इस्पात मंत्रालय
इस्पात मंत्रालय ने कार्यस्थल पर मन की शांति विषय पर लघु चिंतन शिविर का आयोजन किया
प्रविष्टि तिथि:
07 OCT 2026 6:26PM by PIB Delhi
इस्पात मंत्रालय ने आज नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित सिविल सेवा अधिकारी संस्थान (सीएसओआई) में 'कार्यस्थल पर मन की शांति' विषय पर एक लघु चिंतन शिविर का आयोजन किया। इस सत्र का उद्देश्य अधिकारियों और कर्मचारियों को तनावमुक्त कार्य वातावरण बनाने और भावनात्मक शक्ति विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करना था। इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध आध्यात्मिक वक्ता ब्रह्मा कुमारी सिस्टर शिवानी मुख्य अतिथि और मुख्य वक्ता थीं।

कार्यक्रम की शुरुआत में सभा को संबोधित करते हुए इस्पात मंत्रालय के सचिव श्री संदीप पौंड्रिक ने इस बात पर जोर दिया कि कार्यस्थल पर मानसिक शांति बनाए रखना महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे उत्पादकता और दक्षता में भी सुधार होता है।
सिस्टर शिवानी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से तनाव कम करने और सकारात्मक दृष्टिकोण पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जब हम किसी लक्ष्य को प्राप्त करने का दृढ़ निश्चय कर लेते हैं, तो हम उसे हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं, और यही दृष्टिकोण तनाव प्रबंधन पर भी लागू होता है। उन्होंने हर परिस्थिति में सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखने के महत्व पर बल दिया।

संकल्प की शक्ति पर प्रकाश डालते हुए सिस्टर शिवानी ने कहा कि जब किसी संकल्प को बार-बार दोहराया जाता है, तो वह हमारे जीवन को प्रभावित करने लगता है। हम जितना अधिक किसी बात पर विचार करते हैं और उसे दोहराते हैं, उतना ही वह हमारे विचारों और व्यवहार को आकार देती है। इसलिए, सचेत रहना जरूरी है ताकि हमारे विचार और संकल्प सकारात्मक रहें। उन्होंने कहा कि यही 'संकल्प से सिद्धि' का नियम है, जो हमारे समाज और देश को प्रगति के पथ पर आगे ले जा सकता है।
***
पीके/केसी/आरटी/एवाई/पीके
(रिलीज़ आईडी: 2320350)
आगंतुक पटल : 42