जनजातीय कार्य मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारत जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा 12–13 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में राष्ट्रीय जनजातीय साहित्य महोत्सव का आयोजन किया जाएगा


दो दिवसीय महोत्सव में जनजातीय लेखकों, कवियों, विद्वानों और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े व्यक्तियों को एक मंच पर लाया जाएगा; इसका मुख्य उद्देश्य जनजातीय भाषाओं, मौखिक परंपराओं और मूल साहित्यिक विरासत का संरक्षण करना है

प्रविष्टि तिथि: 11 NOV 2026 7:44PM by PIB Delhi

जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा जनजातीय गौरव दिवस 2026 के उपलक्ष्य में 12–13 नवंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर के सिल्वर ओक में दो दिवसीय राष्ट्रीय जनजातीय साहित्य महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव का उद्देश्य भारत की समृद्ध एवं विविध जनजातीय साहित्यिक परंपराओं के उत्सव के लिए एक राष्ट्रीय मंच प्रदान करना, स्वदेशी भाषाओं और मौखिक कथाओं को बढ़ावा देना तथा जनजातीय लेखकों, कवियों, कहानीकारों और पारंपरिक ज्ञान के संरक्षकों के योगदान को मान्यता देना है। उद्घाटन सत्र में केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्री श्री जुएल ओराम, जनजातीय कार्य राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उइके, नीति आयोग के माननीय सदस्य डॉ. जोरम अनिया, भारतीय भाषा समिति के अध्यक्ष श्री चामू कृष्ण शास्त्री तथा जनजातीय कार्य मंत्रालय की सचिव श्रीमती रंजना चोपड़ा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।

यह महोत्सव माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत@2047 के विजन के अनुरूप है। इसमें जनजातीय समुदायों के ज्ञान, भाषाओं और सांस्कृतिक योगदान को भारत के समावेशी, ज्ञान-आधारित एवं सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित विकास के महत्वपूर्ण अंग के रूप में मान्यता दी जाएगी। साथ ही, यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा कि विकसित भारत की दिशा में देश की यात्रा में जनजातीय समुदायों की आवाज़ और उनकी विरासत अभिन्न रूप से शामिल रहें। यह महोत्सव जनजातीय साहित्यिक विरासत की विविधता का जश्न मनाने के लिए देश भर के जनजातीय लेखकों, कवियों, रचनाकारों, शोधकर्ताओं, भाषाविदों, शिक्षाविदों और सांस्कृतिक कलाकारों को एक मंच पर लाएगा।

जनजातीय(आदिवासी) साहित्य भारत की सभ्यतागत और सांस्कृतिक विरासत का एक महत्वपूर्ण भंडार है। सामुदायिक इतिहास, जीवन के अनुभवों, प्रकृति के साथ संबंधों, पारंपरिक पारिस्थितिक ज्ञान और सामूहिक स्मृतियों में निहित ये साहित्यिक परंपराएं मौखिक कथाओं, गीतों, लोककथाओं, कहानी-कथन और अभिव्यक्ति के स्वदेशी रूपों के माध्यम से पीढ़ी-दर-पीढ़ी हस्तांतरित होती रही हैं। हालांकि, कई जनजातीय भाषाओं और उनसे जुड़ी साहित्यिक परंपराओं को आज भी उनके दस्तावेजीकरण, पीढ़ी-दर-पीढ़ी हस्तांतरण और व्यापक प्रसार से संबंधित चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।

इस अमूल्य विरासत के संरक्षण के महत्व को ध्यान में रखते हुए, यह महोत्सव जनजातीय समुदायों की समृद्ध एवं विविध साहित्यिक परंपराओं का पता लगाएगा। इसमें मौखिक परंपराओं और सामुदायिक स्मृतियों से लेकर समकालीन साहित्यिक अभिव्यक्ति तक के निरंतर प्रवाह को समझने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान जनजातीय लोकसाहित्य के महत्व पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा, जिसमें अनुष्ठान संबंधी गीत, मिथक, लोककथाएं, पहेलियां, लोकोक्तियां, बाल परंपराएं, ऋतु आधारित कथाएं और महिलाओं की मौखिक परंपराएं शामिल हैं। इसके साथ ही, सामुदायिक इतिहास और सांस्कृतिक स्मृतियों के संरक्षण में मौखिक महाकाव्यों तथा वीरगाथाओं की भूमिका पर भी चर्चा की जाएगी।

इस महोत्सव में जनजातीय साहित्य, कविता, लोक-साहित्य और कहानी-कथन पर आधारित विषयगत सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विभिन्न जनजातीय भाषाओं का प्रतिनिधित्व करने वाले लेखक, कवि, विद्वान और इस क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ भाग लेंगे। इन सत्रों में बहुभाषी शिक्षा, भाषा और साक्षरता के क्षेत्र में मौखिक परंपराओं के योगदान पर विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही, पीढ़ी-दर-पीढ़ी पारिस्थितिक ज्ञान, सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों और सांस्कृतिक पहचान के हस्तांतरण में इन परंपराओं की भूमिका पर भी चर्चा होगी। विभिन्न जनजातीय भाषाओं में साहित्यिक कृतियों और रचनात्मक अभिव्यक्तियों को प्रस्तुत करने के लिए विशेष कविता-पाठ और कहानी-पाठ सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों के माध्यम से जनजातीय लेखकों और कवियों को अपनी रचनाओं एवं कथाओं को व्यापक श्रोताओं के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

इन साहित्यिक सत्रों के माध्यम से महोत्सव का उद्देश्य जनजातीय साहित्यिक विरासत को व्यापक पहचान दिलाना, स्वदेशी कथाओं के संरक्षण एवं उन्हें पीढ़ी-दर-पीढ़ी हस्तांतरित करने के प्रयासों को प्रोत्साहित करना तथा भारत के सांस्कृतिक और अकादमिक विमर्श में जनजातीय भाषाओं एवं साहित्यिक अभिव्यक्तियों को अधिक प्रमुखता प्रदान करना है।

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले 'जनजातीय गौरव दिवस' के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय जनजातीय साहित्य महोत्सव का उद्देश्य भारत के जनजातीय समुदायों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और उनके योगदान को सम्मानित करना है। यह महोत्सव भारत की सांस्कृतिक पहचान और सामूहिक विरासत के अभिन्न अंग के रूप में जनजातीय साहित्यिक एवं भाषाई विरासत के संरक्षण और उत्सव के महत्व को पुनः स्थापित करता है।

***

पीके/केसी/आरटी/पीकेपी/डीके


(रिलीज़ आईडी: 2335228) आगंतुक पटल : 34
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu