भारी उद्योग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारी उद्योग मंत्रालय विशेष अभियान 6.0 और स्वच्छता ही सेवा 2026 के तहत स्वच्छता पर देश भर में मुहिम चला रहा है

प्रविष्टि तिथि: 16 SEP 2026 7:18PM by PIB Delhi

भारत सरकार के स्वच्छता अभियान के अनुरूप, जिसका उद्देश्य कार्यस्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता एवं साफ-सफाई को बढ़ावा देना है, भारी उद्योग मंत्रालय (एमएचआई) ने उल्लेखनीय परिणामों के साथ देशभर में स्वच्छता और हरित पहलों को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया है।

दिसंबर 2025 से अगस्त 2026 के बीच, मंत्रालय ने कुल 456 स्वच्छता अभियान चलाए, जिसके परिणामस्वरूप 6,115 फाइलों को हटाया गया, लगभग 6.14 लाख वर्ग फुट कार्यालय स्थान खाली हुआ और कबाड़ के निपटान के माध्यम से लगभग 60.34 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। इन पहलों से कार्यस्थल की दक्षता में काफी सुधार हुआ है, स्थान के उपयोग को बेहतर बनाया गया है और अधिक स्वच्छ, स्वस्थ तथा अनुकूल कार्य वातावरण को बढ़ावा मिला है।

2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2025 तक विशेष अभियान 5.0 के दौरान, एमएचआई ने अपने केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों (सीपीएसई)/स्वायत्त निकायों (एबी) के साथ मिलकर कबाड़ के निपटान के माध्यम से 9.88 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित करके राजस्व सृजन में छठा स्थान प्राप्त किया और खाली किए गए स्थान (नए कार्यालय क्षेत्रों, बैठक कक्षों, पुस्तकालयों, विश्राम कक्षों आदि के लिए पुनः उपयोग) के मामले में 44.44 लाख वर्ग फुट स्थान खाली करके दूसरा स्थान प्राप्त किया।

मंत्रालय स्थानों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में है और आगामी विशेष अभियान 6.0 के मुख्य चरण के दौरान अभियान के उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए समन्वित प्रयास करेगा। यह अभियान 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जाना निर्धारित है।

स्वच्छ भारत के दृष्टिकोण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए, मंत्रालय और उसके सीपीएसई/एबी ने 16 से 30 अगस्त 2026 तक स्वच्छता पखवाड़ा मनाया। स्वच्छता, साफ-सफाई और टिकाऊ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता कार्यक्रमों और गतिविधियों की एक श्रृंखला आयोजित की गई।

मंत्रालय स्वच्छता ही सेवा अभियान (17 सितंबर – 2 अक्टूबर 2026) में भी सक्रिय रूप से भाग ले रहा है। इस वर्ष की थीम, स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत”, राष्ट्र के स्वच्छता प्रयासों को आगे बढ़ाने और एक अधिक स्वच्छ एवं विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक भूमिका और जिम्मेदारी को रेखांकित करती है। स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के प्रमुख केंद्रित क्षेत्र हैं: स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों (सीटीयू) और स्वच्छ सार्वजनिक स्थानों का रूपांतरण, स्वच्छ पाठशाला: स्वच्छता के लिए युवा, सफाईमित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर, स्वच्छता के लिए जनभागीदारी, स्वच्छता से समृद्धि।

इन समर्पित प्रयासों के माध्यम से, भारी उद्योग मंत्रालय स्वच्छ भारत अभियान के दृष्टिकोण के अनुरूप एक स्वच्छ, हरित और कुशल भारत के निर्माण में निरंतर योगदान दे रहा है।

 

***

पीके/केसी/वीएस/डीए

 


(रिलीज़ आईडी: 2311094) आगंतुक पटल : 77
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu