जनजातीय कार्य मंत्रालय
राष्ट्रीय जनजातीय साहित्य महोत्सव 2026 का दूसरा संस्करण नई दिल्ली में शुरू: “मौखिक परंपरा से समकालीन जनजातीय साहित्य तक”
“जनजातीय भाषाओं और मौखिक परंपराओं का संरक्षण विकसित भारत 2047 के निर्माण का एक महत्वपूर्ण आधार” – केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्री
जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़ा मनाने के लिए जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा दो दिवसीय महोत्सव आयोजित
देशभर के जनजातीय लेखक, कवि, शोधकर्ता और भाषा विशेषज्ञ अपनी रचनाएं एवं विचार साझा करेंगे
पहले दिन के सत्रों में जनजातीय साहित्य, कवि सम्मेलन और जनजातीय लोककथाओं पर चर्चा; जीवंत जनजातीय मूल्यों, सांस्कृतिक विरासत के दस्तावेजीकरण में सामुदायिक सहमति, राज्यों के जनजातीय पोर्टलों को आपस में जोड़ने तथा अभिलेखीय संग्रहों के डिजिटलीकरण पर विशेष ध्यान केन्द्रित
प्रविष्टि तिथि:
12 NOV 2026 7:57PM by PIB Delhi
माननीय प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवम्बर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में घोषित किया था। इसका उद्देश्य समृद्ध जनजातीय विरासत का उत्सव मनाना और जनजातीय नायकों के योगदान को राष्ट्रीय चेतना का हिस्सा बनाना है। इसी दृष्टिकोण को आगे बढ़ाते हुए, भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय ने आज नई दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर में दो दिवसीय राष्ट्रीय जनजातीय साहित्य महोत्सव के दूसरे संस्करण का शुभारंभ किया। जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़े के अवसर पर आयोजित यह महोत्सव माननीय प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी मार्गदर्शन में जनजातीय साहित्य, भाषाओं और मौखिक परंपराओं का उत्सव मना रहा है। इस महोत्सव में जनजातीय लेखक, कवि, शोधकर्ता और भाषा विशेषज्ञ एक मंच पर एकत्र हुए, जहां मौखिक परंपराओं से लेकर समकालीन साहित्य तक जनजातीय अभिव्यक्ति के विकास का उत्सव मनाया जा रहा है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मंत्र “विरासत भी, विकास भी” के अनुरूप यह महोत्सव विकसित भारत 2047 की कल्पना की पुनः पुष्टि करता है, जो अपनी विरासत से शक्ति प्राप्त करता है और यह सुनिश्चित करता है कि जनजातीय भाषाओं एवं ज्ञान प्रणालियों का संरक्षण और संवर्धन हो तथा उन्हें राष्ट्रीय मुख्यधारा में शामिल किया जाए।

इस महोत्सव का उद्घाटन माननीय केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्री श्री जुएल ओराम, माननीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उइके, नीति आयोग के माननीय सदस्य डॉ. जोराम अनिया, पद्मश्री श्री चामू कृष्ण शास्त्री, अध्यक्ष, भारतीय भाषा समिति, जनजातीय कार्य मंत्रालय की सचिव श्रीमती रंजना चोपड़ा तथा जनजातीय कार्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव श्री अनंत प्रकाश पांडेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर देशभर के जनजातीय लेखक, शोधकर्ता और भाषा विशेषज्ञ उपस्थित थे।
गणमान्य व्यक्तियों, जनजातीय लेखकों और विशेषज्ञों का स्वागत करते हुए जनजातीय कार्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव श्री अनंत प्रकाश पांडेय ने कहा कि जनजातीय समुदायों के ज्ञान और परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी के युवा जनजातीय लेखकों को अपनी भूमिका एक सेतु के रूप में निभानी होगी, ताकि वे अपने समुदायों की समृद्ध मौखिक परंपराओं को लिखित साहित्य में रूपांतरित कर सकें और अपने पूर्वजों के ज्ञान एवं बुद्धिमत्ता को भावी पीढ़ियों तथा व्यापक समाज तक पहुंचा सकें।
