संचार मंत्रालय
केन्द्रीय संचार मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 के 10वें संस्करण की थीम ‘स्केल विदाउट बाउंड्रीज़’(सीमाओं से परे विस्तार) का अनावरण किया
आईएमसी 2026 भारत के डिजिटल परिवर्तन के अगले चरण को आकार देने के लिए वैश्विक प्रौद्योगिकी प्रणेताओं, नवोन्मेषकों, स्टार्टअप्स और नीति-निर्माताओं को एक मंच पर लाएगा
प्रविष्टि तिथि:
29 JUL 2026 9:39PM by PIB Delhi
केनद्रीय संचार तथा पूर्वोत्तर-क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने आज इंडिया मोबाइल कांग्रेस(आईएमसी) 2026 के 10वें संस्करण की थीम “स्केल विदाउट बाउंड्रीज़”(सीमाओं से परे विस्तार) का अनावरण किया। एशिया के सबसे बड़े डिजिटल प्रौद्योगिकी मंच का यह ऐतिहासिक 10वां संस्करण 7 से 10 अक्टूबर, 2026 तक यशोभूमि (इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर), नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।

थीम अनावरण समारोह में केन्द्रीय संचार एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी मुख्य अतिथि के रूप में तथा संचार मंत्रालय के दूरसंचार विभाग(डीओटी) के सचिव श्री अमित अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
“स्केल विदाउट बाउंड्रीज़”(सीमाओं से परे विस्तार) थीम भारत की उस महत्वाकांक्षा को दर्शाता है, जिसके तहत प्रौद्योगिकी, नवाचार और कनेक्टिविटी पारंपरिक सीमाओं से आगे बढ़कर हरेक क्षेत्र, समुदाय और भूभाग तक पहुंचे। यह थीम परिवर्तनकारी प्रौद्योगिकियों और समाधानों को सिर्फ प्रयोगों तक सीमित न रखकर, उन्हें व्यापक स्तर पर अपनाने, एकीकृत करने और प्रभावी रूप से लागू करने की आवश्यकता पर बल देता है। थीम प्रौद्योगिकी, डिजिटल बुनियादी ढांचे, उद्योग, स्टार्टअप, शिक्षाविदों, नीति-निर्माताओं और उपभोक्ताओं के बीच सहयोग को बढ़ावा देने के महत्व को भी रेखांकित करता है, ताकि ऐसा सशक्त पारिस्थितिकी तंत्र विकसित किया जा सके, जहां नवाचार बिना किसी सीमा के व्यापक स्तर पर विस्तार पा सके और समावेशी विकास तथा राष्ट्र निर्माण में सार्थक योगदान दे सके।

इंडिया मोबाइल कांग्रेस(आईएमसी) 2026 का 10वां संस्करण चार प्रमुख स्तंभों पर आधारित है, जो डिजिटल रूप से सशक्त, सुरक्षित और विकासोन्मुख भारत के निर्माण की परिकल्पना को दर्शाता है:–
1. सृष्टि-- भविष्य का निर्माण: इसका केंद्रबिंदु नवाचार, उभरती प्रौद्योगिकियों तथा ऐसे समाधानों को बढ़ावा देना होगा, जो अगली पीढ़ी के डिजिटल बुनियादी ढ़ांचे के निर्माण को आकार देंगे।
2. सुरक्षा– विश्वास को सुदृढ़ करना: यह सुरक्षित, लचीले और विश्वसनीय डिजिटल पारिस्थितिकी तंत्र के महत्व के महत्व पर जोर देगा।
3. सशक्त– अवसरों का विस्तार: इसका उद्देश्य प्रौद्योगिकी के माध्यम से नागरिकों, व्यवसायों, स्टार्टअप्स और समुदायों को सशक्त बनाना तथा डिजिटल अवसरों तक समावेशी पहुंच सुनिश्चित करना है।
4. संवर्धन – विकास को गति देना: यह आर्थिक विकास, निवेश, उद्यमिता, रोजगार सृजन तथा भारत के वैश्विक प्रौद्योगिकी नेतृत्व के रूप में उभरने में डिजिटल प्रौद्योगिकियों की महत्वपूर्ण भूमिका सामने लाएगा।
ये चारों स्तंभ मिलकर ‘स्केल विदाउट बाउंड्रीज़’(सीमाओं से परे विस्तार) की भावना को साकार करते हैं, साथ ही, नवाचार, कनेक्टिविटी और डिजिटल परिवर्तन को पारंपरिक सीमाओं से आगे ले जाकर विभिन्न क्षेत्रों, भौगोलिक क्षेत्रों और समुदायों में व्यापक स्तर पर प्रभावी ढंग से विस्तार देने की भारत की महत्वाकांक्षा को दर्शाते हैं।

