वित्‍त मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

सीबीआईसी अध्यक्ष ने नई दिल्ली में आयोजित 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (आईआईटीएफ) 2026 में जीएसटी और सीमा शुल्क पवेलियन का उद्घाटन किया


सीबीआईसी पवेलियन में अगली पीढ़ी के जीएसटी प्रक्रिया सुधार, अपडेटेड बैगेज नियम 2026 और सीबीआईसी की डिजिटल पहल प्रदर्शित की गई; हेल्पडेस्क आगंतुकों को जीएसटी, सीमा शुल्क और संबंधित सेवाओं पर मौके पर ही मदद प्रदान करते हैं

प्रविष्टि तिथि: 16 NOV 2026 5:22PM by PIB Delhi

केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) अध्यक्ष श्री विवेक चतुर्वेदी ने आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (आईआईटीएफ) 2026 में जीएसटी एवं सीमा शुल्क पवेलियन का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में सीबीआईआईसी के सदस्य और विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

आईआईटीएफ 2026 के अंतर्गत स्थापित यह पवेलियन, जिसका विषय 'विकास और विरासत' है, वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) और सीमा शुल्क के क्षेत्र में सीबीआईसी की ओर से किए गए बदलावकारी प्रयासों को प्रदर्शित करने के लिए एक संवादात्मक मंच प्रदान करता है। यह कर प्रशासन को सरल बनाने, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस बढ़ाने, अंतर्राष्ट्रीय व्यापार को प्रोत्साहन देने और नागरिक-केंद्रित सेवा वितरण को मजबूत करने के प्रति केंद्र सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता को उजागर करता है। अगली पीढ़ी के जीएसटी प्रक्रिया सुधारों और बैगेज नियम, 2026 के बारे में जागरूकता पैदा करने पर विशेष जोर दिया गया है, जिससे आगंतुक कर और सीमा शुल्क प्रक्रियाओं में नवीनतम बदलावों और उनसे प्राप्त होने वाले लाभों को समझ सकें।

पवेलियन में आगंतुकों को मौके पर ही मदद प्रदान करने और उनके प्रश्नों का समाधान करने के लिए समर्पित हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। अधिकारियों और संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों की ओर से संचालित ये हेल्प डेस्क जीएसटी, सीमा शुल्क, वस्तु एवं सेवा कर नेटवर्क (जीएसटीएन), इनवॉइस पंजीकरण पोर्टल (आईआरपी), आईसीगेट और केंद्रीकृत सार्वजनिक शिकायत निवारण एवं निगरानी प्रणाली (सीपीजीआरएएम) से संबंधित सेवाएं प्रदान करते हैं। आगंतुक जीएसटी पंजीकरण, रिटर्न दाखिल करने, धनवापसी, ई-इनवॉइसिंग, सीमा शुल्क प्रक्रियाओं, सामान संबंधी प्रावधानों, आयात-निर्यात सुविधा और शिकायत निवारण के बारे में मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं। यह पहल सार्वजनिक मदद के लिए एक एकल-बिंदु इंटरफेस प्रदान करती है और विभाग तथा नागरिकों के बीच सीधे संवाद को सुगम बनाती है।

जनभागीदारी और जागरूकता को अधिक संवादात्मक और आकर्षक बनाने के लिए, पवेलियन में सभी आयु वर्ग के आगंतुकों के लिए कई नवीन शैक्षिक और मनोरंजक गतिविधियां उपलब्ध हैं। इनमें वर्चुअल रिएलिटी (वीआर) गेम्स, वेंट्रिलोक्विस्ट शो, कठपुतली शो, इंटरैक्टिव क्विज़, जादू के शो, ऑगमेंटेड रियलिटी (एआर) सेल्फी जोन और नुक्कड़ नाटक शामिल हैं। इन गतिविधियों को जीएसटी, सीमा शुल्क और करदाता सेवाओं से संबंधित महत्वपूर्ण संदेशों को मनोरंजक और आसानी से समझ में आने वाले तरीके से संप्रेषित करने के लिए डिजाइन किया गया है, विशेष रूप से बच्चों और युवाओं को आकर्षित करते हुए सरलीकृत कर अनुपालन और विभाग की पहलों के बारे में अधिक जागरूकता को प्रोत्साहन दिया गया है।


यह पवेलियन सूचनात्मक प्रदर्शनों, शैक्षिक सामग्री और जागरूकता सामग्री के माध्यम से विभाग की डिजिटल परिवर्तन पहलों को भी प्रदर्शित करता है, जो पारदर्शिता, दक्षता और अनुपालन में सुगमता को प्रोत्साहन देने में प्रौद्योगिकी की भूमिका को उजागर करता है। जीएसटी और सीमा शुल्क पवेलियन इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर की पूरी अवधि (14-27 नवंबर) के दौरान आगंतुकों के लिए खुला रहेगा। यह पहल नागरिक सशक्तिकरण, करदाताओं की सुविधा, अनुपालन में सुगमता और कुशल सेवा वितरण के प्रति सीबीआईसी की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

***

पीके/केसी/आरटी/एमएम


(रिलीज़ आईडी: 2337122) आगंतुक पटल : 37
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu