स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जे.पी. नड्डा ने नजफगढ़ स्थित ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र (आरएचटीसी) की संस्थागत प्रगति की समीक्षा की
श्री जे.पी. नड्डा ने संस्थागत बुनियादी ढांचे और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने तथा उल्लेखनीय प्रगति के लिए आरएचटीसी, नजफगढ़ की सराहना की
आरएचटीसी में अगस्त से अक्टूबर 2026 के बीच 94,900 से अधिक ओपीडी में मरीजों का पंजीकरण और लगभग 36,000 आपातकालीन मामले दर्ज किए गए
केंद्र ने तीन शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और उनके उप-केंद्रों के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा नेटवर्क को मजबूत किया
प्रविष्टि तिथि:
13 NOV 2026 5:32PM by PIB Delhi
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा ने आज स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) के अंतर्गत नई दिल्ली के नजफगढ़ स्थित ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र (आरएचटीसी) की संस्थागत प्रगति और विकास की समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान मंत्री को अस्पताल एवं मरीजों की देखभाल संबंधी सेवाओं, जांच एवं सहायक सुविधाओं, मानव संसाधन, शैक्षणिक बुनियादी ढांचे, गुणवत्ता आश्वासन और समुदाय आधारित स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में संस्थान द्वारा की गई प्रगति की जानकारी दी गई।

सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जे.पी. नड्डा ने आरएचटीसी, नजफगढ़ द्वारा संस्थागत बुनियादी ढांचे और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए किए गए सराहनीय कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि संस्थान सही दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसकी विकास संबंधी पहलों को आगे बढ़ाने में आरएचटीसी की टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने संस्थान की प्रगति और विकास में सहयोग देने के लिए सफदरजंग अस्पताल और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के महत्वपूर्ण योगदान को भी स्वीकार किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी हितधारकों के निरंतर प्रयासों और सामूहिक प्रतिबद्धता से आरएचटीसी को मरीजों की देखभाल, चिकित्सा शिक्षा और सामुदायिक स्वास्थ्य सेवा के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में और अधिक मजबूत बनाया जा सकेगा।
अस्पताल और मरीजों की देखभाल संबंधी सेवाओं को मजबूत बनाना
आरएचटीसी, नजफगढ़ में अगस्त से अक्टूबर 2026 की अवधि के दौरान मरीजों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। इस दौरान संस्थान ने 10 विशेषज्ञताओं के अंतर्गत बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) में 94,927 मरीजों का उपचार किया और 35,985 मरीजों को आपातकालीन सेवाएं प्रदान कीं। इस अवधि में अस्पताल में 198 मरीजों को भर्ती किया गया।
संस्थान में कुल 691 शल्यक्रियाएं की गईं, जिनमें 101 बड़ी और 590 छोटी शल्यक्रियाएं शामिल थीं। इसी अवधि में इसके रेबीज रोधी केंद्र और सर्पदंश उपचार सुविधा ने भी बड़ी संख्या में मरीजों को सेवाएं प्रदान कीं।

अस्पताल में पूरी तरह कार्यरत प्रसव कक्ष, 350 से अधिक दवाओं की अद्यतन सूची वाली फार्मेसी और समर्पित आयुर्वेदिक एवं दंत चिकित्सा क्लीनिक उपलब्ध हैं। इससे मरीजों को प्रदान की जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा और व्यापक हुआ है।
जांच एवं सहायक बुनियादी ढांचे का विस्तार
समीक्षा के दौरान संस्थान में जांच एवं सहायक सेवाओं को मजबूत बनाने पर भी प्रकाश डाला गया। संस्थान की प्रयोगशाला को एनएबीएल से मान्यता प्राप्त है, जबकि अल्ट्रासाउंड (यूएसजी) सुविधा 24 अक्टूबर, 2026 को शुरू हुई और अब तक 148 जांचें की जा चुकी हैं। फिजियोथेरेपी और श्रवण जांच (ऑडियोमेट्री) इकाइयां भी कार्यरत हैं। अगस्त से अक्टूबर 2026 के बीच 252 ऑडियोमेट्री जांचें की गईं।
केंद्रीय निर्जीव आपूर्ति विभाग (सीएसएसडी), अपशिष्ट जल उपचार संयंत्र, मलजल उपचार संयंत्र और मेडिकल गैस पाइपलाइन प्रणाली जैसी अन्य महत्वपूर्ण सुविधाएं भी पूरी कर ली गई हैं।
संस्थान जनवरी 2027 तक रक्त भंडारण इकाई और शवगृह को शुरू करने की दिशा में काम कर रहा है। सीटी स्कैन और एक्स-रे सुविधाओं को 2027 की पहली तिमाही के दौरान शुरू करने की योजना है।
शैक्षणिक बुनियादी ढांचे और गुणवत्ता आश्वासन पर ध्यान
आरएचटीसी ने नर्सिंग शिक्षा और प्रशिक्षण संबंधी बुनियादी ढांचे को भी मजबूत किया है। सहायक नर्स एवं मिडवाइफ (एएनएम) प्रशिक्षण विद्यालय का नवीनीकरण किया गया है। इस विद्यालय में दो वर्षीय पाठ्यक्रम के लिए प्रतिवर्ष 44 विद्यार्थियों के प्रवेश की क्षमता है। संस्थान में 60 बिस्तरों की क्षमता वाला एएनएम छात्रावास भी है।
संस्थान ने अपने तीन शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के लिए राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) के तहत गुणवत्ता सुधार संबंधी पहल की है। इसके अंतर्गत चिह्नित 129 कार्य बिंदुओं में से 105 पूरे कर लिए गए हैं, जबकि 24 पर काम जारी है। राज्य स्तरीय मूल्यांकन और प्रमाणन का लक्ष्य दिसंबर 2026 रखा गया है। इसके बाद फरवरी 2027 से राष्ट्रीय स्तर का मूल्यांकन शुरू होने की योजना है।