जैसे-जैसे भारत एक डिजिटल रूप से सशक्त और प्रौद्योगिकी-आधारित भविष्य की ओर बढ़ रहा है, आईएमसी 2026 एक ऐसा मंच प्रदान करेगा कि कैसे उभरती प्रौद्योगिकियां और मजबूत डिजिटल बुवियादी ढांचे विभिन्न क्षेत्रों और भूभागों में बड़े पैमाने पर विस्तार को सक्षम बना सकते हैं। यह कार्यक्रम अन्य तकनीकों के साथ-साथ 5जी, 6जी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता(एआई), इंटरनेट ऑफ थिंग्स(आईओटी), क्लाउड व एज कंप्यूटिंग, उपग्रह संचार, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, क्वांटम प्रौद्योगिकियों तथा हरित प्रौद्योगिकियों सहित अनेक उभरती प्रौद्योगिकियों के समन्वय को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।
इस अवसर पर केन्द्रीय संचार तथा पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने कहा, “दूरसंचार क्षेत्र में भारत की यात्रा अब सिर्फ अगले एक अरब लोगों को जोड़ने तक सीमित नहीं रही, बल्कि अगले एक अरब संभावनाओं को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ चुकी है। इंडिया मोबाइल कांग्रेस के 10वें संस्करण की थीम ‘स्केल विदाउट बाउंड्रीज़’(सीमाओं से परे विस्तार) हमारी उस महत्वाकांक्षा को दर्शाता है, जिसके तहत भारत में विकसित प्रौद्योगिकियां, निर्धारित मानक और तैयार किए गए समाधान विश्वभर के नए बाजारों, समुदायों और संभावनाओं तक पहुंचें।”
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा, “भारत अब सिर्फ प्रौद्योगिकी का एक बाजार ही नहीं रहा, बल्कि वह ऐसा राष्ट्र बनता जा रहा है जो विश्व के लिए प्रौद्योगिकी का डिज़ाइन, विकास और व्यापक विस्तार करता है। स्वदेशी दूरसंचार प्रौद्योगिकियों और 6जी मानकों से लेकर डिजिटल सार्वजनिक प्लेटफ़ॉर्म तक, ‘वोकल फॉर लोकल’ से ‘लोकल फॉर ग्लोबल’ तक की हमारी यात्रा ‘स्केल विदाउट बाउंड्रीज़’(सीमाओं से परे विस्तार) की भावना और विकसित भारत@2047 के निर्माण के हमारे विजन को साकार करती है।”
केंद्रीय मंत्री द्वारा प्रस्तुत विजन का समर्थन करते हुए केन्द्रीय संचार एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी ने कहा, “भारतीय दूरसंचार क्षेत्र के लिए पिछले 10-वर्ष अभूतपूर्व रहे हैं। इंडिया मोबाइल कांग्रेस(आईएमसी) ऐसा मंच है, जो हमें दुनिया के सामने यह प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करता है कि भारत ने दूरसंचार के क्षेत्र में क्या उपलब्धियां हासिल की हैं। यह ऐसा मंच है, जहां सरकार को सहयोग के नए अवसर मिलते हैं, स्टार्टअप्स अपने नवाचार और परिश्रम का प्रदर्शन करते हैं तथा निवेशकों को निवेश के नए अवसर प्राप्त होते हैं।”
डिजिटल संचार आयोग के अध्यक्ष तथा दूरसंचार विभाग(डीओटी) के सचिव श्री अमित अग्रवाल ने इंडिया मोबाइल कांग्रेस के 10वें संस्करण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, “आईएमसी के 10वें संस्करण और इसकी 10-वर्षों की यात्रा का हिस्सा बनना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। इस बार हम कहीं बड़ी व्यापक रणनीति के साथ आगे बढ़ रहे हैं और दूरसंचार क्षेत्र में भारत की प्रगति को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करेंगे।”
दूरसंचार विभाग(डीओटी) और सेल्युलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया(सीओएआई) द्वारा आयोजित इंडिया मोबाइल कांग्रेस(आईएमसी) 2026 वैश्विक और भारतीय प्रौद्योगिकी कंपनियों, दूरसंचार सेवा प्रदाताओं, नीति-निर्माताओं, स्टार्टअप्स, निवेशकों, शोधकर्ताओं और नवोन्मेषकों को एक मंच पर एकसाथ लाएगा। यह 10वां संस्करण पिछले आयोजनों की सफलताओं को आगे बढ़ाते हुए दूरसंचार और डिजिटल प्रौद्योगिकियों के भविष्य पर विचार-विमर्श के लिए एक प्रमुख वैश्विक मंच के रूप में आईएमसी की स्थिति को और मजबूत करेगा।

