रक्षा मंत्रालय
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ ने भारतीय वायु सेना दिवस के अवसर पर वायु सेना के सभी कर्मियों को बधाई दी
प्रविष्टि तिथि:
08 OCT 2026 8:48PM by PIB Delhi
भारतीय वायु सेना (आईएएफ) की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) और सैन्य कार्य विभाग (डीएमए) के सचिव जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि ने वायु सेना के सभी कर्मियों, पूर्व सैनिकों, असैन्य कर्मचारियों व उनके परिवारों को बधाई तथा शुभकामनाएं दीं। उन्होंने वीरता, पेशेवर दक्षता एवं निस्वार्थ सेवा की गौरवशाली परंपरा को नमन करते हुए भारतीय वायु सेना के निरंतर उत्कृष्ट परिचालन प्रदर्शन व जटिल तथा तकनीक-आधारित युद्ध परिस्थितियों में निर्णायक रूप से हवाई शक्ति का उपयोग करने की क्षमता की सराहना की। जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि ने कहा कि इस वर्ष वायु सेना दिवस की विषय-वस्तु “भारतीय वायु सेना: अचूक, अभेद्य एवं सटीक” भारतीय वायु सेना की कार्यशैली, सामर्थ्य और मूल भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रतिबिंबित करती है।
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ ने कहा कि युद्ध अभियानों से लेकर मानवीय सहायता तक, भारतीय वायु सेना ने बार-बार साबित किया है कि हवाई शक्ति केवल युद्ध तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र की शक्ति, सामर्थ्य और सेवा का भी प्रतीक है। विभिन्न अभियानों में वायु सेना का प्रदर्शन भारत की रणनीतिक क्षमता और देश की संप्रभुता एवं सुरक्षा की रक्षा के प्रति उसकी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने देश और विदेश में मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (एचएडीआर) अभियानों के दौरान प्रथम प्रतिक्रियाकर्ता के रूप में भारतीय वायु सेना की विश्वसनीय भूमिका की भी सराहना की। इन अभियानों के माध्यम से वायु सेना ने संकट के समय तत्परता से सहायता पहुंचाकर लोगों का विश्वास और आभार अर्जित किया है।
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ ने संयुक्तता, आत्मनिर्भरता और इनोवेशन (जेएआई) की दिशा में भारतीय वायु सेना की लगातार प्रगति का उल्लेख करते हुए स्वदेशी प्लेटफॉर्म, एडवांस्ड हथियार प्रणालियों और नई तकनीकों को शामिल करने के साथ-साथ ऑपरेशनल कॉन्सेप्ट तथा सिद्धांतों के लगातार विकास की सराहना की। उन्होंने द्विपक्षीय और बहुराष्ट्रीय अभ्यासों में भारतीय वायु सेना की भागीदारी की भी सराहना की, जिसमें चल रहा ‘अभ्यास तरंग शक्ति’ भी शामिल है; इसने आपसी सहभागिता, परिचालन तैयारी और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में मदद की है।
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ ने सभी वायु योद्धाओं के नाम अपने संदेश में उनसे अपनी प्रतिबद्धता पर अडिग रहने, चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी धैर्य और दृढ़ता बनाए रखने तथा प्रत्येक मिशन में अपने लक्ष्य के प्रति पूरी तरह समर्पित रहने का आह्वान किया।
***
पीके/केसी/आरटी/एनके
(रिलीज़ आईडी: 2321187)
आगंतुक पटल : 16