सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
डॉ. वीरेंद्र कुमार और श्री बी. एल. वर्मा कल स्वच्छ भारत दिवस पर वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण वितरित करेंगे
डॉ. वीरेंद्र कुमार 'स्वच्छता ही सेवा 2026' अभियान के तहत 'एक पेड़ मां के नाम' वृक्षारोपण अभियान का नेतृत्व करेंगे
प्रविष्टि तिथि:
01 OCT 2026 8:16PM by PIB Delhi
केंद्र सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण और गरिमा के प्रति जताई गई निरंतर प्रतिबद्धता के तहत, केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार कल राष्ट्रीय राजधानी स्थित डॉ. अम्बेडकर अंतर्राष्ट्रीय केन्द्र में आयोजित एक कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण वितरित करेंगे। इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री श्री बी. एल. वर्मा भी उपस्थित रहेंगे।
मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय वयोश्री योजना (आरवीवाय) के तहत नई दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक गृहों में रह रहे 114 वरिष्ठ नागरिकों को ₹10 लाख से अधिक मूल्य के कुल 662 सहायता उपकरण और साधन पूरी तरह मुफ्त वितरित किए जाएंगे। सितंबर 2026 में आयोजित असेसमेंट कैंप के माध्यम से लाभार्थियों की व्यक्तिगत आवश्यकताओं के अनुसार इन उपकरणों की पहचान की गई है।
इन सहायक उपकरणों में फोल्डिंग व्हीलचेयर और कमोड व्हीलचेयर, बैसाखियां, वॉकिंग स्टिक, बीटीई हियरिंग एड्स, स्पाइनल सपोर्ट, वॉकर, सर्वाइकल कॉलर, कमोड चेयर, नी ब्रेस, एलएस बेल्ट, ट्राइपॉड/टेट्रापॉड और सिलिकॉन फोम कुशन शामिल हैं।
यह पहल वरिष्ठ नागरिकों को गरिमा, अच्छे स्वास्थ्य और स्वतंत्रता के साथ जीने में सक्षम बनाने के प्रति सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग देश में वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए नोडल विभाग है। इसका वरिष्ठ नागरिक प्रभाग राज्य सरकारों, गैर-सरकारी संगठनों और नागरिक समाज के साथ निकट सहयोग से बुजुर्गों के लिए नीतियां और कार्यक्रम तैयार करता है और उन्हें लागू करता है। यह प्रभाग अम्ब्रेला (समग्र) योजना 'अटल वयो अभ्युदय योजना' (AVYAY) का संचालन करता है, और 'राष्ट्रीय वयोश्री योजना' इसका एक प्रमुख हिस्सा है।
राष्ट्रीय वयोश्री योजना का कार्यान्वयन सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के तहत सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम 'आर्टिफिशियल लिम्ब्स मैन्युफैक्चरिंग कॉर्पोरेशन ऑफ़ इंडिया' (ALIMCO) द्वारा किया जाता है। सहायक उपकरणों का यह वितरण सरकार के 'विकसित भारत@2047' के दृष्टिकोण के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य समावेशी विकास सुनिश्चित करना और वरिष्ठ नागरिकों सहित प्रत्येक नागरिक को गरिमा, अच्छे स्वास्थ्य और स्वतंत्रता के साथ जीने में सक्षम बनाना है।
'स्वच्छता ही सेवा 2026' अभियान के तहत, स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर कल केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार द्वारा 'एक पेड़ मां के नाम' थीम पर आधारित पौधा रोपण अभियान का नेतृत्व किया जाएगा। यह वृक्षारोपण अभियान नई दिल्ली स्थित बाबू जगजीवन राम नेशनल फाउंडेशन में आयोजित किया जाना निर्धारित है। यह पहल पर्यावरण स्थिरता, स्वच्छता और सामूहिक जिम्मेदारी के संदेश को सुदृढ़ करेगी, साथ ही नागरिकों को एक हरित, स्वच्छ और स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करेगी।
1 अप्रैल 2017 को शुरू की गई राष्ट्रीय वयोश्री योजना पूरी तरह से भारत सरकार द्वारा वित्तपोषित है और यह उम्र से संबंधित शारीरिक कमजोरी से पीड़ित पात्र वरिष्ठ नागरिकों को मुफ्त सहायक उपकरण प्रदान करती है।
अपनी शुरुआत से लेकर अब तक, देशभर में 10 लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को 55 लाख से भी ज्यादा सहायक उपकरण प्रदान किए जा चुके हैं, जिनमें लगभग 45 प्रतिशत लाभार्थी महिलाएं हैं। अब तक देश भर में 109 'प्रधानमंत्री दिव्यशा वयोश्री केंद्र' (PMD-VKs) कार्यरत हैं।
ये पहल समावेशी विकास, वरिष्ठ नागरिकों की गरिमा, पर्यावरणीय स्थिरता और जनभागीदारी के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं, जो 'स्वच्छ भारत' और 'विकसित भारत' के व्यापक दृष्टिकोण में अपना योगदान देती हैं।
************
पीके/केसी/आरटी/डीवी/डीए
(रिलीज़ आईडी: 2317968)
आगंतुक पटल : 64