शिक्षा मंत्रालय
युवा संगम के सातवें चरण के दौरान ओडिशा के प्रतिनिधिमंडल ने भारत की राष्ट्रपति से भेंट की
प्रविष्टि तिथि:
10 OCT 2026 11:08PM by PIB Delhi
युवा संगम के सातवें चरण के लिए नोडल संस्थान भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) संबलपुर के नेतृत्व में ओडिशा का प्रतिनिधिमंडल 5 अक्तूबर 2026 को हिमाचल प्रदेश पहुँचा। इस प्रतिनिधिमंडल की मेजबानी राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर कर रहा है।

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर द्वारा प्रतिनिधियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया और वे राज्य की संस्कृति, परंपराओं, शैक्षणिक संस्थानों तथा जीवनशैली को जान रहे हैं। इस यात्रा के हिस्से के रूप में, छात्र प्रतिनिधिमंडल ने 6 अक्तूबर 2026 को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधियों का स्वागत किया और उनसे बातचीत की।

प्रतिनिधिमंडल ने 7 अक्तूबर 2026 को भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से भी मुलाकात की। इस संवाद के दौरान प्रतिनिधियों को भारत की विविधता और राष्ट्रीय एकता के महत्व पर राष्ट्रपति के विचार सुनने का अवसर मिला। यह पहली बार था जब युवा संगम के प्रतिनिधियों ने राष्ट्रपति से संवाद किया।

युवा संगम के सातवें चरण के अंतर्गत ओडिशा और हिमाचल प्रदेश के बीच इस आदान-प्रदान का उद्देश्य युवा भारतीयों को देश की विविधता के विषय में जानने, अपने गृह राज्यों से बाहर के समुदायों के साथ जुड़ने और भारत की साझा सांस्कृतिक विरासत के प्रति सराहना विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करना है। इस आदान-प्रदान से प्रतिभागियों को विभिन्न संस्कृतियों और परंपराओं के बारे में जानने का अवसर मिलता है, जिससे एक भारत श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को साकार करने और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने में योगदान मिलता है।

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के उच्चतर शिक्षा विभाग ने देश के युवाओं के बीच सांस्कृतिक और भावनात्मक संबंधों को सुदृढ़ करने के लिए एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के अंतर्गत युवा संगम के सातवें चरण का शुभारंभ किया है। यह पहल राज्यों और उच्चतर शिक्षा संस्थानों की 20 जोड़ियों के माध्यम से युवा प्रतिभागियों को विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं, शैक्षणिक परिदृश्य और विकासात्मक उपलब्धियों का अनुभव करने का अवसर प्रदान करती है, जिससे आपसी समझ और राष्ट्रीय एकीकरण को बढ़ावा मिलता है।
*******
पीके/केसी/आरटी/पीके
(रिलीज़ आईडी: 2321866)
आगंतुक पटल : 58
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English