वाणिज्‍य एवं उद्योग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारत-बेलारूस अंतर-सरकारी आयोग का 12वां सत्र नई दिल्ली में आयोजित किया गया


केंद्रीय राज्य मंत्री श्री जितिन प्रसाद और बेलारूस के विदेश मंत्री श्री मैक्सिम रिजेनकोव ने सत्र की सह-अध्यक्षता की

दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की और व्यापार, आर्थिक एवं निवेश संबंधों को मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की

कारोबारियों के बीच बेहतर भागीदारी के अवसर तलाशने के लिए सत्र के साथ भारत-बेलारूस व्यापार एवं निवेश मंच का आयोजन किया गया

प्रविष्टि तिथि: 16 NOV 2026 6:33PM by PIB Delhi

भारत-बेलारूस व्यापार, आर्थिक, वैज्ञानिक, तकनीकी और सांस्कृतिक सहयोग पर अंतर-सरकारी आयोग का 12वां सत्र 16 नवंबर, 2026 को नई दिल्ली में आयोजित किया गया। वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री श्री जितिन प्रसाद ने भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया, जबकि बेलारूस गणराज्य के विदेश मंत्री महामहिम श्री मैक्सिम रिजेनकोव ने बेलारूस के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया।

सत्र में द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति की समीक्षा की गई और दोनों देशों के बीच व्यापार, आर्थिक एवं निवेश संबंधों को और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने भारत और बेलारूस के बीच लंबे समय से चले आ रहे मैत्रीपूर्ण संबंधों की सराहना की। साथ ही, साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए नियमित आदान-प्रदान, संस्थागत स्तर पर बेहतर संपर्क और कारोबारी समुदायों की अधिक भागीदारी के महत्व पर जोर दिया।

चर्चा के दौरान आर्थिक सहयोग के कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों को शामिल किया गया, जिसमें द्विपक्षीय व्यापार और निवेश बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया। दोनों पक्षों ने वर्ष 2027 से 2031 के लिए सहयोग के रोडमैप पर भी चर्चा की। इसे भविष्य की प्राथमिकताओं की पहचान करने और द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग को दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया। चर्चा के प्रमुख क्षेत्रों में उद्योग, वित्तीय एवं बैंकिंग सेवाएं, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, औषधि, स्वास्थ्य सेवा, पर्यटन, शिक्षा, संस्कृति, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, निर्माण और सीमा शुल्क सहयोग शामिल रहे।

भारत-बेलारूस अंतर-सरकारी आयोग के 12वें सत्र के प्रोटोकॉल पर दोनों सह-अध्यक्षों ने हस्ताक्षर किए। इसके माध्यम से दोनों देशों ने द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

कारोबारी समुदाय को संबोधित करते हुए वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री श्री जितिन प्रसाद ने भारत की बढ़ती आर्थिक और विनिर्माण क्षमताओं तथा बेलारूस के कारोबारियों के साथ निकट सहयोग के लिए उपलब्ध अवसरों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही मित्रता व्यावहारिक और पारस्परिक रूप से लाभकारी आर्थिक साझेदारी बनाने का मजबूत आधार है। उन्होंने कारोबारियों को संयुक्त उद्यम, प्रौद्योगिकी साझेदारी, निवेश के अवसरों और कारोबारियों के बीच सीधे संपर्क को बढ़ावा देने की संभावनाएं तलाशने के लिए प्रोत्साहित किया।

श्री जितिन प्रसाद ने औषधि, कृषि एवं औद्योगिक मशीनरी, इंजीनियरिंग, रसायन, डिजिटल प्रौद्योगिकी और वैज्ञानिक अनुसंधान जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने दोनों देशों के कारोबारियों को बाजार तक पहुंच, स्थानीय साझेदारी, संयुक्त विकास और मानवरहित हवाई प्रणालियों तथा उन्नत विनिर्माण प्रौद्योगिकियों सहित उभरते क्षेत्रों में सहयोग के अवसर तलाशने के लिए भी प्रोत्साहित किया।

अंतर-सरकारी आयोग के 12वें सत्र के दौरान 16 नवंबर, 2026 को नई दिल्ली में भारत-बेलारूस व्यापार एवं निवेश मंच का भी आयोजन किया गया। इस मंच में भारत और बेलारूस के कारोबारी प्रतिनिधियों, उद्योग संघों और सरकारी संस्थानों ने हिस्सा लिया। इसने सीधे संवाद, विचारों के आदान-प्रदान और व्यापार, निवेश एवं वाणिज्यिक सहयोग के नए क्षेत्रों की संभावनाएं तलाशने का अवसर प्रदान किया।

इस मंच में बेलारूस की विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों ने भाग लिया। इनमें वाहन एवं कृषि मशीनरी, खनन उपकरण, औषधि, रसायन, सूक्ष्म इलेक्ट्रॉनिक्स, बैंकिंग, कृषि और इंजीनियरिंग क्षेत्र की कंपनियां शामिल थीं। चर्चा में संयुक्त उद्यम, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण, विनिर्माण का स्थानीयकरण, अनुसंधान एवं विकास और आपूर्ति श्रृंखला के मजबूत संबंधों की संभावनाओं पर ध्यान केंद्रित किया गया। कृषि एवं नागरिक उपयोग वाली मानवरहित हवाई प्रणालियों, औषधि क्षेत्र में सहयोग, खनन उपकरण, जल शोधन प्रौद्योगिकियों और खाद्य प्रसंस्करण को भी भविष्य में सहयोग के संभावित क्षेत्रों के रूप में रेखांकित किया गया।

दोनों पक्षों ने अपने कारोबारी समुदायों के बीच नियमित संपर्क बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया और उद्यमों को चर्चा के दौरान सामने आए अवसरों को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।

भारत और बेलारूस ने पहचाने गए क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने तथा अपनी आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए मिलकर काम जारी रखने पर सहमति जताई। दोनों पक्षों ने भारत-बेलारूस अंतर-सरकारी आयोग का 13वां सत्र वर्ष 2027 में आयोजित करने पर भी सहमति व्यक्त की। इसकी तारीख और एजेंडा राजनयिक माध्यमों से अंतिम रूप दिए जाएंगे।

 

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image001_20261116183444_d150b0.jpghttps://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image002_20261116183450_5dbd4d.jpg

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image003_20261116183455_c81cfa.jpghttps://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image004_20261116183501_852817.jpg

 

***

पीके / केसी / आरटी/ केजे/


(रिलीज़ आईडी: 2337159) आगंतुक पटल : 54
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Gujarati