संस्थान ने अनुपालन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण गतिविधियां भी पूरी कर ली हैं। इनमें दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) से जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन प्रमाणन, ई-कचरा प्रबंधन और गर्भधारण पूर्व एवं प्रसव पूर्व निदान तकनीक (पीसीपीएनडीटी) अधिनियम का अनुपालन शामिल है। ऊर्जा, अग्नि सुरक्षा, संरचनात्मक और सुरक्षा संबंधी ऑडिट पूरे कर लिए गए हैं, जबकि जल ऑडिट का काम जारी है।
भविष्य के विकास की रूपरेखा
समीक्षा के दौरान संस्थान की अल्पकालिक, मध्यमकालिक और दीर्घकालिक विकास योजनाओं पर भी चर्चा की गई। अल्पकालिक योजना के तहत आरएचटीसी का लक्ष्य दिसंबर 2026 तक थैलेसीमिया, नशामुक्ति, किशोर स्वास्थ्य, यौन रोग, रूमेटोलॉजी और गैर-संचारी रोगों से संबंधित विशेष क्लीनिक शुरू करना है।
मध्यमकालिक विकास योजना के तहत पारिवारिक चिकित्सा और आपातकालीन चिकित्सा में शिक्षण विभाग स्थापित करने की परिकल्पना की गई है। इन्हें 2027 की पहली तिमाही के अंत तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। दीर्घकालिक योजना में बीएससी नर्सिंग कॉलेज, संबद्ध स्वास्थ्य विज्ञान महाविद्यालय, आवासीय छात्रावास विकसित करना और चिकित्सा शिक्षा सुविधाओं का विस्तार करना शामिल है।
आरएचटीसी को 230 बिस्तरों वाले अस्पताल के रूप में उन्नत करने की प्रक्रिया पहले से ही चल रही है। इस प्रस्तावित विस्तार से मरीजों की देखभाल, चिकित्सा शिक्षा और संस्थागत प्रशिक्षण की क्षमता मजबूत होने की उम्मीद है।
समीक्षा में संस्थान के आगे के विकास के लिए आवश्यक प्रमुख परिचालन संबंधी जरूरतों पर भी चर्चा की गई। इनमें विशेषज्ञ चिकित्सकों, वरिष्ठ रेजिडेंट डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता के साथ-साथ बुनियादी ढांचे और प्रशासनिक मामलों से जुड़े मुद्दे शामिल थे।

आरएचटीसी के बारे में
वर्ष 1937 में स्थापित आरएचटीसी, नजफगढ़ का स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और सामुदायिक स्वास्थ्य देखभाल के क्षेत्र में लंबे समय से योगदान रहा है। यह संस्थान नजफगढ़, उजवा और पालम स्थित तीन शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (यूपीएचसी) और उनके संबंधित उप-केंद्रों के माध्यम से व्यापक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करता है। ये केंद्र ग्रामीण और अर्ध-शहरी आबादी की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करते हैं। यहां मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार कल्याण और रोग नियंत्रण कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान दिया जाता है। ये केंद्र चिकित्सा, नर्सिंग और पैरामेडिकल विद्यार्थियों के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण केंद्रों के रूप में भी कार्य करते हैं।
आरएचटीसी, नजफगढ़ की प्रगति सुलभ, व्यापक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के निरंतर प्रयासों को दर्शाती है। इसके साथ ही ऐसे संस्थानों का विकास भी किया जा रहा है, जो मरीजों की देखभाल, चिकित्सा शिक्षा, कौशल विकास और सामुदायिक स्वास्थ्य को एकीकृत करते हैं।
*****
पीके/ केसी/ आरटी/ वीएस /डीए
(रिलीज़ आईडी: 2335990)
आगंतुक पटल : 29