पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने ईएसएससी की सामान्य निकाय बैठक की अध्यक्षता की, भारत की वैज्ञानिक उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए नागरिक-केंद्रित विज्ञान संचार पर बल दिया
डॉ. सिंह ने डीप ओशन मिशन, मौसम पूर्वानुमान, महासागर सेवाओं और ध्रुवीय अनुसंधान के क्षेत्र में पृथ्वी विज्ञान संस्थानों की प्रमुख उपलब्धियों की समीक्षा की
मत्स्य-6000 और भारत-फ्रांस सहयोग से भारत का गहरे समुद्र में अन्वेषण कार्य आगे बढ़ रहा है : डॉ. जितेंद्र सिंह
महासागर सूचना सेवाओं, ध्रुवीय अभियानों और हिमनद अनुसंधान से भारत की वैज्ञानिक क्षमताओं एवं जनोपयोगिता का विस्तार हो रहा है : डॉ. जितेंद्र सिंह
वैज्ञानिक उपलब्धियों में तेजी लाने के लिए डॉ. जितेंद्र सिंह ने ध्रुवीय एवं ठोस पृथ्वी विज्ञान के लिए मिशन मोड दृष्टिकोण अपनाने का प्रस्ताव रखा
प्रविष्टि तिथि:
10 NOV 2026 5:27PM by PIB Delhi
केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ), कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन, परमाणु ऊर्जा तथा अंतरिक्ष विभाग राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज पृथ्वी प्रणाली विज्ञान परिषद (ईएसएससी) की दूसरी सामान्य निकाय बैठक की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने नागरिक-केंद्रित विज्ञान संचार पर बल देते हुए कहा कि भारत की वैज्ञानिक उपलब्धियों को आम जनता के लिए सरल, सहज और प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया जाना चाहिए।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने नागरिक-केंद्रित विज्ञान संचार को और अधिक बढ़ावा देने का आह्वान करते हुए कहा कि वैज्ञानिक सफलताओं, प्रौद्योगिकीय नवाचारों और अनुसंधान के परिणामों को सरल भाषा में लोगों तक पहुंचाना आवश्यक है, ताकि आम नागरिक उनकी प्रासंगिकता और राष्ट्रीय महत्व को समझ सकें।
बैठक में ईएसएससी के पांच घटक संस्थानों की वित्त वर्ष 2025-26 की वार्षिक रिपोर्टों और लेखापरीक्षित खातों की समीक्षा की गई। इन संस्थानों में राष्ट्रीय महासागर प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईओटी), भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (आईएनसीओआईएस), राष्ट्रीय पृथ्वी विज्ञान अध्ययन केंद्र (एनसीईएसएस), भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) और राष्ट्रीय ध्रुवीय एवं महासागर अनुसंधान केंद्र (एनसीपीओआर) शामिल हैं। बैठक में पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव डॉ. टी. श्रीनिवास कुमार, वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) की महानिदेशक डॉ. एन. कलैसेल्वी, पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के संयुक्त सचिव डॉ. जी.आर.एस. राव, मंत्रालय के अपर सचिव एवं वित्तीय सलाहकार चेतन प्रकाश जैन तथा मंत्रालय और इसके संस्थानों के वरिष्ठ वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों ने भाग लिया।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने इस बात पर जोर दिया कि अनुसंधान और तकनीकी उपलब्धियों को समाज के लिए अधिक सुलभ बनाने हेतु वैज्ञानिक ज्ञान के साथ पेशेवर संचार विशेषज्ञता का समन्वय आवश्यक है। उन्होंने संस्थानों की संचार टीमों के बीच बेहतर तालमेल, मीडिया पेशेवरों के साथ नियमित संवाद तथा वैज्ञानिक उपलब्धियों, तकनीकी अनुप्रयोगों और जनोपयोगी सेवाओं को अधिक प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए रचनात्मक माध्यमों के उपयोग को प्रोत्साहित किया।
डीप ओशन मिशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए डॉ. जितेंद्र सिंह को भारत के मानवयुक्त गहरे समुद्र में अन्वेषण कार्यक्रम के तहत हुई प्रमुख प्रगति की जानकारी दी गई। इसमें देश की 6,000 मीटर की गहराई तक जाने में सक्षम मानवयुक्त पनडुब्बी 'मत्स्य-6000' का विकास भी शामिल है। भारत और फ्रांस के संयुक्त अभियान के दौरान पनडुब्बी 'नॉटिल' से भारतीय समुद्रयात्रियों ने सफलतापूर्वक 4,025 मीटर और 5,002 मीटर की गहराई तक गोता लगाया। यह उपलब्धि भारत की गहरे समुद्र में अन्वेषण क्षमताओं के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
