सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
नमस्ते योजना ने केरल के पलक्कड़ में सफाई कर्मचारी श्री सिनु के लिए सुरक्षित कार्य परिस्थितियां और गरिमापूर्ण जीवन को बढ़ावा दिया
प्रविष्टि तिथि:
18 NOV 2026 5:27PM by PIB Delhi
पीपीई किट 47 वर्षीय सिनु के लिए (नाम परिवर्तित) केवल सुरक्षा उपकरणों से कहीं अधिक महत्व रखती है। यह सफाई कर्मचारियों के सामने आने वाले व्यावसायिक जोखिमों की पहचान को दर्शाती है और स्वच्छ एवं स्वस्थ समुदायों को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले लोगों की सुरक्षा, गरिमा और सम्मान के महत्व को रेखांकित करती है।
केरल के पलक्कड़ निवासी सफाई कर्मचारी श्री सिनु वर्षों से कचरे, धूल और संभावित रूप से हानिकारक गैसों के दैनिक संपर्क में रहते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे थे। पर्याप्त व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों (पीपीई) के अभाव में उन्हें श्वसन संबंधी समस्याओं, त्वचा संक्रमण और काम से जुड़ी अन्य बीमारियों सहित कई व्यावसायिक स्वास्थ्य जोखिमों का सामना करना पड़ता था।
अपने परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य और एकमात्र आर्थिक सहारा होने के कारण, उनके स्वास्थ्य में किसी भी प्रकार की गिरावट से उनके परिवार की खुशहाली और आर्थिक स्थिरता प्रभावित हो सकती थी। इन चुनौतियों के बावजूद, वे अपने काम के प्रति समर्पित रहे और सुरक्षित परिस्थितियों में गरिमा एवं आत्मविश्वास के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की आकांक्षा रखते थे।
7 अक्टूबर, 2025 को श्री सिनु को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की राष्ट्रीय मशीनीकृत स्वच्छता इकोसिस्टम कार्रवाई (नमस्ते) योजना के तहत एक संपूर्ण पीपीई किट प्राप्त हुई। यह उनके कार्य की परिस्थितियों में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। इस किट में सुरक्षा हेलमेट, सुरक्षा चश्मा, फिल्टर सहित गैस मास्क, नाइट्राइल दस्ताने, गम बूट और पूरे शरीर की पूर्ण रूप से सुरक्षा करने वाले कपड़े शामिल थे।

सुरक्षात्मक उपकरणों ने स्वच्छता संबंधी गतिविधियों को अंजाम देते समय खतरनाक पदार्थों के सीधे संपर्क में आने के जोखिम को कम करने में मदद की है। आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध होने से अब वे अधिक आत्मविश्वास और कार्यस्थल पर बेहतर सुरक्षा की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर पा रहे हैं।
इस पहल से व्यावसायिक सुरक्षा से जुड़ी लंबे समय से चली आ रही चिंता का समाधान करते हुए उनकी कार्य परिस्थितियों में सार्थक सुधार हुआ है। हालांकि, इस सहायता से उनकी आय में प्रत्यक्ष रूप से कोई बदलाव नहीं आया है, लेकिन इससे संभावित स्वास्थ्य जोखिमों को कम करने और अपने कल्याण के लिए बेहतर सावधानियां बरतते हुए आजीविका जारी रखने के प्रति उनका आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद मिली है।
नमस्ते योजना के माध्यम से सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय सुरक्षात्मक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करके और सुरक्षित कार्य पद्धतियों को बढ़ावा देकर सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा, गरिमा और कल्याण को प्रोत्साहित करना जारी रखे हुए है। यह पहल सरकार की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके तहत यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सफाई कर्मचारी अपने महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन अधिक सुरक्षा और गरिमा के साथ कर सकें।
***
पीके/केसी/आरटी/केपी
(रिलीज़ आईडी: 2338090)
आगंतुक पटल : 58