार्यरत ऑपरेशन थियेटर उपलब्ध जिससे देश भर में टर्शियरी स्वास्थ्य सेवाएं हुईं मजबूत
वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक नए एम्स में 97.41 लाख ओपीडी पंजीकरण, 4.91 लाख आईपीडी भर्ती, 3.18 लाख सर्जरी और 629 अंग प्रयारोपण दर्ज हुए
वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक नए एम्स द्वारा 3,593 शोध पत्र प्रकाशित किए गए, जो संस्थागत अनुसंधान और शैक्षणिक उपलब्धियों में प्रगति को दर्शाते हैं
श्रीमती श्रीवास्तव ने संस्थान-विशिष्ट उत्कृष्टता के क्षेत्रों की पहचान करने, क्षेत्रीय रेफरल संपर्क को मजबूत करने और छात्रों तथा रेजिडेंट डॉक्टरों के लिए एक सहायक, तनाव-मुक्त और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने का आह्वान किया
प्रविष्टि तिथि:
18 NOV 2026 7:52PM by PIB Delhi
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव श्रीमती पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने आज यहाँ प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना (पीएमएसएसवाई) के तहत सभी नए एम्स के कामकाज की समीक्षा करने के लिए इन राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों (आईएनआई) के सभी कार्यकारी निदेशकों के साथ एक बैठक की। पीएमएसएसवाई के अंतर्गत 22 एम्स स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 18 एम्स शिक्षण, प्रशिक्षण और अनुसंधान, आईपीडी/ओपीडी सुविधाओं, आपातकालीन और ट्रॉमा सेवाओं, डायग्नोस्टिक सुविधाओं, स्पेशियलिटी और सुपर-स्पेशियलिटी विभागों, अमृत फार्मेसी, जन औषधि केंद्रों आदि के साथ कार्यरत हैं, जबकि 4 एम्स निर्माण/संचालन के विभिन्न चरणों में हैं।
श्रीमती श्रीवास्तव ने नए एम्स के सुचारू संचालन में सभी कार्यकारी निदेशकों (ईडी) द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की और 8 अप्रैल, 2025 को आयोजित केंद्रीय संस्थान निकाय (सीआईबी) की बैठक में लिए गए निर्णयों पर की गई कार्रवाई का संज्ञान लिया। उन्होंने सभी नए एम्स की प्रगति की समीक्षा की और टर्शियरी स्वास्थ्य सेवाओं, सर्जरी, डायग्नोस्टिक्स, चिकित्सा उपकरणों की कार्यक्षमता, संकाय/गैर-संकाय पदों, पूंजीगत निधि के उपयोग, जन शिकायतों आदि की स्थिति का आकलन किया। बैठक के दौरान यह जानकारी दी गई कि वर्तमान में 18 एम्स में 14,860 बिस्तर और 404 ऑपरेशन थिएटर (ओटी) कार्यरत हैं। वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक लगभग 97.41 लाख ओपीडी पंजीकरण और 4.91 लाख आईपीडी भर्तियाँ की जा चुकी हैं।
नए एम्स किडनी, लिवर, हृदय, कॉर्निया और बोन मैरो सहित व्यापक अंग प्रत्यारोपण कार्यक्रम संचालित कर रहे हैं और वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक लगभग 629 अंग प्रत्यारोपण किए जा चुके हैं। एम्स में उन्नत क्लिनिकल सेवाएं प्रदान की जा रही हैं और इस वर्ष लगभग 3.18 लाख सर्जरी की गई हैं। कई एम्स में पैक्स ( पिक्चर आर्काइविंग एंड कम्युनिकेशन सिस्टम) सहित सभी एम्स में उच्च-स्तरीय डायग्नोस्टिक सुविधाएं स्थापित की गई हैं। बैठक के दौरान यह जानकारी दी गई कि अनुसंधान उत्पादन में भी वृद्धि हुई है और इस वर्ष अब तक 3,593 शोध पत्र प्रकाशित किए जा चुके हैं।
एम्स के प्रदर्शन को देखते हुए, केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने निर्देश दिया कि “प्रत्येक एम्स को अपने उत्कृष्टता के क्षेत्रों की पहचान करनी चाहिए और एक रोडमैप तथा कार्य बिंदु तैयार करने चाहिए। समग्र रूप से क्षेत्र में टर्शियरी देखभाल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए स्थानीय अस्पतालों के साथ रेफरल संपर्क को सुव्यवस्थित करने के सभी प्रयास किए जाने चाहिए।” उन्होंने छात्रों और रेजिडेंट डॉक्टरों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए संस्थानों में एक सहायक, तनाव-मुक्त और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने हेतु सक्रिय और निरंतर उपायों के महत्व पर जोर दिया।
श्रीमती श्रीवास्तव ने सभी ईडी को निर्देश दिया कि वे रिक्त संकाय पदों को भरने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएं और वर्ष में कम से कम 4 बार स्थायी चयन समिति (एसएससी) की बैठकें आयोजित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि संस्थानों को संसाधनों, विशेष रूप से उच्च-स्तरीय डायग्नोस्टिक और थेराप्यूटिक उपकरणों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करना चाहिए। एम्स में जनता के विश्वास को बनाए रखने के महत्व को रेखांकित करते हुए, उन्होंने ईडी को शिकायतों के प्रति संवेदनशील रहने और प्रत्येक संस्थान में उनके निवारण की गुणवत्ता में सुधार करने की सलाह दी।
****
पीके/केसी/आरटी/एसके/डीए
(रिलीज़ आईडी: 2338177)
आगंतुक पटल : 45