पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

सीएक्यूएम ने फरीदाबाद और गुरुग्राम में शहरी सड़क पुनर्विकास कार्यों का विशेष निरीक्षण किया


आयोग ने पुनर्विकास कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित मानक ढांचे के अनुसार समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए

प्रविष्टि तिथि: 23 JUL 2026 7:44PM by PIB Delhi

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) और आसपास के क्षेत्रों के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने 22 जुलाई, 2026 को फरीदाबाद और गुरुग्राम में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान लगभग 31 किलोमीटर लंबाई वाले 64 सड़क खंडों का निरीक्षण किया गया, ताकि शहरी सड़कों के पक्कीकरण और हरितीकरण के लिए आयोग द्वारा निर्धारित मानक ढांचे  के अनुपालन का आकलन किया जा सके।

निरीक्षण अभियान के लिए आयोग ने 9 फ्लाइंग स्क्वॉड तैनात किए, जिन्होंने नगर निगम फरीदाबाद (एमसीएफ) और नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) के अधिकार क्षेत्र में आने वाली सड़कों का निरीक्षण किया। इनमें एमसीएफ के तहत 50 और एमसीजी के तहत 14 सड़क खंड शामिल थे। निरीक्षण में 10 मीटर से कम तथा 10 से 15 मीटर तक के राइट ऑफ वे (आरओडब्ल्यू) श्रेणी वाली सड़कों को शामिल किया गया।

निरीक्षण किए गए 64 सड़क खंडों में से 49 (फरीदाबाद के 38 और गुरुग्राम के 11) पर शुरुआत से अंत तक पक्कीकरण पाया गया। हालांकि, 15 सड़क खंडों (फरीदाबाद के 12 और गुरुग्राम के 3) पर यह कार्य पूरा नहीं मिला, जिससे स्पष्ट हुआ कि पुनर्विकास के शेष कार्य अभी पूरे किए जाने बाकी हैं।

 

आयोग ने यह भी पाया कि हालांकि एमसीएफ और एमसीजी ने दावा किया था कि सड़कों का पुनर्विकास निर्धारित मानक ढांचे के अनुरूप किया गया है, लेकिन निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर मानकों की अनदेखी के मामले सामने आए। आयोग ने संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया है कि आयोग को गलत जानकारी देने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की पहचान की जाए तथा उनके विरुद्ध उचित अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।

आयोग ने दोहराया कि ऐसे सभी सड़क खंडों का निर्धारित मानक ढांचे के अनुसार सख्ती और तेजी से पुनर्विकास किया जाना चाहिए। आयोग ने कहा कि शहरी सड़कों का शुरू से अंत तक समुचित पक्कीकरण वाहनों की आवाजाही से उड़ने वाली सड़क की धूल को कम करने तथा मशीनीकृत सड़क सफाई और अन्य धूल नियंत्रण उपायों की प्रभावशीलता बढ़ाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। संबंधित सड़क स्वामित्व एजेंसियों को शेष पुनर्विकास कार्यों में तेजी लाकर उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा करने की सलाह दी गई है।

आयोग ने दोहराया कि ऐसे सभी सड़क खंडों का निर्धारित मानक ढांचे के अनुसार सख्ती और तेजी से पुनर्विकास किया जाना चाहिए। आयोग ने कहा कि शहरी सड़कों का शुरू से अंत तक समुचित पक्कीकरण वाहनों की आवाजाही से उड़ने वाली सड़क की धूल को कम करने तथा मशीनीकृत सड़क सफाई और अन्य धूल नियंत्रण उपायों की प्रभावशीलता बढ़ाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। संबंधित सड़क स्वामित्व एजेंसियों को शेष पुनर्विकास कार्यों में तेजी लाकर उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा करने की सलाह दी गई है।

आयोग ने यह भी रेखांकित किया कि दिल्ली-एनसीआर की सभी सड़क स्वामित्व एजेंसियों द्वारा इस मानक ढांचे का प्रभावी क्रियान्वयन सड़क की धूल से होने वाले प्रदूषण के दीर्घकालिक नियंत्रण के लिए बेहद आवश्यक है। आयोग ने कहा कि एनसीआर में विभिन्न वायु प्रदूषण नियंत्रण उपायों के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन की निगरानी और आवश्यकतानुसार समय पर सुधारात्मक कदम सुनिश्चित करने के लिए ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

 

पीके / केसी / केजे


(रिलीज़ आईडी: 2288596) आगंतुक पटल : 51
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English