अपने उद्घाटन संबोधन में जनजातीय कार्य मंत्रालय की सचिव श्रीमती रंजना चोपड़ा ने कहा कि यह महोत्सव जनजातीय लेखकों और प्रकाशकों को एक मंच प्रदान करता है तथा वरिष्ठ एवं युवा लेखकों के बीच संवाद का अवसर सृजित करता है। उन्होंने देश के जनजातीय समुदायों की भाषाओं और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण के महत्व पर बल देते हुए कहा कि मौखिक परंपराओं के लुप्त होने से पहले उनका दस्तावेजीकरण किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव का उद्देश्य जनजातीय विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना और उसे भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखना है। राष्ट्रीय जनजातीय साहित्य महोत्सव के दूसरे संस्करण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आगामी सभी पखवाड़ों के दौरान यह महोत्सव एक वार्षिक आयोजन के रूप में निरंतर आयोजित किया जाता रहेगा।
पद्मश्री श्री चामू कृष्ण शास्त्री, अध्यक्ष, भारतीय भाषा समिति ने कहा कि किसी राष्ट्र की जागृति ज्ञान शक्ति, क्रिया शक्ति और इच्छा शक्ति पर आधारित होती है। उन्होंने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर राष्ट्र को एक भव्य, समृद्ध और एकजुट भारत के निर्माण के लिए जागृत किया जा सकता है। उन्होंने विविधता में एकता के महत्व पर बल देते हुए कहा कि भाषा राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
नीति आयोग के माननीय सदस्य डॉ. जोराम अनिया ने इस महोत्सव को भारत के आत्मसम्मान, प्राचीन परंपराओं और जनजातीय गौरव का उत्सव मनाने वाला एक ऐतिहासिक समागम बताया। भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका 'उलगुलान' जनजातीय संस्कृति, भाषा, परंपराओं और पहचान की रक्षा के लिए किया गया एक संघर्ष था। उन्होंने कहा, “भारत का वास्तविक और जीवंत साहित्य केवल पुस्तकों में ही नहीं मिलता, बल्कि यह हमारे जनजातीय समाजों के लोकगीतों, लोरियों और कहानियों के रूप में लोगों के हृदय में बसता है।” उन्होंने जनजातीय साहित्य के दस्तावेजीकरण के लिए ऐसा मंच तैयार करने हेतु जनजातीय कार्य मंत्रालय की सराहना की।
माननीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उइके ने जनजातीय विरासत को सम्मानित करने के लिए माननीय प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “माननीय प्रधानमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की ऐतिहासिक पहल की है। यह देश के जनजातीय नायकों, स्वतंत्रता सेनानियों, समाज सुधारकों और उनकी गौरवशाली विरासत को राष्ट्रीय चेतना से जोड़ने का एक संकल्प है।” उन्होंने जनजातीय मौखिक परंपराओं के सार को प्रस्तुत करने वाला दस बिंदुओं का एक ढांचा (दस बिंदु) प्रस्तुत किया, जिसमें लोककथाएं, लोकगीत, वीरगाथाएं, मिथक, कहावतें, पहेलियां, रीति-रिवाज और प्रार्थनाएं शामिल हैं।
केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्री श्री जुएल ओराम ने कहा कि जनजातीय भाषाओं के साहित्य, लोकगीतों, लोककथाओं और मौखिक परंपराओं का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण उनके संरक्षण के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस प्रयास में केवल लेखकों को ही नहीं, बल्कि गीतकारों, संगीतकारों, लोक कलाकारों और डिजिटल सामग्री निर्माताओं को भी शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कई जनजातीय भाषाओं की अपनी कोई लिपि नहीं है और कुछ बोलियां विलुप्त होने के कगार पर हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि लिपि का अभाव संरक्षण के मार्ग में बाधा नहीं बनना चाहिए तथा उपलब्ध भारतीय भाषाओं के माध्यम से मौखिक परंपराओं को संरक्षित किया जा सकता है। उन्होंने जानकारी दी कि जनजातीय साहित्य के संवर्धन और संरक्षण के लिए मंत्रालय साहित्य अकादमी तथा इस क्षेत्र में कार्यरत अन्य संगठनों के साथ मिलकर काम करेगा।

पहले सत्र “जनजातीय साहित्य: सामुदायिक स्मृतियों से समकालीन अभिव्यक्ति तक” में, आदिवासी साहित्य को एक ऐसी निरंतरता के रूप में देखा गया, जिसमें मौखिक परंपराएं, सांस्कृतिक स्मृतियां और समकालीन साहित्यिक सृजन शामिल हैं। इस सत्र का संचालन प्रो. अनिल कुमार बोरो ने किया, जबकि सुश्री के. वसमल्ली, डॉ. दमयंती बेसरा और डॉ. धर्मेंद्र पारे ने चर्चा में भाग लिया।
सुश्री के. वसमल्ली ने नीलगिरि के टोडा समुदाय का प्रतिनिधित्व करते हुए कहा कि भाषा के बिना किसी समुदाय की परंपराओं और संस्कृति का विकास संभव नहीं है। उन्होंने संकटग्रस्त टोडा भाषा के दस्तावेजीकरण के लिए किए जा रहे अपने प्रयासों के बारे में बताया। इस भाषा को बोलने वाले लोगों की संख्या केवल लगभग 2,000 है। उन्होंने रेडियो रिकॉर्डिंग, अपने प्रकाशित कार्यों तथा अंतरराष्ट्रीय ध्वन्यात्मक वर्णमाला और संशोधित तमिल लिपि का उपयोग करके तैयार किए गए 5,700 शब्दों के शब्दकोश के माध्यम से इस भाषा के संरक्षण के अपने प्रयासों को साझा किया। टोडा समुदाय और प्रकृति के बीच गहरे संबंध को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि यह समुदाय मूर्ति पूजा नहीं करता और उनके लिए “पहाड़ ही देवताओं के मंदिर हैं।” उन्होंने टोडा संस्कृति में निहित पर्यावरणीय महत्व के विभिन्न पहलुओं को भी साझा किया, जिनमें पवित्र पर्वतों और नदियों का विशेष स्थान तथा पुजारियों द्वारा उपयोग किए जाने वाले और कुलों के नामकरण में शामिल स्थानीय वनस्पतियों के प्रति श्रद्धा प्रमुख है।
प्रो. अनिल कुमार बोरो ने आधुनिकीकरण और बढ़ते व्यक्तिवाद के कारण पारंपरिक मूल्यों के क्षरण से जुड़ी चिंताओं पर विचार व्यक्त करते हुए आइजोल के मिजो समुदाय का उदाहरण दिया, जो शहर के यातायात में भी कड़े आत्म-अनुशासन का पालन करता है। उन्होंने कहा, “हम आधुनिक शहरी जीवनशैली अपना सकते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन मूल्यों का पालन कर सकते हैं, जिन्हें हमारे जनजातीय पूर्वज अपनाते और संरक्षित करते आए हैं।”
डॉ. धर्मेंद्र पारे ने कहा कि स्मृतियां भले ही धुंधली पड़ जाएं, लेकिन ज्ञान, जागरूकता, आचरण और परंपराएं कभी नष्ट नहीं होतीं। उन्होंने कहा कि कभी खेतों और घरों में साझा की जाने वाली मौखिक एवं अलिखित बुद्धिमत्ता का स्थान अब स्क्रीन लेती जा रही हैं। उन्होंने जनजातीय चेतना के सार को समझाने के लिए कुछ उदाहरण प्रस्तुत किए। इनमें एक ऐसा त्यौहार शामिल है, जिसमें शहद का सेवन व्यक्तिगत रूप से करने के बजाय पूरा समुदाय मिलकर करता है; गोंड समुदाय की एक कहानी, जिसमें दो भाई-बहन शहर के बाजार से इसलिए लौट गए क्योंकि वहां उनके देवी-देवताओं के लिए कोई स्थान नहीं था; तथा बैगा और पारधी समुदायों की नैतिक शिकार परंपराएं शामिल हैं, जिनके अंतर्गत गर्भवती पक्षियों का शिकार नहीं किया जाता। उन्होंने कहा कि वास्तविक संरक्षण केवल शब्दकोश तैयार करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इन मूल्यों को समझने और उन्हें अपने जीवन में अपनाने में निहित है।
