पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय
छात्र के सुझाव ने सर्बानंद सोनोवाल को डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय में स्विमिंग पूल बनाने की घोषणा करने के लिए प्रेरित किया
विश्वविद्यालय के बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले एथलीटों को राष्ट्रीय खेल दौरे पर भेजा जाएगा
हमें भारत की खेल संस्कृति को शिक्षण संस्थानों में और गहराई तक ले जाना होगा: सर्बानंद सोनोवाल
सोनोवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘खेलो इंडिया संवाद’ के दौरान डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय के छात्रों से बातचीत की
प्रधानमंत्री मोदी ने लगभग 8 लाख युवाओं को संबोधित किया और खेलों के जरिए एक स्वस्थ, सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत बनाने का आह्वान किया
प्रविष्टि तिथि:
27 AUG 2026 7:41PM by PIB Delhi
असम के डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय में ‘खेलो इंडिया संवाद’ के दौरान केन्द्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल के साथ बातचीत में एक छात्र के सुझाव पर विश्वविद्यालय परिसर में एक स्विमिंग पूल बनाने की घोषणा की गई। सोनोवाल ने विश्वविद्यालय के बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले एथलीटों को एक राष्ट्रीय खेल दौरे पर भेजने की भी घोषणा की।
बातचीत के दौरान, एक छात्र ने विश्वविद्यालय में तैराकी की सुविधा उपलब्ध कराने की जरूरत बताई और छात्रों को तैराकी सिखाए जाने के बारे में पूछा। खासकर इसलिए क्योंकि डिब्रूगढ़ और आस-पास के इलाकों में बाढ़ का खतरा रहता है। इस सुझाव पर ध्यान देते हुए, सोनोवाल ने विश्वविद्यालय परिसर में एक स्विमिंग पूल बनाने के लिए तुरंत कदम उठाए जाने की घोषणा की।
छात्र के इस हस्तक्षेप ने बातचीत में एक व्यावहारिक पहलू जोड़ा और इस तथ्य को रेखांकित किया कि खेल से जुड़ी सुविधाएं स्थानीय जरूरतों को भी पूरा कर सकती हैं। तैराकी को एक प्रतिस्पर्धी खेल के तौर पर बढ़ावा देने के अलावा, प्रस्तावित सुविधा बाढ़ के खतरे वाले इलाकों में छात्रों को पानी से जुड़ी सुरक्षा और जीवन के लिए जरूरी कौशल सीखने का अवसर भी प्रदान करेगी।
सोनोवाल ने कहा, “आज छात्र ने जो सुझाव दिया है, वह उस व्यावहारिक सोच एवं जागरूकता को दर्शाता है जिसे हम अपने युवाओं में बढ़ावा देना चाहते हैं। डिब्रूगढ़ और उसके आस-पास के इलाकों जैसे बाढ़ के खतरे वाले क्षेत्रों में, तैराकी सीखना महज एक खेल को अपनाना भर नहीं है, बल्कि जीवन के लिए एक जरूरी कौशल विकसित करना भी है। प्रस्तावित स्विमिंग पूल छात्रों को एक व्यवस्थित माहौल में तैराकी सीखने, प्रशिक्षण लेने और इसे आगे बढ़ाने का अवसर देगा।”
सोनोवाल ने छात्रों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का देश के युवाओं के नाम संबोधन भी सुना। उन्होंने एक स्वस्थ एवं मजबूत समाज बनाने में खेल और फिटनेस की भूमिका पर छात्रों से बातचीत की।
इस कार्यक्रम में भारतीय फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी तथा राष्ट्रीय टीम के पूर्व कप्तान बाइचुंग भूटिया भी मौजूद थे। उन्होंने छात्रों को संबोधित भी किया। छात्रों के साथ उनकी बातचीत और उनके विचारों ने इस कार्यक्रम के खेल-केन्द्रित माहौल को और भी बेहतर बना दिया।
इस मौके पर बोलते हुए, सोनोवाल ने कहा कि खेलों के प्रति छात्रों में जो उत्साह दिखा, वह हौसला बढ़ाने वाला है। उन्होंने कहा कि खेल स्वस्थ व्यक्तियों और स्वस्थ समाज के निर्माण का एक अहम साधन हैं और इन्हें युवाओं के जीवन का अभिन्न अंग बनना चाहिए।
सर्बानंद सोनोवाल ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में, भारत ने ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसी पहलों के जरिए खेल, फिटनेस और युवा खेल प्रतिभाओं के विकास को अभूतपूर्व महत्व दिया है। हमारा ध्यान इस खेल संस्कृति को शिक्षण संस्थानों में और गहराई तक ले जाने, युवा खिलाड़ियों को बेहतर बुनियादी ढांचा एवं अनुभव प्रदान करने और असम व पूर्वोत्तर क्षेत्र के युवाओं के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने तथा बेहतर प्रदर्शन करने के लिए अवसर सृजित करने पर है।”
सर्बानंद सोनोवाल ने प्रधानमंत्री मोदी के ‘फिट इंडिया’ विजन और खेलों को दैनिक जीवन का अहम हिस्सा बनाने के उनके आह्वान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि खेलों पर ध्यान देने का उद्देश्य सिर्फ अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करना ही नहीं है, बल्कि युवाओं को स्वस्थ जीवन जीने और एक मजबूत व आत्मनिर्भर भारत बनाने में योगदान देने हेतु प्रोत्साहित करना भी है।
सोनोवाल ने यह भी घोषणा की कि डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय के बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी एक राष्ट्रीय खेल दौरे पर जाएंगे। इस दौरे से होनहार खिलाड़ियों को देश के बेहतरीन खेल प्रशिक्षण इकोसिस्टम का अनुभव करने और उच्च-स्तरीय प्रशिक्षण व खेल की कार्यप्रणालियों के बारे में जानकारी हासिल करने का अवसर मिलेगा।
इस कार्यक्रम में छात्रों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। उन्होंने वक्ताओं से बातचीत की और खेल व फिटनेस के बारे में अपने विचार एवं सुझाव साझा किए। सोनोवाल ने कहा कि छात्रों के सुझाव, खेल संबंधी बेहतर बुनियादी ढांचे और राष्ट्रीय स्तर की प्रशिक्षण सुविधाओं की सुलभता का मेल खेल इकोसिस्टम को मजबूत बनाने और असम व पूर्वोत्तर क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों के लिए अधिक अवसर सृजित करने में मदद कर सकता है।



***
पीके/केसी/आर / डीए
(रिलीज़ आईडी: 2304003)
आगंतुक पटल : 35