नीति आयोग
azadi ka amrit mahotsav

तीन  नवंबर 2026 को नई दिल्ली में "इंडिया एसएंडटी स्कोरबोर्ड" का शुभारंभ

प्रविष्टि तिथि: 03 NOV 2026 5:37PM by PIB Delhi

नीति आयोग ने 3 नवंबर 2026 को सिविल सर्विसेज ऑफिसर्स इंस्टीट्यूट (CSOI), केजी मार्ग, नई दिल्ली में "इंडिया एसएंडटी स्कोरबोर्ड" का शुभारंभ किया। इस स्कोरबोर्ड का अनावरण नीति आयोग के उपाध्यक्ष श्री अशोक कुमार लाहिड़ी ने किया। नीति आयोग की एक प्रमुख पहल के रूप में विकसित यह स्कोरबोर्ड एक इंटरैक्टिव प्लेटफॉर्म है, जो भारतीय राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिदृश्य का एक एकीकृत दृश्य प्रदान करता है। इसे राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के बीच साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण और बेंचमार्किंग को सुगम बनाने के लिए डिज़ाइन किया गया है। नीति आयोग के वरिष्ठ सलाहकार प्रो. विवेक कुमार सिंह ने प्रतिभागियों का स्वागत किया और इस पहल के संदर्भ और उद्देश्यों को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि इस स्कोरबोर्ड को केवल आउटपुट की मात्रा से आगे बढ़कर गुणवत्ता, प्रभाव और सहयोग को दर्ज करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है, ताकि राज्य अपनी विशेषज्ञता और केंद्रित कार्रवाई के क्षेत्रों की पहचान कर सकें।

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव प्रो. उमेश वी. वाघमारे ने कहा कि यह स्कोरबोर्ड विज्ञान और प्रौद्योगिकी पर राष्ट्रीय साक्ष्य आधार में एक मूल्यवान राज्य-स्तरीय परिदृश्य जोड़ता है। उन्होंने भारत के अनुसंधान आधार को व्यापक बनाने में राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषदों और राज्य विश्वविद्यालयों की भूमिका पर प्रकाश डाला। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव डॉ. टी. श्रीनिवास कुमार ने रेखांकित किया कि पृथ्वी विज्ञान प्रत्येक राज्य से निकटता से जुड़ा हुआ है, तथा राज्यों द्वारा पूर्वानुमानों, पूर्व चेतावनियों और महासागरीय क्षेत्र के अवसरों का प्रभावी उपयोग करने के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में स्थानीय क्षमता का होना अनिवार्य है।

नीति आयोग के सदस्य (एसएंडटी) प्रो. अभय करंदीकर ने इस बात पर बल दिया कि विज्ञान और प्रौद्योगिकी में सुदृढ़ नीति विश्वसनीय और तुलनीय साक्ष्यों पर आधारित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अनुसंधान और नवाचार से संबंधित डेटा अब तक कई स्रोतों में बिखरा हुआ था, जिससे राज्यों के लिए अपनी वास्तविक स्थिति का आकलन करना कठिन हो जाता था। यह स्कोरबोर्ड एक ही इंटरैक्टिव डैशबोर्ड पर इकोसिस्टम, प्रकाशन और पेटेंट डेटा को वर्षों के रुझानों के साथ लाकर इस कमी को दूर करता है, ताकि राज्य समय के साथ अपनी प्रगति को ट्रैक कर सकें।

नीति आयोग के उपाध्यक्ष श्री अशोक कुमार लाहिड़ी ने इस बात पर जोर दिया कि विज्ञान और प्रौद्योगिकी में भारत की निरंतर प्रगति के लिए राज्यों की अधिक सक्रिय भूमिका आवश्यक है। सहकारी और प्रतिस्पर्धी संघवाद के सिद्धांत से प्रेरित होकर, उन्होंने उल्लेख किया कि यह स्कोरबोर्ड राज्यों को अपनी शक्तियों और कमियों की पहचान करने, एक-दूसरे से सीखने तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में बेहतर कार्यक्रमों और नीतियों को तैयार करने में मदद करेगा। उन्होंने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से इस मंच का पूरा उपयोग करने का आग्रह किया।

यह स्कोरबोर्ड उच्च शिक्षण संस्थानों, अनुसंधान एवं विकास (R&D) संस्थानों, डीप-टेक स्टार्टअप्स और इनक्यूबेटर्स सहित एसएंडटी इकोसिस्टम के डेटा के साथ-साथ शोध प्रकाशनों और पेटेंट जैसे एसएंडटी आउटपुट के डेटा को एक साथ लाता है। आउटपुट की मात्रा से आगे बढ़कर, यह प्राथमिक अनुसंधान क्षेत्रों और तीन क्षेत्रों-अकादमिक, सरकारी अनुसंधान एवं विकास प्रयोगशालाएं और उद्योग-में शोध की गुणवत्ता, प्रभाव, सहयोग और ओपन एक्सेस के संकेतकों को प्रस्तुत करता है। यह राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के बीच तुलना की सुविधा भी देता है और राज्य नीतियों और सर्वोत्तम प्रथाओं (बेस्ट प्रैक्टिसेज) सहित विस्तृत राज्य प्रोफाइल प्रदान करता है।

शुभारंभ के बाद स्कोरबोर्ड का अवलोकन तथा इसकी कार्यपद्धति और डेटा स्रोतों पर एक तकनीकी सत्र आयोजित किया गया। राज्य सरकारों और अकादमिक जगत के प्रतिष्ठित अतिथियों ने मंच के आगे के विकास के लिए अपने विचार और सुझाव साझा किए। राज्यों के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह मंच उनकी योजना निर्माण में सहायता करेगा तथा राज्य स्तर पर विज्ञान और प्रौद्योगिकी में संस्थागत क्षमता और कुशल मानव संसाधन विकसित करने में मददगार साबित होगा। परिचर्चा में इस बात की पुष्टि हुई कि राज्य स्तर पर विज्ञान और प्रौद्योगिकी का एक विश्वसनीय और तुलनीय साक्ष्य आधार राज्य एसएंडटी इकोसिस्टम को मजबूत करने तथा विकसित भारत@2047 के विजन की दिशा में भारत की यात्रा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इंडिया एसएंडटी स्कोरबोर्ड को यहां देखें: www.sts.niti.gov.in/

***

पीके/केसी/आरटी/जेएस /डीए


(रिलीज़ आईडी: 2332202) आगंतुक पटल : 69
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Urdu , English , Tamil