दूसरा सत्र “जीवन का आनंद: जनजातीय कवि सम्मेलन” दो भागों में आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न जनजातीय भाषाओं के कवियों ने अपनी कविताओं का पाठ किया। इस सत्र का संचालन प्रो. कांजी पटेल ने किया। डॉ. रेखा खराड़ी, डॉ. जितेन्द्रभाई वजीरसिंह वसावा, सुश्री यशोदा मुर्मू, डॉ. जोमिर जिनी, प्रो. स्नेहलता नेगी और सुश्री पार्वती तिर्की ने अपनी कविताएं प्रस्तुत कीं।
तीसरे सत्र “जनजातीय लोक कथाएं: गीत, मिथक, कहानियां, कहावतें, लोकोक्तियां और मौखिक आख्यान” में जनजातीय मौखिक परंपराओं की विविधता पर चर्चा की गई। इसमें गीत, मिथक, पहेलियां और लोककथाएं शामिल थीं। इस सत्र का संचालन प्रो. सिल्वेनस लामारे ने किया, जबकि डॉ. लिसा लोमडाक, श्री अनुज मोहन प्रधान और सुश्री स्वाति आनंद ने चर्चा में भाग लिया।
अरुणाचल प्रदेश में अपने शोध के अनुभवों को साझा करते हुए डॉ. लिसा लोमडाक ने मौखिक परंपराओं के संरक्षकों, जैसे न्यिबू, मिडी और अबातानी तथा न्जिक-न्जेगाम का उल्लेख किया, जो लिखित माध्यम के बजाय स्मृति के माध्यम से ज्ञान को संरक्षित रखते हैं। उन्होंने मौखिक परंपराओं के संरक्षण में महिलाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि वे दैनिक कार्यों, विवाह समारोहों और अंत्येष्टि के दौरान गीतों के माध्यम से पीढ़ियों से चली आ रही कथाओं को सहेजती हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि शोधकर्ताओं को पवित्र परंपराओं और ज्ञान का प्रकाशन केवल संबंधित समुदाय की स्पष्ट अनुमति प्राप्त करने के बाद ही करना चाहिए।
श्री अनुज मोहन प्रधान ने ओडिशा के कुई भाषी समुदाय का प्रतिनिधित्व करते हुए कहा कि कुई भाषा में सृष्टि से जुड़ी पौराणिक कथाओं, पहेलियों और गीतों की समृद्ध मौखिक विरासत मौजूद है। हालांकि, औपचारिक लिपि के अभाव और आधुनिक बहुभाषिकता के बढ़ते प्रभाव के कारण यह भाषा धीरे-धीरे लुप्त होती जा रही है। उन्होंने कुई भाषा की एक पारंपरिक पहेली और कुछ लोककथाएं साझा कीं। इनमें एक ऐसी कहानी भी शामिल थी, जो यह दर्शाती है कि जनजातीय समुदाय बाहरी प्रभावों के कारण अपनी जड़ों और संस्कृति को खोने का जोखिम उठाते हैं।
सुश्री स्वाति आनंद ने छत्तीसगढ़ के बस्तर की सांस्कृतिक विरासत को साझा किया। इसमें बस्तर मड़ई उत्सव और रक्षक देवी-देवताओं से जुड़ी स्थानीय लोककथाएं शामिल थीं, जो आज भी सामुदायिक स्मृतियों और परंपराओं में जीवंत हैं।
समापन संबोधन में सत्र के संचालक ने तीन सुझाव प्रस्तुत किए: सभी राज्यों की जनजातीय कार्य संबंधी वेबसाइटों को मंत्रालय के मुख्य पोर्टल से जोड़ना, अंतरराष्ट्रीय संस्थानों और पुस्तकालयों के पास उपलब्ध जनजातीय समुदायों से संबंधित जानकारी का डिजिटलीकरण करना तथा उसे आम लोगों के लिए सुलभ बनाना। मेघालय के जीवित जड़ पुलों जैसी जनजातीय वैज्ञानिक एवं अभियांत्रिकी संबंधी ज्ञान प्रणालियों का वैज्ञानिक अध्ययन और दस्तावेजीकरण करना।

महोत्सव के दूसरे दिन मौखिक महाकाव्यों और वीरगाथाओं की परंपराओं तथा बहुभाषी शिक्षा में मौखिक परंपराओं की भूमिका पर सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही विभिन्न जनजातीय भाषाओं में कहानी और कविता पाठ होगा, जिसके बाद समापन सत्र आयोजित किया जाएगा।
*****
पीके/केसी/आरटी/केपी/डीए
(रिलीज़ आईडी: 2335655)
आगंतुक पटल : 25