सहकारिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह भोपाल में गौपालक सम्मेलन को संबोधित करेंगे और न्याय संहिता पर राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे


श्री अमित शाह उज्जैन में ₹255 करोड़ की लागत से 3 लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता वाले दुग्ध प्रोसेसिंग प्लांट का डिजिटल माध्यम से भूमिपूजन करेंगे

भोपाल में ₹16.5 करोड़ की लागत से 40 हजार लीटर प्रतिदिन क्षमता वाले प्रोडक्ट डेयरी प्लांट और ₹12.42 करोड़ की अत्याधुनिक राज्य स्तरीय केंद्रीय प्रयोगशाला का लोकार्पण होगा

शिवपुरी में ₹6.5 करोड़ की लागत से मिनी डेयरी प्लांट के सुदृढ़ीकरण कार्य का भी डिजिटल माध्यम से लोकार्पण होगा

भोपाल और इंदौर दुग्ध संघ के सदस्यों को सिंगल क्लिक से बोनस तथा गौशालाओं को सहायता राशि का होगा वितरण

दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्यों को कुल ₹15.10 करोड़ के लाभांश का वितरण; गौपालक दीदियों का भी होगा सम्मान

प्रविष्टि तिथि: 02 OCT 2026 10:18PM by PIB Delhi

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के विज़न और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में देश के सहकारिता क्षेत्र को सशक्त, आधुनिक और आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल की जा रही हैं। सहकारी संस्थाओं को ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की समृद्धि का प्रभावी माध्यम बनाने के साथ-साथ डेयरी सहकारिता के माध्यम से पशुपालकों, दुग्ध उत्पादकों और विशेष रूप से महिला सदस्यों की आय एवं आर्थिक भागीदारी बढ़ाने पर विशेष बल दिया जा रहा है। इसी दिशा में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह 3 अक्टूबर 2026 को मध्य प्रदेश के भोपाल स्थित दशहरा मैदान में आयोजित गौपालक सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे तथा न्याय संहिता पर राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम के प्रारंभ में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह न्याय संहिता पर आयोजित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वे नवीन न्यायिक संहिता के क्रियान्वयन में मध्य प्रदेश पुलिस की उपलब्धियों से संबंधित प्रदर्शनी खंडों का भी अवलोकन करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान भोपाल में ‘मोरवन प्रोजेक्ट’ के तहत नगर वन विकसित करने के लिए KRIBHCO और मध्य प्रदेश राज्य जैवविविधता बोर्ड (MP State Biodiversity Board) के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) का आदान-प्रदान भी किया जाएगा। इसके साथ साथ केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह डेयरी और सहकारिता क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भूमिपूजन एवं लोकार्पण करेंगे तथा विभिन्न हितलाभों का वितरण करेंगे।

इस अवसर पर श्री अमित शाह उज्जैन में ₹255 करोड़ की लागत से स्थापित किए जाने वाले 3 लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता के दुग्ध प्रोसेसिंग प्लांट का डिजिटल माध्यम से भूमिपूजन करेंगे। इसके साथ ही भोपाल में ₹16.5 करोड़ की लागत से तैयार 40 हजार लीटर प्रतिदिन क्षमता वाले प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का लोकार्पण किया जाएगा।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री भोपाल में ₹12.42 करोड़ की लागत से तैयार अत्याधुनिक राज्य स्तरीय केंद्रीय प्रयोगशाला का भी लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा शिवपुरी में ₹6.5 करोड़ की लागत से मिनी डेयरी प्लांट के सुदृढ़ीकरण कार्य का डिजिटल माध्यम से लोकार्पण किया जाएगा। ये परियोजनाएँ मध्य प्रदेश में दुग्ध प्रसंस्करण क्षमता और डेयरी क्षेत्र से जुड़े बुनियादी ढाँचे को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं।

कार्यक्रम के दौरान भोपाल एवं इंदौर दुग्ध संघ के सदस्यों को सिंगल क्लिक के माध्यम से बोनस का वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही गौशालाओं को भी सिंगल क्लिक के माध्यम से सहायता राशि प्रदान की जाएगी। दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्यों का सम्मान किया जाएगा और सदस्यों को कुल ₹15.10 करोड़ का लाभांश वितरित किया जाएगा।

गौपालक सम्मेलन में महिला पशुपालकों की भूमिका को रेखांकित करते हुए ‘गौपालक दीदियों’ को सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त डॉ. भीमराव अम्बेडकर कामधेनु योजना के अंतर्गत दो स्वीकृति पत्रों का वितरण भी किया जाएगा।

***

AK


(रिलीज़ आईडी: 2318517) आगंतुक पटल : 49
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English