संचार मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय संचार मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने रणनीतिक समीक्षा एवं योजना बैठक में बीएसएनएल के वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के परिणामों की समीक्षा की

प्रविष्टि तिथि: 13 JUL 2026 8:40PM by PIB Delhi

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आज आयोजित रणनीतिक समीक्षा और योजना बैठक (एसआरपीएम) में भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के तिमाही परिणामों की समीक्षा की गई। इस बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने की। बैठक में संचार एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. चंद्र शेखर पेम्मासानी, सचिव (दूरसंचार) श्री अमित अग्रवाल, दूरसंचार विभाग (डीओटी) के वरिष्ठ अधिकारी, बीएसएनएल के सीएमडी श्री ए. रॉबर्ट जे. रवि, बीएसएनएल बोर्ड के सदस्य और देशभर से आए मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) शामिल हुए।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image001GJE2.jpg

बैठक में बीएसएनएल के वित्तीय प्रदर्शन और परिचालन मानकों दोनों की समीक्षा की गई। मंत्री श्री सिंधिया ने इस बात पर जोर दिया कि कैसे बीएसएनएल ने चालू वित्त वर्ष की एक मजबूत शुरुआत की है।

बीएसएनएल के 3 मुख्य व्यावसायिक क्षेत्र—एंटरप्राइज बिजनेस, कंज्यूमर मोबिलिटी और कंज्यूमर फिक्स्ड एक्सेस (सीएफए)—कंपनी की वृद्धि को गति देना जारी रखे हुए हैं। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही  के दौरान, पिछले वर्ष की पहली तिमाही की तुलना में अनंतिम  आंकड़ों के अनुसार, बीएसएनएल परिचालन राजस्व में दोहरे अंकों की वृद्धि दर्ज करने की ओर अग्रसर है, जो सालाना आधार पर एक मजबूत बढ़त को दर्शाता है। ये आंकड़े विशुद्ध रूप से व्यावसायिक परिचालनों से उत्पन्न राजस्व को दर्शाते हैं और इसमें अन्य आय शामिल नहीं है।

एंटरप्राइज बिजनेस सेगमेंट शानदार 19% की अनंतिम  वृद्धि के साथ सबसे मजबूत ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है। छत्तीसगढ़, राजस्थान, महाराष्ट्र और असम सर्किलों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, जो केंद्रित होकर काम करने की अपार क्षमता को दर्शाता है।

कंज्यूमर मोबिलिटी  बिजनेस ने भी उत्साहजनक परिणाम दिए हैं। इसके राजस्व में सालाना आधार पर अनंतिम रूप से 8% की वृद्धि हुई है। झारखंड, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड सहित कई सर्किलों ने अपने तिमाही लक्ष्यों को काफी पीछे छोड़ दिया है।

कंज्यूमर फिक्स्ड एक्सेस (सीएफए) बिजनेस ने स्थिर राजस्व के साथ अपने प्रदर्शन को काफी हद तक बनाए रखा है, जबकि इसके सब्सक्राइबर्स की संख्या में मामूली सकारात्मक वृद्धि देखी गई है। जम्मू और कश्मीर, झारखंड, उत्तर प्रदेश (पश्चिम) और कर्नाटक सर्किलों द्वारा मजबूत प्रदर्शन दर्ज किया गया है।

हालांकि वित्तीय प्रदर्शन उत्साहजनक है, लेकिन सेवा की गुणवत्ता (क्यूओएस) में सुधार पर भी समान रूप से जोर दिया गया है। इस समीक्षा में नेटवर्क की उपलब्धता, ग्राहक अनुभव को बेहतर बनाने और देश भर में कंसिस्टेंट सर्विस डिलीवरी सुनिश्चित करने जैसे केपीआई पर व्यापक रूप से ध्यान केंद्रित किया गया। बीएसएनएल की दीर्घकालिक विकास रणनीति के लिए परिचालन प्रदर्शन में निरंतर सुधार बेहद महत्वपूर्ण बना हुआ है।

आज की समीक्षा की प्रमुख विशेषताओं में से एक छह सर्किल प्रमुखों पंजाब, हरियाणा, केरल, झारखंड, राजस्थान और ओडिशा को सम्मानित करना था, जिन्होंने पहली तिमाही के दौरान असाधारण परिणाम दिए हैं। संबंधित सर्किल के प्रत्येक सीजीएम को उन पहलों और सर्वोत्तम तौर-तरीकों को साझा करने के लिए आमंत्रित किया गया था, जिन्होंने उनकी सफलता को संभव बनाया, ताकि इन सीखों को पूरे संगठन में लागू किया जा सके। केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने इस बात पर जोर दिया कि इस तरह के नॉलेज-शेयरिंग से उत्कृष्टता और सहयोगात्मक सीखने की संस्कृति बनाने में मदद मिलेगी।

पहली तिमाही ने आगामी वर्ष के लिए एक मजबूत आधार प्रदान किया है। बीएसएनएल का उद्देश्य अब परिचालन दक्षता और ग्राहक संतुष्टि में मापने योग्य सुधार लाने के साथ-साथ विकास की इस गति को बनाए रखना है। बीएसएनएल अपनी परिवर्तन यात्रा को तेज करने और भारत के विश्वसनीय दूरसंचार सेवा प्रदाता के रूप में अपनी स्थिति को मजबूत करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

 

 

***

पीके/केसी/एसके


(रिलीज़ आईडी: 2284347) आगंतुक पटल : 77
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Bengali