शिक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री प्रह्लाद जोशी ओडिशा में आयोजित होने वाली 13वीं ब्रिक्स शिक्षा मंत्रियों की बैठक में भाग लेंगे


बैठक में ईसीसीई, कौशल विकास, अनुसंधान और नवाचार, योग्यताओं की परस्पर मान्यता और शैक्षणिक नेतृत्व सहित प्रमुख प्राथमिकताओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा

प्रविष्टि तिथि: 04 AUG 2026 6:52PM by PIB Delhi

भारत की 2026 की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत, शिक्षा मंत्रालय 5 से 7 अगस्त, 2026 तक भुवनेश्वर, ओडिशा में 13वीं ब्रिक्स शिक्षा मंत्रियों की बैठक और तीसरी ब्रिक्स वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक आयोजित करने जा रहा है। इन बैठकों में ब्रिक्स सदस्य देशों के शिक्षा मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधि भाग लेंगे और सहयोग के विषयों पर चर्चा करेंगे, जिनमें निम्नलिखित प्राथमिकता वाले क्षेत्र शामिल हैं:

(क) प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल और शिक्षा (ईसीसीई) को सुदृढ़ करना;

(ख) ब्रिक्स टीवीईटी सहयोग गठबंधन (टीसीए) के तहत कौशल विकास और बेहतर सहयोग को मज़बूत करना;

(ग) सहयोगात्मक अनुसंधान, नवाचार और स्टार्ट-अप्स को बढ़ावा देना;

(घ) योग्यताओं की परस्पर मान्यता (एमआरक्यू) को मजबूत करना; और

(ङ) शैक्षणिक नेतृत्व के लिए क्षमता विकास।

भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता "सुदृढ़शीलता, नवाचार, सहयोग और सतत विकास के लिए निर्माण" थीम पर आधारित है, जो रियो डी जेनेरियो में 2025 ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा व्यक्त किए गए जन-केंद्रित और मानवता-प्रथम दृष्टिकोण को दर्शाती है।

भारत की अध्यक्षता में ब्रिक्स एजुकेशन ट्रैक के तहत हुई बैठकों की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए 13वीं शिक्षा मंत्रियों की बैठक और तीसरी वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक आयोजित की जाएगी। इससे पहले, 7 और 28 अप्रैल 2026 को क्रमशः पहली और दूसरी ब्रिक्स वरिष्ठ अधिकारियों की बैठकें हुई थीं, जिसके बाद 20-21 जुलाई 2026 को ब्रिक्स नेटवर्क यूनिवर्सिटी कॉन्फ्रेंस और इंटरनेशनल गवर्निंग बोर्ड की बैठक आयोजित की गई थी। पिछली बैठकों ने मंत्रियों की बैठक के लिए प्राथमिकता वाले क्षेत्रों और प्रस्तावित नतीजों पर चर्चा को आकार देने और आम सहमति बनाने में मदद की है।

13वीं शिक्षा मंत्रियों की बैठक से पहले, ब्रिक्स टीवीईटी संगोष्ठी और ब्रिक्स टीवीईटी सहयोग गठबंधन की संयुक्त प्रबंधन समिति (जेएमसी) की बैठक भी कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय के नेतृत्व में 3-4 अगस्त, 2026 को नई दिल्ली में आयोजित की गई। इन बैठकों का उद्देश्य तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण, कौशल विकास तथा कार्यबल की तैयारी में ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग को गहरा करना है और प्राथमिकता वाले विषयों में अनुसंधान एवं सर्वोत्तम प्रथाओं को मजबूत व साझा करना है।

इन उच्च-स्तरीय अंतर-सरकारी वार्ताओं के साथ-साथ, भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता युवा भागीदारी और लोगों के बीच आपसी संबंधों पर विशेष जोर दे रही है। इसी भावना के तहत, 'मॉडल ब्रिक्स' को एक छात्र-केंद्रित पहल के रूप में परिकल्पित किया गया है, जिसे पूरे भारत में ब्रिक्स मंत्रीस्तरीय बैठकों के दौरान आयोजित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को कूटनीति, बहुपक्षीय सहयोग और आम सहमति बनाने की उनकी समझ को मजबूत करने के साथ-साथ ब्रिक्स की प्रक्रियाओं से परिचित कराना है।

*******

पीके/केसी/डीवी/डीए


(रिलीज़ आईडी: 2294574) आगंतुक पटल : 237
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Gujarati , Odia