युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

मेरा भारत–एनएसएस ने नशा मुक्त युवा अभियान के तहत देशभर में “मेरा स्वास्थ्य, मेरा गौरव” गतिविधियां आयोजित कीं


167 शैक्षणिक संस्थानों में 1.75 लाख से अधिक लोगों की भागीदारी दर्ज; 48,500 से अधिक युवाओं की स्वास्थ्य जांच की गई

प्रविष्टि तिथि: 25 SEP 2026 9:18PM by PIB Delhi

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के माध्यम से विकसित भारत के लिए नशा मुक्त– 100 सप्ताह नशा मुक्त युवा अभियान के तहत 25 सितंबर, 2026 को देशभर में “मेरा स्वास्थ्य, मेरा गौरव” गतिविधियों का आयोजन किया। इन गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं के बीच स्वास्थ्य, पोषण, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना और नशीले पदार्थों के सेवन के हानिकारक प्रभावों के बारे में जागरूकता पैदा करना था।

देशव्यापी पहल का आयोजन 167 शैक्षणिक संस्थानों और उनके गोद लिए गए गांवों में किया गया, जिसमें सभी गतिविधियों में कुल 1,75,368 लोगों की भागीदारी दर्ज की गई। इस अभियान ने स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञों द्वारा संचालित जागरूकता सत्रों और नशीले पदार्थों के सेवन की रोकथाम से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को एक साथ जोड़ा।

इस पहल के तहत 15–18 वर्ष की आयु वर्ग के 48,556 युवाओं की स्वास्थ्य जांच और बीएमआई का आकलन किया गया। यह जांच जिला स्वास्थ्य प्राधिकरणों और राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत चिकित्सा अधिकारियों के समन्वय से की गई। इन स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों ने युवा प्रतिभागियों को नियमित स्वास्थ्य निगरानी और जागरूक जीवनशैली संबंधी विकल्पों के महत्व को समझने का अवसर प्रदान किया।

कार्यक्रम के प्रमुख घटकों में विशेषज्ञों द्वारा संचालित दो जागरूकता सत्र शामिल थे। “पोषण और अच्छे स्वास्थ्य का महत्व” विषय पर आयोजित सत्र में 64,938 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिसमें चिकित्सा विशेषज्ञों और डॉक्टरों ने पोषण, स्वस्थ जीवनशैली और अच्छे स्वास्थ्य के महत्व पर चर्चा की। “अच्छे स्वास्थ्य पर नशे का प्रभाव” विषय पर आयोजित दूसरे सत्र में 61,874 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिसमें नशीले पदार्थों के सेवन से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों पर ध्यान केंद्रित किया गया।

नशामुक्ति जागरूकता से जुड़े घटक के तहत लगभग 62,000 युवाओं ने नशामुक्ति की शपथ ली, जिससे युवाओं के बीच रोकथाम और जागरूक विकल्पों पर अभियान के जोर को मजबूती मिली।

कार्यक्रम में स्थानीय नेताओं, गणमान्य व्यक्तियों और चिकित्सा पेशेवरों की भी भागीदारी रही। 95 संस्थानों ने ऐसे विशेषज्ञों और जनप्रतिनिधियों की मेजबानी की, जिन्होंने शिविरों का उद्घाटन किया और युवा प्रतिभागियों के साथ संवाद किया। पोषण और स्वास्थ्य सत्रों में भाग लेने वालों में 53.0 प्रतिशत युवा महिलाएं थीं, जबकि नशामुक्ति सत्रों में 52.6 प्रतिशत युवा महिलाओं की भागीदारी रही। यह अभियान की गतिविधियों में युवा महिलाओं की महत्वपूर्ण भागीदारी को दर्शाता है।

“मेरा स्वास्थ्य, मेरा गौरव” गतिविधियां विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा अभियान के रोकथाम स्तंभ के तहत आयोजित की जा रही हैं। यह पहल स्वास्थ्य संबंधी हस्तक्षेपों को जागरूकता और रोकथाम संबंधी संदेशों के साथ जोड़ती है, जिससे युवाओं को शारीरिक स्वास्थ्य, स्वस्थ विकल्पों और नशामुक्त जीवनशैली के बीच संबंध को समझने के अवसर मिलते हैं।

ये गतिविधियां अभियान के व्यापक 100 सप्ताह के ढांचे का हिस्सा हैं, जो चार स्तंभों रोकथाम, संरक्षण, पुनर्प्राप्ति और नेतृत्व पर आधारित है। गतिविधियों के पहले चरण में तीन विषयों पर ध्यान केंद्रित किया गया है: मेरा स्वास्थ्य, मेरा गौरव; स्वस्थ युवा, नशामुक्त युवा; और जीवन कौशल माह। अभियान का उद्देश्य स्वास्थ्य, फिटनेस, सामुदायिक भागीदारी और जीवन कौशल से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से युवाओं की भागीदारी को बनाए रखना है।

देशव्यापी गतिविधियों ने स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार अभियान को अनुकूलित करने की क्षमता को भी प्रदर्शित किया। कुछ क्षेत्रों में निर्धारित गतिविधियों को क्षेत्रीय आयोजनों और प्रतिकूल मौसम की स्थिति के कारण अस्थायी रूप से स्थगित किया गया, जिनमें बिहार और झारखंड में अनंत चतुर्दशी, महाराष्ट्र और गोवा में गणेश विसर्जन तथा आंध्र प्रदेश के छह संस्थानों को प्रभावित करने वाली गंभीर चक्रवाती परिस्थितियां शामिल हैं। प्रभावित क्षेत्रों में इन गतिविधियों का पुनर्निर्धारण किया जाएगा।

“मेरा स्वास्थ्य, मेरा गौरव” पहल अभियान के केंद्रीय संदेश को मजबूत करती है कि जागरूकता, निवारक स्वास्थ्य हस्तक्षेप और सूचित विकल्प एक स्वस्थ और नशामुक्त युवा समुदाय के निर्माण के महत्वपूर्ण घटक हैं।

*****

पीके/केसी/आरटी/वीएस


(रिलीज़ आईडी: 2315223) आगंतुक पटल : 87
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English