आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

दिल्ली के कचरा स्थल को मिला नया जीवन, पटेल चेस्ट ने कचरे को बनाया आकर्षण का केंद्र

प्रविष्टि तिथि: 16 NOV 2026 3:06PM by PIB Delhi

संचार और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से एक उपेक्षित स्थान को नया स्वरूप देते हुए, हाल तक कूड़ा संग्रहण केंद्र रहे दिल्ली के पटेल चेस्ट स्थित स्थल को स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 के तहत आरआरआर (रिड्यूस, रीयूज और रीसाइकिल) केंद्र के रूप में विकसित किया गया है।

कई वर्षों तक दिल्ली विश्वविद्यालय के पटेल चेस्ट के पास स्थित एक स्थान की पहचान केवल कचरा स्थल के रूप में थी। यहां स्थित पुराना ढलाव घर कचरा एकत्र करने के केंद्र के रूप में इस्तेमाल होता था। लोग वहां से बिना ध्यान दिए गुजर जाते थे। लेकिन स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 के तहत इस उपेक्षित स्थल को एक नया और आकर्षक स्वरूप देने की पहल की गई।

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के सिविल लाइंस क्षेत्र के सहयोग से डीएमएसडब्ल्यूएसएल के नेतृत्व में किए गए एक अनूठे बदलाव के तहत, कचरा संग्रहण के इस परित्यक्त स्थल को आरआरआर (रिड्यूस, रीयूज, रीसाइकिल) केंद्र और सेल्फी पॉइंट के रूप में विकसित किया गया। जो स्थान कभी कचरे के निस्तारण का प्रतीक था, वह अब सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण का केंद्र बन गया है।

 

इस बदलाव की पूरी प्रक्रिया अपने आप में एक प्रेरणादायक कहानी बयां करती है। लगभग 45 बेकार पड़े टायरों और 3,000 से अधिक इस्तेमाल की जा चुकी ईंटों का रचनात्मक ढंग से पुनः उपयोग करके एक आकर्षक सार्वजनिक स्थल तैयार किया गया। जिन सामग्रियों को कभी कचरा समझकर फेंक दिया जाता था, उन्हें रंग-बिरंगी कलाकृतियों और आकर्षक संरचनाओं में बदल दिया गया। इससे साबित होता है कि रचनात्मकता और सार्थक उद्देश्य के साथ कल के बेकार समझे जाने वाले सामान को आने वाले कल की पहचान बनाया जा सकता है।

आज दिल्ली विश्वविद्यालय के परिसर से गुजरने वाले विद्यार्थी इस स्थल से बचकर निकलने के बजाय यहां रुककर इसकी सराहना करते हैं। यहां बनाया गया आकर्षक सेल्फी पॉइंट आगंतुकों को अपनी ओर आकर्षित करता है। साथ ही, यह सतत विकास के बारे में चर्चा को बढ़ावा देता है और लोगों को उन वस्तुओं के महत्व पर फिर से विचार करने के लिए प्रेरित करता है, जिन्हें वे अक्सर बेकार समझकर फेंक देते हैं।

इसके पास ही आरआरआर केंद्र स्थित है, जहां नागरिक अपने अनुपयोगी कपड़े, किताबें, खिलौने और ई-कचरा जमा कराते हैं। इन वस्तुओं को कचरा भराव स्थलों (लैंडफिल) में भेजने के बजाय पुनः उपयोग, नवीनीकरण और जिम्मेदार पुनर्चक्रण के लिए उपलब्ध कराया जाता है। इससे इन वस्तुओं का उपयोगी जीवन बढ़ता है और समुदाय को भी लाभ मिलता है।

यह बदलाव केवल स्थल के सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह चक्रीय अर्थव्यवस्था की एक जीवंत मिसाल है, जहां कचरा किसी वस्तु का अंतिम पड़ाव नहीं, बल्कि कुछ नया सृजित करने की शुरुआत है।

आज पहले का यह ढलाव घर इस बात का उदाहरण है कि बदलाव संभव है। कभी कचरे से जुड़े इस स्थल ने अब लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक होने, पहल करने और सामुदायिक भागीदारी के लिए प्रेरित करने का केंद्र बन गया है।

स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 की भावना के अनुरूप, यह पहल दर्शाती है कि कचरा संग्रहण केंद्र भी एक आकर्षक स्थल, चर्चा का केंद्र और इस बात का प्रतीक बन सकता है कि शहर किस प्रकार कचरे को उपयोगी संसाधन में बदल सकते हैं।

फेंकी गई हर वस्तु की अपनी एक कहानी होती है, जिसे आगे बढ़ाया जा सकता है। दिल्ली के पटेल चेस्ट में इन कहानियों को एक नया मंच मिला है।

******

पीके/केसी/आरटी/एके/ओपी


(रिलीज़ आईडी: 2336967) आगंतुक पटल : 48
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu