रक्षा मंत्रालय
पुनर्वास महानिदेशालय 20 नवंबर, 2026 को गुरुग्राम में पूर्व सैनिकों के लिए रोजगार मेले का आयोजन करेगा
प्रविष्टि तिथि:
16 NOV 2026 5:15PM by PIB Delhi
हरियाणा के गुरुग्राम में रक्षा मंत्रालय के पूर्व सैनिक कल्याण विभाग के अंतर्गत पुनर्वास महानिदेशालय (डीजीआर) द्वारा एक रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य पूर्व सैनिकों को सशक्त बनाना और उन्हें असैन्य कार्यबल में दोबारा शामिल होने में सहायता प्रदान करना है। यह रोजगार मेला 20 नवंबर, 2026 को हरियाणा में गुरुग्राम के शहीद अतुल अटारी मार्ग के निकट स्थित 54 एएसपी, वायुसेना स्टेशन में आयोजित होगा।
यह रोजगार मेला भारतीय थलसेना, नौसेना एवं वायुसेना के पूर्व सैनिकों को एक विशेष मंच उपलब्ध कराएगा, जहां पर वे सुरक्षा, सूचना प्रौद्योगिकी, प्रशासन, रसद, स्वास्थ्य सेवा और अभियांत्रिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख कॉर्पोरेट तथा औद्योगिक नियोक्ताओं से जुड़ सकेंगे।
यह पहल पूर्व सैनिकों के पुनर्वास और कल्याण के प्रति रक्षा मंत्रालय के पूर्व सैनिक कल्याण विभाग की निरंतर वचनबद्धता को दर्शाती है। इसके माध्यम से पूर्व सैनिकों के अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, तकनीकी विशेषज्ञता और पेशेवर अनुभव के महत्व को मान्यता दी जा रही है, जो असैन्य कार्यबल की आवश्यकताओं के लिए बेहद प्रासंगिक हैं। वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान पुनर्वास महानिदेशालय (डीजीआर) देशभर में विभिन्न स्थानों पर पूर्व सैनिकों के लिए कुल 18 रोजगार मेलों का आयोजन कर रहा है।
पुनर्वास महानिदेशालय के रोजगार मेले पूर्व सैनिकों को संभावित नियोक्ताओं के समक्ष अपने कौशल, अनुभव और पेशेवर क्षमताओं को प्रदर्शित करने के लिए एक समर्पित मंच उपलब्ध कराते हैं। साथ ही, रोजगार उपलब्ध कराने वाले ये आयोजन विभिन्न संगठनों को अनुशासित, कुशल और अनुभवी पेशेवरों से जुड़ने का अवसर भी प्रदान करते हैं।
नियोक्ता पूर्व सैनिकों के बायोडाटा देखने और अपनी भर्ती संबंधी आवश्यकताओं के अनुरूप उपयुक्त उम्मीदवारों की पहचान करने के लिए निःशुल्क पंजीकरण कर सकते हैं। वे रोजगार मेले के दौरान चुने गए उम्मीदवारों के साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया की भी योजना बना सकते हैं। इससे नियोक्ताओं और रोजगार की तलाश कर रहे पूर्व सैनिकों के बीच सार्थक संवाद व बेहतर समन्वय स्थापित हो सकेगा।
नियोक्ता और पूर्व सैनिक www.esmhire.com पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। यह विशेष रूप से पूर्व सैनिकों के लिए विकसित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित रोजगार मंच है। पंजीकरण का लिंक पुनर्वास महानिदेशालय (डीजीआर) की वेबसाइट www.dgrindia.gov.in पर रोजगार मेला बटन के अंतर्गत भी उपलब्ध है। इसके लिए पंजीकरण शुरू हो चुका है और ये पूर्व सैनिकों एवं नियोक्ताओं अर्थात दोनों के लिए यह पूरी तरह निःशुल्क है।
दिनांक और समय: 20 नवंबर 2026, सुबह 7:00 बजे से स्थान: 54 एएसपी, एयर फोर्स स्टेशन, शहीद अतुल अटारी मार्ग के पास, गुरुग्राम, हरियाणा।
अधिक जानकारी के लिए संपर्क करें: -
● संयुक्त निदेशक, डीआरजेड (पश्चिम): drzwcdm@desw.gov.in | फोन: 0172-2992652
● संयुक्त निदेशक (एसई), डीजीआर: seopadgr@desw.gov.in | फोन: 011-20863432
● निदेशक (एसई), डीजीआर : dirsedgr@desw.gov.in
*****
पीके/केसी/आरटी/एनके /डीके
(रिलीज़ आईडी: 2337126)
आगंतुक पटल : 36