रसायन एवं पेट्रो-रसायन विभाग
14वां इंडिया केम 2026 में 22 अक्टूबर से मुंबई में वैश्विक रसायन और पेट्रोकेमिकल उद्योग के दिग्गज जुटेंगे
केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक तथा स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री श्री जेपी नड्डा कल मुंबई में इस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे
"एडवांटेज भारत: एक उभरता हुआ वैश्विक रसायन केंद्र" विषय पर आधारित तीन दिवसीय इस कार्यक्रम में भारत की औद्योगिक क्षमताओं, निवेश के अवसरों और उभरती प्रौद्योगिकियों का प्रदर्शन किया जाएगा
14वें इंडिया केम 2026 में जापान भागीदार देश के रूप में भाग लेगा
प्रविष्टि तिथि:
21 OCT 2026 2:40PM by PIB Delhi
इंडिया केम 2026 के 14वें संस्करण का आयोजन 22 से 24 अक्टूबर, 2026 तक मुंबई के एनईएससीओ स्थित बॉम्बे प्रदर्शनी केंद्र में किया जाएगा। रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के रसायन एवं पेट्रोकेमिकल विभाग और फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एफआईसीसी) इसका आयोजन संयुक्त रूप से करेंगे।
यह प्रमुख द्विवार्षिक कार्यक्रम नीति निर्माताओं, वैश्विक उद्योग जगत के नेताओं, निवेशकों, प्रौद्योगिकी प्रदाताओं, शोधकर्ताओं और अन्य हितधारकों को एक साथ लाएगा ताकि भारत के रसायन और पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में सहयोग, व्यापार और निवेश के अवसरों का पता लगाया जा सके।
इस आयोजन के 14 वें संस्करण का विषय "एडवांटेज भारत: एक उभरता हुआ वैश्विक रसायन केंद्र" है। इंडिया केम 2026 में एक अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी और सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जो इस आयोजन को भारत की औद्योगिक क्षमताओं, तकनीकी प्रगति और वैश्विक विनिर्माण तथा सोर्सिंग गंतव्य के रूप में इसकी क्षमता को प्रदर्शित करने के लिए एक प्रमुख मंच के रूप में स्थापित करेगा।
केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक तथा स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री श्री जेपी नड्डा इस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे । केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक तथा स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगी।

इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और ओडिशा के मुख्यमंत्री तथा केंद्र और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे।
भारतीय रसायन उद्योग में महत्वपूर्ण वृद्धि की संभावना है
भारत विश्व में रसायनों का छठा और एशिया में चौथा सबसे बड़ा उत्पादक है, इस स्थिति को देखते हुए 14 वां इंडिया केम 2026 सम्मेलन बहुत महत्व रखता है।
भारतीय रसायन उद्योग में उल्लेखनीय वृद्धि देखी जा रही है जिसके कारण इसके 2030 तक 300 बिलियन अमेरिकी डॉलर और 2040 तक 1 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है। इस क्षेत्र की विकास क्षमता बढ़ती मांग, निर्यात के अवसरों, जनसांख्यिकीय लाभांश, अपेक्षाकृत कम प्रति व्यक्ति खपत और सरकार की सहायक पहलों से समर्थित है।
शासन सुधारों, विश्व स्तरीय अवसंरचना, सुदृढ़ व्यापार और निवेश नीतियों, मजबूत नियामक ढांचे और प्रतिस्पर्धी लागतों पर कुशल श्रम की उपलब्धता से भारत के एक पसंदीदा वैश्विक गंतव्य के रूप में उभरने में बल मिल रहा है। साथ ही रसायन और पेट्रोकेमिकल क्षेत्र से घरेलू विनिर्माण को मजबूत करने, वैश्विक मूल्य श्रृंखला में भागीदारी बढ़ाने और भारत की दीर्घकालिक आर्थिक आकांक्षाओं को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की उम्मीद है।

मजबूत अंतर्राष्ट्रीय भागीदारी की उम्मीद है
इंडिया केम 2026 में जापान, संयुक्त राज्य अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, यूरोपीय संघ के देशों, लैटिन अमेरिका, वियतनाम, कोरिया और आसियान देशों सहित 100 से अधिक देशों के शामिल होने की उम्मीद है।
14वें इंडिया केम 2026 में जापान भागीदार देश के रूप में भाग लेगा। यह भारत-जापान आर्थिक सहयोग को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण है।
ग्लोबल सीईओ फोरम में 200 से अधिक भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शक , भारत और विदेश से 8,000 से अधिक व्यावसायिक प्रतिनिधि तथा भारत और विदेश से 50 से अधिक प्रमुख सीईओ शामिल होंगे। दक्षिण अमेरिका, संयुक्त राज्य अमेरिका, यूरोपीय संघ, स्वतंत्र राज्यों के राष्ट्रमंडल (सीआईएस) देशों, पश्चिमी यूरोप, मध्य पूर्व तथा दक्षिण और दक्षिणपूर्व एशिया से भी खरीदारों के प्रतिनिधिमंडलों के आने की उम्मीद है।
पेट्रोलियम, रसायन और पेट्रोकेमिकल निवेश क्षेत्रों (पीसीपीआईआर) तथा रासायनिक केंद्रों वाले राज्य - जिनमें गुजरात, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र शामिल हैं - अपनी क्षमताओं और निवेश के अवसरों का प्रदर्शन करेंगे।
रसायन मूल्य श्रृंखला में प्रौद्योगिकियों का प्रदर्शन
यह प्रदर्शनी रसायन, पेट्रोकेमिकल, प्रक्रिया संयंत्र मशीनरी और उपकरण सहित उत्पादों, प्रौद्योगिकियों और सेवाओं की एक विस्तृत श्रृंखला को कवर करेगी।
रसायन खंड में फाइन और स्पेशलिटी रसायन, कृषि रसायन तथा उर्वरक, बुनियादी रसायन, रंग और पिगमेंट, हरित और टिकाऊ रसायन, फार्मास्युटिकल सामग्री, जल उपचार रसायन, निर्माण रसायन और औद्योगिक अनुसंधान एवं नवाचार भी शामिल होंगे।
पेट्रोकेमिकल्स सेगमेंट में ऑटोमोटिव, एयरोस्पेस और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्रों के लिए पॉलिमर तथा इंजीनियरिंग प्लास्टिक, ओलेफिन, सिंथेटिक फाइबर, इलास्टोमर, एरोमैटिक्स एवं डेरिवेटिव, बायो-आधारित और पुनर्नवीनीकृत पेट्रोकेमिकल्स, परफॉर्मेंस प्लास्टिक, कंपोजिट सामग्री और स्पेशलिटी पॉलिमर का प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रक्रिया संयंत्र मशीनरी और उपकरण खंड में उन्नत मशीनरी, प्रक्रिया प्रौद्योगिकियां, इंजीनियरिंग और परियोजना सेवाएं, डिजिटलीकरण, स्वचालन, स्मार्ट विनिर्माण, पर्यावरण और प्रदूषण नियंत्रण प्रणाली, निस्पंदन और पृथक्करण प्रौद्योगिकियां, प्रयोगशाला उपकरण, विश्लेषणात्मक उपकरण, रोबोटिक्स और रासायनिक संयंत्रों के लिए एआई-संचालित समाधानों पर प्रकाश डाला जाएगा।
14 वां इंडिया केम 2026: विविध व्यावसायिक अवसर
14 वां इंडिया केम 2026 भारत से प्रौद्योगिकी हस्तांतरण, संयुक्त उद्यम, संविदा अनुसंधान और विनिर्माण, अनुकूलित संश्लेषण, पीसीपीआईआर तथा रासायनिक पार्कों में निवेश एवं वैश्विक सोर्सिंग के लिए नए रास्ते खोलेगा। यह नैनोमटेरियल्स, सेमीकंडक्टर्स, कंपोजिट्स और बायोडिग्रेडेबल पॉलिमर सहित विशिष्ट तथा उच्च-प्रदर्शन सामग्री में साझेदारी को भी बढ़ावा देगा।
अवसर के अन्य क्षेत्रों में हरित और टिकाऊ प्रौद्योगिकियां, जैव-आधारित रसायन, पुनर्चक्रण तथा चक्रीय अर्थव्यवस्था, पर्यावरणीय, सामाजिक और शासन (ईएसजी) समाधान, सुरक्षा एवं अनुपालन, स्टार्टअप इनक्यूबेशन, कौशल विकास, आपूर्ति श्रृंखला और लॉजिस्टिक्स सेवाएं और व्यापार-से-व्यापार व्यापार के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म शामिल हैं।
उद्योग, सरकार, निवेशकों, शिक्षाविदों और प्रौद्योगिकी प्रदाताओं को एक साथ लाकर, इंडिया केम 2026 का उद्देश्य व्यावसायिक संबंधों को मजबूत करना, नवाचार को प्रोत्साहित करना और भारत के विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र के केंद्र में स्थित एक क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देना है।
इंडिया केम की विरासत को आगे बढ़ाते हुए
पिछले संस्करण, इंडिया केम 2024 में 72 देशों के प्रतिभागियों ने भाग लिया था, जिनमें 172 प्रदर्शक, 78 वैश्विक सीईओ, 135 प्रतिष्ठित वक्ता, 689 विदेशी प्रतिनिधि, 1,115 भारतीय प्रतिनिधि और 8,720 व्यावसायिक प्रतिनिधि शामिल थे। इंडिया केम के 13 वें संस्करण में इस प्रतिष्ठित बी2बी कार्यक्रम में 15,000 से अधिक प्रतिनिधियों की उपस्थिति दर्ज की गई। इसमें निवेश के अवसरों को प्रदर्शित करने वाले 20 राज्य प्रतिनिधिमंडल भी शामिल थे।
इस सहभागिता को आगे बढ़ाते हुए, 14वें संस्करण का उद्देश्य अंतर्राष्ट्रीय जुड़ाव को गहरा करना, व्यावसायिक साझेदारियों का विस्तार करना और वैश्विक रसायन एवं पेट्रोकेमिकल उद्योग में भारत की बढ़ती भूमिका को उजागर करना है।
इंडिया केम 2026 , वैश्विक विशेषज्ञता को भारत की विनिर्माण क्षमताओं, निवेश क्षमता और सतत औद्योगिक विकास के प्रति प्रतिबद्धता से जोड़कर "एडवांटेज भारत: एक उभरता हुआ वैश्विक रसायन केंद्र" की परिकल्पना को आगे बढ़ाने के लिए एक प्रमुख मंच के रूप में कार्य करेगा।
अधिक जानकारी के लिए देखें: www.indiachem.in
***
पीके/केसी/आरटी/एवाई/वाईबी
(रिलीज़ आईडी: 2326031)
आगंतुक पटल : 94