एनआईओटी ने स्वदेशी महासागर प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में हुई प्रगति की भी जानकारी दी। इनमें लक्षद्वीप के लिए समुद्री जल विलवणीकरण समाधान, अपतटीय मछली पिंजरा प्रौद्योगिकी, समुद्र विज्ञान संबंधी उपकरण, गहरे समुद्र में खनिज अन्वेषण और महासागरीय तापीय ऊर्जा रूपांतरण शामिल हैं। ये पहल महासागर अन्वेषण, समुद्री अनुसंधान और समुद्री संसाधनों के सतत उपयोग के क्षेत्र में भारत की क्षमताओं को मजबूत कर रही हैं।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने मिशन मौसम और पृथ्वी कार्यक्रम के तहत वैज्ञानिक प्रगति की भी समीक्षा की। इसमें भारत पूर्वानुमान प्रणाली, उन्नत संख्यात्मक मौसम पूर्वानुमान और वायुमंडलीय अवलोकन नेटवर्क के क्षेत्र में हुए विकास शामिल हैं।
आईआईटीएम का अनुसंधान बेहतर मॉडलिंग प्रणालियों, विस्तारित अवलोकन अवसंरचना तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता और मशीन लर्निंग के उभरते अनुप्रयोगों के माध्यम से मौसम एवं जलवायु पूर्वानुमान को मजबूत बना रहा है। इन प्रयासों का उद्देश्य पूर्वानुमान क्षमताओं में सुधार करना और मौसम एवं जलवायु संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए भारत की वैज्ञानिक तैयारी को सुदृढ़ करना है।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने मछुआरा समुदायों, तटीय आबादी और समुद्री क्षेत्र से जुड़े हितधारकों के लिए आईएनसीओआईएस की विस्तारित महासागर सूचना एवं परामर्श सेवाओं की समीक्षा की। इन सेवाओं में बहुभाषी समुद्री परामर्श, मछली पकड़ने से संबंधित जानकारी, समुद्री लहरों के कारण तटीय क्षेत्रों में जलभराव के पूर्वानुमान तथा महासागर अवलोकन संबंधी उत्पाद शामिल हैं। इनसे जनसेवा वितरण और तटीय क्षेत्रों की तैयारियों में महासागर विज्ञान के उपयोग को मजबूती मिल रही है।
एनसीईएसएस ने पृथ्वी विज्ञान के क्षेत्र में अपने वैज्ञानिक योगदानों की जानकारी प्रस्तुत की। इनमें भूस्खलन, विवर्तनिक प्रक्रियाओं, महासागरीय संरचनाओं, वायुमंडलीय एयरोसोल और पश्चिमी घाट में वर्षा से संबंधित अनुसंधान के साथ-साथ वैज्ञानिक प्रयोगशालाओं एवं अनुसंधान सुविधाओं का विकास शामिल है।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने ध्रुवीय एवं महासागर अनुसंधान के क्षेत्र में एनसीपीओआर की उपलब्धियों की समीक्षा की। इनमें 95 सदस्यों वाले 45वें भारतीय अंटार्कटिक अभियान, 16वें भारतीय आर्कटिक अभियान, हिमालय में हिमनदों की निगरानी तथा दक्षिणी महासागर में किए जा रहे वैज्ञानिक अध्ययन शामिल हैं।
ध्रुवीय पर्यावरण, हिमनदों की गतिशीलता, महासागर-वायुमंडल के बीच अंतःक्रिया और कार्बन चक्र से संबंधित अनुसंधान जलवायु परिवर्तन तथा वैश्विक पर्यावरणीय प्रक्रियाओं की गहरी समझ विकसित करने में निरंतर योगदान दे रहे हैं। इससे अंतरराष्ट्रीय ध्रुवीय अनुसंधान में भारत की भागीदारी भी मजबूत हो रही है।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने अपने समापन संबोधन में सदस्यों के सुझावों और योगदानों का स्वागत किया तथा मंत्रालय की ओर से उन पर आगे आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने सदस्यों को प्रोत्साहित किया कि वे औपचारिक बैठकों के अलावा भी अपने विचार और सुझाव उनके साथ-साथ सचिव एवं संबंधित अधिकारियों के साथ साझा करते रहें। उन्होंने इन संस्थानों को एक विस्तृत वैज्ञानिक परिवार बताते हुए कहा कि सभी संस्थान भारत की पृथ्वी विज्ञान संबंधी क्षमताओं को आगे बढ़ाने के साझा लक्ष्य की दिशा में सामूहिक रूप से कार्य कर रहे हैं।




***
पीके/केसी/आरटी/एसकेजे/एसके
(रिलीज़ आईडी: 2334782)
आगंतुक पटल : 79