आयुष
सीसीआरएएस-सीएआरआई और दिल्ली विश्वविद्यालय ने डीयू के नॉर्थ कैंपस में औषधीय पौधों की विविधता का दस्तावेजीकरण करने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए
प्रविष्टि तिथि:
12 NOV 2026 5:25PM by PIB Delhi
केंद्रीय आयुर्वेदीय विज्ञान अनुसंधान परिषद (सीसीआरएएस) - केंद्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान (सीएआरआई), नई दिल्ली और दिल्ली विश्वविद्यालय ने 10 नवंबर, 2026 को एक सहयोगात्मक परियोजना शुरू करने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इस परियोजना का शीर्षक “दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में आयुर्वेद में वर्णित औषधीय महत्व की वनस्पति विविधता का सूचीकरण” है।
इस समझौता ज्ञापन पर दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस, नई दिल्ली स्थित कुलपति कार्यालय में सीसीआरएएस के महानिदेशक प्रो. (वैद्य) रबिनारायण आचार्य और दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विकास गुप्ता ने औपचारिक रूप से हस्ताक्षर किए।
इस परियोजना का उद्देश्य दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस के 250-300 एकड़ क्षेत्र में उपलब्ध औषधीय पौधों की विविधता का व्यवस्थित रूप से दस्तावेजीकरण, पहचान और संरक्षण करना है। इस पहल के माध्यम से परिसर की समृद्ध वनस्पति विरासत का अध्ययन करने और आयुर्वेद में वर्णित औषधीय महत्व वाली पादप प्रजातियों का दस्तावेजीकरण करने का प्रयास किया जाएगा।
इस परियोजना के अंतर्गत की जाने वाली प्रमुख गतिविधियों में व्यापक क्षेत्रीय सर्वेक्षण, औषधीय पादप प्रजातियों की पहचान और उनका दस्तावेजीकरण, हर्बेरियम नमूनों (पादप संग्रह नमूनों) की तैयारी तथा परिसर में क्यूआर कोड युक्त नाम-पट्टिकाएं लगाना शामिल है। इससे औषधीय पौधों की आसानी से पहचान करने और उनके बारे में जानकारी प्राप्त करने में सुविधा होगी।
इस परियोजना के अंतर्गत नॉर्थ कैंपस की औषधीय वनस्पतियों का दस्तावेजीकरण करने वाली चित्रों से युक्त एक सचित्र पुस्तक भी तैयार की जाएगी। इसके साथ ही वैज्ञानिक निष्कर्षों को व्यापक स्तर पर प्रसारित करने के लिए संयुक्त अनुसंधान प्रकाशन भी किए जाएंगे।
इस अवसर पर दिल्ली विश्वविद्यालय की शैक्षणिक मामलों की डीन प्रो. के. रत्नाबली; दिल्ली के क्लस्टर इनोवेशन सेंटर (सीआईसी) की निदेशक प्रो. (डॉ.) शोभा बागई; सीएआरआई, नई दिल्ली के प्रभारी निदेशक डॉ. हेमंत पाणिग्रही; सीएआरआई, नई दिल्ली की अनुसंधान अधिकारी एवं परियोजना की प्रधान अन्वेषक (पीआई) डॉ. साक्षी शर्मा; दिल्ली विश्वविद्यालय के क्लस्टर इनोवेशन सेंटर (सीआईसी) में परियोजना के प्रधान अन्वेषक (पीआई) प्रो. (डॉ.) सुरेश कुमार तथा दिल्ली विश्वविद्यालय के दयाल सिंह कॉलेज के रसायन विज्ञान विभाग की प्रो. (डॉ.) वंदना भी उपस्थित थीं।
यह सहयोगात्मक पहल आयुर्वेद, जैव विविधता संरक्षण, औषधीय पादप अनुसंधान और वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण के क्षेत्रों में संस्थागत सहयोग को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे विश्वविद्यालय परिसर में उपलब्ध औषधीय वनस्पति संपदा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा औषधीय पादप संसाधनों के संरक्षण और उनके सतत उपयोग को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान मिलने की उम्मीद है।


***
पीके/केसी/आरटी/एसकेएस/केएस
(रिलीज़ आईडी: 2335523)
आगंतुक पटल : 41