उपभोक्‍ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग ने स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान का समापन किया


स्वच्छता ही सेवा-2026: डीएफपीडी ने पूरे देश में स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाया

प्रविष्टि तिथि: 02 OCT 2026 4:13PM by PIB Delhi

खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग (डीएफपीडी) ने 02 अक्टूबर 2026 को पूरे देश में सफाई एवं जागरूकता से जुड़ी कई गतिविधियों के साथ 'स्वच्छता ही सेवा-2026' (एसएचएस-2026) अभियान का सफलतापूर्वक समापन किया।

यह अभियान 17 सितंबर 2026 को स्वच्छता शपथ के साथ शुरू हुआ। इस पखवाड़े के दौरान, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग ने अपने सार्वजनिक उपक्रमों और संबद्ध एवं अधीनस्थ कार्यालयों के साथ मिलकर कई गतिविधियां आयोजित कीं। इनमें केंद्र सरकार के कार्यालयों में सफाई अभियान, घर-घर जाकर जागरूकता अभियान, चित्रकला प्रतियोगिताएं, वॉकथॉन, “एक पेड़ मां के नाम” के अंतर्गत वृक्षारोपण, “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” जैसी गतिविधियां और कविता पाठ, नुक्कड़ नाटक व स्लोगन लेखन जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल थे।

स्वच्छ भारत दिवस की पूर्व संध्या पर, अधिकारियों ने स्वच्छता एवं सफाई गतिविधियों में हिस्सा लिया, जिससे स्वच्छता और श्रम की गरिमा का संदेश और मजबूत हुआ।

समापन के दिन, विभाग ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की; जिसे 'स्वच्छ भारत दिवस' के रूप में मनाया गया। विभाग के सफ़ाई मित्रों की समर्पित सेवाओं की सराहना करते हुए, उन्हें कार्यालय परिसर में साफ़-सफ़ाई एवं स्वच्छता बनाए रखने में उनके योगदान के लिए उपहार देकर सम्मानित किया गया।

भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) ने अपने मुख्यालय में एक समापन समारोह आयोजित किया, जहां सफाई कर्मचारियों को उनकी समर्पित सेवाओं के सम्मान में उपहार एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

केंद्रीय भंडारण निगम (सीडब्ल्यूसी) ने “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम के अंतर्गत वृक्षारोपण अभियान चलाया और अधिकारियों ने MyGov पोर्टल के माध्यम से स्वच्छता शपथ भी ली, जिससे स्वच्छता, पर्यावरणीय स्थिरता एवं जनभागीदारी के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की पुनः पुष्टि हुई।

आईजीएमआरआई, हैदराबाद एवं लुधियाना के अधिकारियों ने पौधारोपण अभियान चलाकर “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम मनाया। इसी तरह की पौधारोपण गतिविधि 02 अक्टूबर 2026 को केंद्रीय अनाज विश्लेषण प्रयोगशाला, सीजीओ कॉम्प्लेक्स, नई दिल्ली के अधिकारियों द्वारा भी आयोजित की गई।

विभाग ने अभियान की समाप्ति के बाद भी स्वच्छता की भावना को बनाए रखने तथा स्वच्छता, पर्यावरण के प्रति ज़िम्मेदारी एवं जन-भागीदारी को बढ़ावा देने के अपने संकल्प को दोहराया।

***

पीके/केसी/आरटी/एके


(रिलीज़ आईडी: 2318254) आगंतुक पटल : 59
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu