विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय
पैनासिया मेडिकल टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा स्वदेशी 32-स्लाइस सीटी स्कैनर विकसित करने और व्यावसायीकरण में प्रौद्योगिकी विकास बोर्ड का सहयोग
प्रविष्टि तिथि:
15 OCT 2026 5:29PM by PIB Delhi
केन्द्र सरकार की मेक इन इंडिया पहल के अंतर्गत देश में स्वदेशी चिकित्सा उपकरणों की विनिर्माण क्षमताएं सुदृढ़ बनाने की दिशा में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रौद्योगिकी विकास बोर्ड ने कर्नाटक के मालूर स्थित पैनासिया मेडिकल टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के साथ स्वदेशी 32-स्लाइस कंप्यूटेड टोमोग्राफी (सीटी) स्कैनर के विकास और व्यावसायीकरण में सहयोग के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
रेडियोथेरेपी और रेडियोलॉजी के क्षेत्र में विशेषज्ञता वाली भारतीय चिकित्सा उपकरण निर्माता कंपनी पैनासिया मेडिकल टेक्नोलॉजीज ने चिकित्सा इमेजिंग और कैंसर के उपचार के लिए उन्नत प्रौद्योगिकियों, प्रक्रियाओं, मॉड्यूल और उत्पादों के विकास में उन्नत क्षमता विकसित की हैं। उच्च परिशुद्धता वाली इमेजिंग के क्षेत्र में विशेषज्ञता के आधार पर कंपनी ने उन्नत नैदानिक इमेजिंग के क्षेत्र में अपने उत्पादों के विस्तार के लिए डायग्नोस्टिक सीटी स्कैनर विकसित करना आरंभ किया है।
इस परियोजना में विभिन्न नैदानिक विशेषज्ञताओं में रोगों की पहचान के लिए 32-स्लाइस सीटी स्कैनर का डिजाइन, विकास और उपयोग शामिल है। सीटी स्कैनर में घूमने वाली एक्स-रे प्रणालियों और डिजिटल डिटेक्टरों का उपयोग कर शरीर के आंतरिक भागों की अनुप्रस्थ छवियां प्राप्त की जाती हैं। इसके बाद कंप्यूटर एल्गोरिदम की मदद से इन छवियों का पुनर्निर्माण किया जाता है, जिससे शरीर की आंतरिक संरचनाओं की विस्तृत छवियां मिलती हैं। इन स्कैनरों के विकास के लिए सटीक इंजीनियरिंग, इमेजिंग संबंधी घटकों के एकीकरण तथा इमेजिंग की सटीकता और रोगियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कठोर जांच आवश्यक होती है।
स्वास्थ्य सेवा संबंधी अवसंरचना के विस्तार, लंबी बीमारियों का बढ़ता बोझ तथा समय पर और सटीक निदान की आवश्यकता के कारण भारत के नैदानिक इमेजिंग क्षेत्र में उन्नत प्रौद्योगिकियों की मांग निरंतर बढ़ रही है। उच्च स्तरीय चिकित्सा उपकरणों का स्वदेशी विकास घरेलू विनिर्माण क्षमताओं को सुदृढ़ बनाने और आयातित प्रौद्योगिकियों पर निर्भरता कम करने में सहायक होगा।
केन्द्र सरकार ने मेक इन इंडिया पहल के अंतर्गत चिकित्सा उपकरणों को प्राथमिकता वाला क्षेत्र माना है। स्वदेशी प्रौद्योगिकी के विकास में सहयोग देकर प्रौद्योगिकी विकास बोर्ड का उद्देश्य भारतीय उद्यमों को उन्नत चिकित्सा प्रौद्योगिकियां विकसित करने, घरेलू विनिर्माण को सुदृढ़ बनाने और स्वास्थ्य सेवा उपकरणों तक बेहतर पहुंच बनाने में सक्षम बनाना है।
प्रौद्योगिकी विकास बोर्ड सचिव श्री राजेश कुमार पाठक ने कहा कि मेक इन इंडिया पहल के अंतर्गत स्वदेशी सीटी स्कैनर का विकास, उच्च स्तरीय चिकित्सा उपकरणों के घरेलू विनिर्माण को सुदृढ़ बनाने के भारत सरकार के दृष्टिकोण के अनुरूप है। टीडीबी का सहयोग चिकित्सा प्रौद्योगिकी कंपनियों को ऐसे नवीन स्वदेशी समाधान विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दिया जा रहा है, जो देश की स्वास्थ्य आवश्यकताएं पूरी करने के साथ ही वैश्विक बाजारों में इनका व्यापक उपयोग भी बढ़ाएं। इस प्रकार की पहल उन्नत चिकित्सा उपकरणों के निर्माता के रूप में भारत की क्षमताओं के निर्माण में उल्लेखनीय साबित हो सकती हैं।
पैनासिया मेडिकल टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के प्रवर्तक ने कहा कि वे प्रौद्योगिकी विकास बोर्ड के महत्वपूर्ण सहयोग के लिए उसके प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं। यह सहयोग स्वदेशी नैदानिक इमेजिंग प्रौद्योगिकी विकसित करने के उसके प्रयासों को गति और पूरे देश में उन्नत सीटी इमेजिंग को अधिक सुलभ बनाने में योगदान देगा।

***
पीके/केसी/आरटी/एकेवी/एमपी
(रिलीज़ आईडी: 2324093)
आगंतुक पटल : 51