इस कार्यक्रम में उभरती प्रौद्योगिकियों से जुड़े अत्याधुनिक नवाचारों और उनके उपयोग के विभिन्न उदाहरणों का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही, यह प्रौद्योगिकी प्रदर्शन, उत्पाद का शुंभारंभ, उद्योगों के बीच सहयोग, निवेश के अवसर, ज्ञान के आदान-प्रदान तथा नीतिगत संवाद के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा। इसका प्रमुख स्टार्टअप कार्यक्रम ‘एस्पायर(ASPIRE)’ उभरते हुए प्रौद्योगिकी स्टार्टअप्स को निवेशकों, इनक्यूबेटर्स, एक्सीलरेटर्स, उद्योग जगत के दिग्गजों और संभावित साझेदारों के साथ जुड़ने के बेहतरीन अवसर प्रदान करेगा।

अपने 10वें संस्करण के साथ, आईएमसी 2026 का उद्देश्य सिर्फ प्रौद्योगिकी उपलब्धियों का प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि यह भी विचार करना है कि इन नवाचारों को किस प्रकार व्यापक स्तर पर अपनाया जाए, उनका विस्तार किया जाए तथा उन्हें वास्तविक जीवन में प्रभावी परिणामों में परिवर्तित किया जाए। यह आयोजन ऐसे सुदृढ़, समावेशी और लचीले डिजिटल पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण पर केंद्रित होगा, जो नागरिकों को सशक्त बनाए, उद्योगों को मजबूत करे, नए अवसरों का सृजन करे तथा भारत को वैश्विक प्रौद्योगिकी नेतृत्व की दिशा में और अधिक गति प्रदान करे।
इंडिया मोबाइल कांग्रेस(आईएमसी) के एक दशक पूरे होने के अवसर पर इसका 10वां संस्करण उस उल्लेखनीय यात्रा का उत्सव मनाता है, जिसकी शुरुआत ‘कनेक्ट द नेक्स्ट बिलियन’ के संकल्प के साथ हुई थी। पिछले दस वर्षों में आईएमसी ने भारत के दूरसंचार और डिजिटल परिवर्तन की यात्रा के साथ कदम से कदम मिलाते हुए नवाचार, सहयोग और वैश्विक सहभागिता के लिए एक सशक्त मंच के रूप में स्वयं को स्थापित किया है। अब, जब भारत अगले दशक में प्रवेश कर रहा है, आईएमसी 2026 एक और व्यापक लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है—भारतीय प्रौद्योगिकियों, मानकों और समाधानों को सीमाओं से परे वैश्विक स्तर तक पहुंचाना तथा नई संभावनाओं को जोड़ना और उसे साकार करना।
इंडिया मोबाइल कांग्रेस के पिछले संस्करण 1.4 लाख से अधिक आगंतुकों, 860 प्रदर्शकों, 101 देशों के प्रतिनिधियों, 1,500 उपयोग के मामलों का प्रदर्शन, 465 स्टार्टअप्स की भागीदारी के साथ; यह 113 सत्रों में 918 वक्ताओं के साथ एक बड़ी सफलता थी, जिसमें 52 मुख्य भाषण, 12 गोलमेज सम्मेलन और 84 पैनल चर्चाएं शामिल थीं।
और अधिक जानकारी के लिए डीओटी हैंडल्स को फ़ॉलो करें:
एक्स-- https://x.com/DoT_India
इंस्टा- https://www.instagram.com/department_of_telecom?igsh=MXUxbHFjd3llZTU0YQ==
एफबी - https://www.facebook.com/DoTIndia
यू-ट्यूब: https://youtube.com/@departmentoftelecom?si=DALnhYkt89U5jAaa
***
पीके/केसी/पीकेपी
(रिलीज़ आईडी: 2291542)
आगंतुक पटल : 107