सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

गोवा के तटीय क्षेत्र में बना एनएच-66 सम्‍पर्क, विकास और प्राकृतिक सौंदर्य का शानदार संगम


दक्षिण गोवा में 7.74 किलोमीटर लंबा कैनाकोना बाईपास कोंकण तट के मनोरम प्राकृतिक परिदृश्यों से गुजरते हुए विभिन्न समुदायों को आपस में जोड़ता है

प्रविष्टि तिथि: 16 NOV 2026 4:58PM by PIB Delhi

दक्षिण गोवा में राष्ट्रीय राजमार्ग-66 (एनएच-66) पर यात्रा कोंकण तट की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने का भी अवसर प्रदान करती है। नदियों, घने वन क्षेत्रों और अरब सागर के मनोरम दृश्यों के बीच से गुजरता यह राजमार्ग कोंकण तट के प्राकृतिक दृश्‍यों को दर्शाता है। कैनाकोना बाईपास आधुनिक सड़क अवसंरचना और गोवा की प्राकृतिक सुन्‍दरता के बीच तालमेल का उदाहरण है।

राष्ट्रीय राजमार्ग-66 गलगीबाग, तालपोना और मैक्सेम नदियों पर बने तीन पुलों से होकर गुजरता है। इस दौरान यात्रियों को चमकते जल, हरे-भरे प्राकृतिक परिवेश और समुद्र तट के मनमोहक दृश्य देखने को मिलते हैं। गलगीबागा समुद्र तट के निकट नदी और समुद्र तटीय परिदृश्य का संगम इस मार्ग की प्राकृतिक सुंदरता को और बढ़ा देता है। इससे यहां की यात्रा  यादगार बन जाती है।

कैनाकोना बाईपास: क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के मार्गदर्शन में विकसित 7.74 किलोमीटर लंबा, चार लेन वाला कैनाकोना बाईपास वर्ष 2019 से परिचालन में है। यह दक्षिण गोवा में चार रास्ता से माशेम तक संपर्क स्थापित करता है। एनएच-66 के एक महत्वपूर्ण हिस्से के रूप में यह बाईपास कैनाकोना क्षेत्र में कनेक्टिविटी को बेहतर बनाता है और यात्रियों, स्थानीय निवासियों तथा पर्यटकों को सुविधाजनक मार्ग उपलब्ध कराता है।

यह बाईपास लोगों और माल की आवाजाही को सुगम बनाकर स्थानीय व्यवसायों, आजीविका के साधनों और महत्वपूर्ण स्थलों तक पहुंच को बढ़ावा देता है। इस अवसंरचना के तीन नदी पुल इसकी महत्वपूर्ण कड़ियां हैं। ये जलधाराओं के ऊपर निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के साथ-साथ आसपास का मनमोहक दृश्य भी प्रस्तुत करते हैं।

एनएच-66: भारत के पश्चिमी तट का एक प्रमुख राजमार्ग

कैनाकोना बाईपास एनएच-66 का हिस्सा है। यह भारत के प्रमुख तटीय राजमार्गों में से एक है, जो महाराष्ट्र के पनवेल से तमिलनाडु के कन्याकुमारी तक लगभग 1,600 किलोमीटर लंबा है। यह राजमार्ग पांच राज्यों—महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु से होकर गुजरता है तथा पश्चिमी समुद्र तट के किनारे स्थित प्रमुख शहरों, वाणिज्यिक केंद्रों, बंदरगाहों और पर्यटन स्थलों को आपस में जोड़ता है।

अरब सागर और पश्चिमी घाट के लगभग समानांतर गुजरने वाला एनएच-66 यात्रियों और माल की आवाजाही के लिए एक महत्वपूर्ण गलियारे के रूप में कार्य करता है। यह कृषि उपज, मत्स्य उत्पादों और औद्योगिक वस्तुओं के परिवहन को सुगम बनाता है तथा स्थानीय कारोबारियों और उत्पादकों को व्यापक बाजारों से जोड़ता है। वाणिज्यिक केंद्रों और बंदरगाहों से इसकी कनेक्टिविटी व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देती है।

विविध प्राकृतिक परिदृश्यों से होकर गुजरता राजमार्ग

पनवेल से शुरू होकर एनएच-66 महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र से गुजरता है। इस दौरान यह पेन, महाड, चिपलूण और रत्नागिरी जैसे शहरों से होते हुए गोवा में यह पणजी और मडगांव जैसे प्रमुख स्थलों को जोड़ता है और इसके बाद कारवार, उडुपी तथा मंगलुरु से होकर कर्नाटक की ओर आगे बढ़ता है।

इसके बाद यह राजमार्ग केरल के कन्नूर, कोझिकोड, कोच्चि, अलप्पुझा, कोल्लम और तिरुवनंतपुरम से गुजरते हुए तमिलनाडु के कन्याकुमारी तक पहुंचता है, जहां यह एनएच-44 से जुड़ता है।

इस मार्ग पर नदी के मुहानों और वनाच्छादित पहाड़ियों से लेकर समुद्र तटों, मछुआरों की बस्तियों और व्यस्त वाणिज्यिक केंद्रों तक विभिन्न प्रकार के प्राकृतिक एवं शहरी दृश्य देखने को मिलते हैं। ये विविध परिदृश्य भारत के पश्चिमी तट की भौगोलिक और सांस्कृतिक विविधता के साथ-साथ इस राजमार्ग से जुड़े समुदायों की विशेषताओं को भी दर्शाते हैं।

लोगों और स्थानों को जोड़ता अवसंरचना विकास

कैनाकोना बाईपास दर्शाता है कि राजमार्गों का विकास केवल सड़क संपर्क को बेहतर बनाने तक सीमित नहीं है। आवागमन को सुगम बनाने, आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और विभिन्न समुदायों को जोड़ने के माध्यम से इस तरह की अवसंरचना क्षेत्रीय विकास में योगदान देती है और सड़क उपयोगकर्ताओं की दैनिक जरूरतों को भी पूरा करती है।

गोवा में एनएच-66 पर नदियों के ऊपर बने पुल, हरी-भरी वादियों से गुजरते रास्ते और अरब सागर के मनमोहक दृश्य इस सफर को यादगार बनाते हैं। कैनाकोना बाईपास इसका एक उत्कृष्ट उदाहरण है। यह दर्शाता है कि किस प्रकार राजमार्ग अवसंरचना न केवल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करती है, बल्कि यात्रियों को भारत के पश्चिमी तट की अनुपम प्राकृतिक सुंदरता का अनुभव भी कराती है।

पीके/केसी/आरटी/जेके/जीआरएस


(रिलीज़ आईडी: 2337094) आगंतुक पटल : 23
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu