सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
45वें आईआईटीएफ 2026 में सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के मंडप में कुल ₹ 29.56 लाख की बिक्री हुई; ग्राहकों की बढ़ती दिलचस्पी से कारीगरों के लिए आर्थिक अवसर बढ़े
पिछले दिन की तुलना में कुल बिक्री में लगभग 70% की वृद्धि हुई है, जो स्वदेशी कारीगरी के प्रति लोगों की बढ़ती रुचि को प्रतिबिंबित करती है
19 राज्यों के 130 से अधिक कारीगरों ने भारत की समृद्ध हस्तशिल्प, हथकरघा और सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया
प्रविष्टि तिथि:
18 NOV 2026 7:14PM by PIB Delhi
राष्ट्रीय राजधानी के भारत मंडपम में चल रहे 45वें भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ) 2026 में, सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के मंडप (पवेलियन) को दर्शकों से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिल रही है। 17 नवंबर 2026 तक, यहाँ लगभग ₹ 29.56 लाख की कुल बिक्री दर्ज की गई है, जो स्वदेशी उत्पादों और पारंपरिक कारीगरी के प्रति ग्राहकों की बढ़ती दिलचस्पी को प्रतिबिंबित करती है।

16 नवंबर 2026 तक दर्ज ₹ 17.37 लाख की बिक्री की तुलना में, कुल बिक्री में लगभग 70 प्रतिशत की शानदार वृद्धि हुई है, जिसमें केवल एक दिन में लगभग ₹ 12.19 लाख की अतिरिक्त बिक्री हुई है। 15 नवंबर 2026 तक दर्ज ₹ 5.50 लाख की बिक्री के मुकाबले, कुल बिक्री में पांच गुना से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। यह वृद्धि ग्राहकों के बढ़ते समर्थन और इसमें भाग लेने वाले कारीगरों व उद्यमियों के लिए बाजार के बढ़ते अवसरों को दर्शाती है।

आईटीपीओ के भूतल पर हॉल नंबर 5 में स्थित मंत्रालय का मंडप, भारत की विविध कलात्मक परंपराओं, स्वदेशी कौशल और उद्यमशीलता प्रतिभा को प्रदर्शित करने के लिए एक बेहतरीन मंच बन गया है। साथ ही, यह पारंपरिक कारीगरों और ग्राहकों के बीच सीधे संवाद का अवसर भी प्रदान कर रहा है।

मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 19 राज्यों के 130 से अधिक कारीगर इस व्यापार मेले में अपने उत्पादों का प्रदर्शन कर रहे हैं। वे मंत्रालय के तीन प्रमुख निगमों - राष्ट्रीय अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम (एनएसएफडीसी), राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम (एनबीसीएफडीसी) और राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी वित्त एवं विकास निगम (एनएसकेडीसी) - के माध्यम से यहाँ हिस्सा ले रहे हैं।
अधिकारी ने बताया कि आईआईटीएफ 2026 में मंत्रालय के तीन शीर्ष निगमों की भागीदारी, बाजार के जुड़ाव को मजबूत करने, उद्यमिता को बढ़ावा देने और वंचित व हाशिए पर रहने वाले समुदायों के सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण को आगे बढ़ाने में उनकी भूमिका को और अधिक स्पष्ट करती है।

उन्होंने कहा कि इस मंडप में पारंपरिक हथकरघा, बारीकी से तैयार किए गए हस्तशिल्प, हाथ से बने आभूषण, वस्त्र, जूते-चप्पल, हस्तनिर्मित वस्तुएं और अन्य स्वदेशी उत्पादों की एक विस्तृत पेश की गयी है, जो देश के विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट कलात्मक परंपराओं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रतिबिंबित करती है।
अधिकारी ने कहा कि बिक्री में लगातार हो रही वृद्धि, पारंपरिक कारीगरों के कौशल, रचनात्मकता और उद्यमशीलता की क्षमता को मिल रही पहचान को रेखांकित करती है। आईआईटीएफ जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनियां कारीगरों को अपने उत्पादों की दृश्यता बढ़ाने, अपने ग्राहक आधार का विस्तार करने और अपनी आर्थिक संभावनाओं को मजबूत करने के लिए एक बेहतरीन मंच प्रदान करती हैं।

अधिकारी ने बताया कि सीधे बिक्री की सुविधा देने के अलावा, यह व्यापार मेला भाग लेने वाले कारीगरों को बदलती उपभोक्ता प्राथमिकताओं को समझने, बाजार के समकालीन रुझानों को जानने, नए व्यावसायिक संबंध बनाने और दीर्घकालिक उद्यमिता विकास के अवसरों की तलाश करने के मौके भी प्रदान करता है।
अधिकारी ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विजन और 'सबका साथ, सबका विकास' के सिद्धांत से प्रेरित होकर, मंत्रालय ने अनुसूचित जातियों, पिछड़े वर्गों, सफाई मित्रों और विमुक्त, घुमंतू व अर्ध-घुमंतू जनजातियों (डीएनटी) से जुड़े कारीगरों और उद्यमियों के बीच अधिक आर्थिक भागीदारी और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना जारी रखा है।

अधिकारी ने बताया कि आईआईटीएफ 2026 में मंत्रालय की भागीदारी का एक मुख्य आकर्षण 'ट्यूलिप' (पारंपरिक कारीगर उत्थान आजीविका कार्यक्रम) ब्रांड को बढ़ावा देना है। इसका उद्देश्य कारीगरों द्वारा बनाए गए उत्पादों के लिए बाजार में एक अलग पहचान बनाना और घरेलू तथा अंतरराष्ट्रीय उपभोक्ताओं के बीच उनकी मान्यता को बढ़ाना है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में राष्ट्रीय राजधानी के दिल्ली हाट में आयोजित 'शिल्प समागम मेला' के दौरान, सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने 'ट्यूलिप' पहल की शुरुआत की।

उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य पारंपरिक शिल्प कौशल को बाजार की वर्तमान जरूरतों के साथ जोड़ना, नवाचार और उद्यमिता को प्रोत्साहित करना, तथा कारीगरों के लिए आय के स्थायी स्रोत बनाने के अवसर उपलब्ध कराना है।
अधिकारी ने बताया कि 'ट्यूलिप ब्रांड के प्रचार और प्रमुख राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनियों में भागीदारी के माध्यम से, मंत्रालय एक समावेशी उद्यमशीलता इकोसिस्टम को मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है। इससे पारंपरिक कारीगरों को अपने कौशल और पारंपरिक ज्ञान को स्थायी आर्थिक अवसरों में बदलने में मदद मिलेगी।

अधिकारी ने बताया कि मंत्रालय के मंडप में आने वाले लोगों को भारत की विविध सांस्कृतिक और कलात्मक विरासत को जानने-समझने, कारीगरों से सीधे बातचीत करने और असली, स्वदेशी और हाथ से बने उत्पाद खरीदने के जरिये उनके आर्थिक सशक्तिकरण में योगदान देने का मौका मिल रहा है।

13 नवंबर 2026 को शुरू हुआ 45वां 'भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ) 2026' व्यापार, वाणिज्य, उद्यमिता और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के लिए एक बेहतरीन मंच है। यह अलग-अलग पृष्ठभूमि वाले उत्पादकों और उपभोक्ताओं को एक साथ लाता है।
आईआईटीएफ 2026 में अच्छी बिक्री और उपभोक्ताओं की लगातार भागीदारी को देखते हुए, सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय भारत की पारंपरिक कलात्मक विरासत को सहेजने, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने, सतत आजीविका को मजबूत करने और 'विकसित भारत @ 2047' के विजन के अनुरूप समावेशी सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के अपने संकल्प की पुष्टि करता है।
***
पीके / केसी / आरटी / जेके /डीए
(रिलीज़ आईडी: 2338164)
आगंतुक पटल : 57